पात्र मतदाताओं के नाम न हटें, पंचायतवार कैंप के लिए कांग्रेस ने उठाई आवाज
जरमुडी बीडीओ को ज्ञापन सौंपते प्रखंड कांग्रेस अध्यक्ष व अन्य | Prabhat Khabar Network
जरमुडी प्रखंड कांग्रेस कमिटी ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण को आसान बनाने के लिए सभी पंचायतों में विशेष कैंप आयोजित कराने की मांग की है. दूरदराज के मतदाताओं, बुजुर्गों, महिलाओं और दिव्यांगजनों को होने वाली परेशानी को देखते हुए यह कदम उठाया गया है. कांग्रेस का आग्रह है कि किसी भी पात्र मतदाता का नाम सूची से न हटाया जाए.
बासुकिनाथ : जरमुंडी प्रखंड कांग्रेस कमिटी ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण की प्रक्रिया को सुगम बनाने के लिए प्रखंड की सभी पंचायतों में पंचायतवार विशेष कैंप आयोजित कराने की मांग की है. इस संबंध में प्रखंड कांग्रेस अध्यक्ष सत्यानारायण यादव के नेतृत्व में प्रखंड निर्वाचन पदाधिकारी सह बीडीओ कुंदन भगत को ज्ञापन सौंपा गया.

ग्रामीण मतदाताओं को मिले जरूरी जानकारी
कांग्रेस कमिटी ने कहा कि एसआइआर की प्रक्रिया के दौरान ग्रामीण मतदाताओं को आवश्यक दस्तावेज, दावा-आपत्ति और नाम में सुधार सहित अन्य प्रक्रियाओं की स्पष्ट जानकारी और सहयोग मिलना जरूरी है.
दूरदराज के मतदाताओं को होगी सहूलियत
ज्ञापन में कहा गया है कि प्रखंड के दूरदराज ग्रामीण इलाकों में रहने वाले बुजुर्गों, महिलाओं, दिव्यांगजनों समेत अन्य मतदाताओं के लिए निर्वाचन संबंधी प्रक्रिया पूरी करने के लिए बार-बार कार्यालय तक पहुंचना परेशानी का कारण बन सकता है. ऐसे में पंचायत स्तर पर विशेष कैंप आयोजित होने से मतदाताओं को काफी सहूलियत मिलेगी और अधिक से अधिक पात्र मतदाता पुनरीक्षण प्रक्रिया में शामिल हो सकेंगे.
बीएलओ और निर्वाचन कर्मियों की मौजूदगी की मांग
कांग्रेस कमिटी ने प्रत्येक पंचायत में विशेष कैंप लगाने के साथ कैंप में संबंधित बीएलओ और निर्वाचन कर्मियों की उपस्थिति सुनिश्चित करने की मांग की है. कैंप की तिथि, समय और स्थान की सूचना पंचायत एवं गांव स्तर तक पहले से व्यापक रूप से प्रचारित करने, मतदाताओं को दावा, आपत्ति, सुधार और आवश्यक दस्तावेजों की जानकारी देने तथा बुजुर्ग, महिला और दिव्यांग मतदाताओं के लिए विशेष सहायता उपलब्ध कराने की मांग की गई है.
किसी भी पात्र मतदाता का नाम न हटे
कांग्रेस कमिटी ने कहा कि एसआइआर के दौरान किसी भी पात्र मतदाता का नाम उचित प्रक्रिया का पालन किए बिना मतदाता सूची से नहीं हटाया जाए. कांग्रेस ने मताधिकार की सुरक्षा और निर्वाचन प्रक्रिया की पारदर्शिता के लिए मांगों पर शीघ्र कार्रवाई का आग्रह किया है.
कांग्रेस के कई कार्यकर्ता रहे मौजूद
मौके पर प्रखंड कांग्रेस उपाध्यक्ष प्रकाश यादव, महासचिव इम्तियाज अंसारी, भवेश यादव, मुकेश यादव, अजय बैद्य, संजीव यादव सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद थे.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए