भादो मेले के पहले दिन बासुकिनाथ में आस्था का सैलाब : उमड़ी कांवरियों की भीड़

Updated:
विज्ञापन

बासुकिनाथ मंदिर में कतारबद्ध कांवरिया एवं भक्तों की भीड़ | Prabhat Khabar Network

बासुकिनाथ में भादो मेले का भव्य शुभारंभ. हजारों कांवरिये और श्रद्धालु बाबा फौजदारीनाथ के दरबार में, परिवार की सुख-समृद्धि की कामना. सावन जैसा उत्साह.

विज्ञापन

बासुकिनाथ: सावन मास के समापन के बाद भाद्रपद कृष्ण पक्ष की प्रतिपदा तिथि शनिवार से बासुकिनाथ में भादो मेला शुरू हो गया. मेला के प्रथम दिन बाबा फौजदारीनाथ के दरबार में कांवरियों और श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी. सुल्तानगंज की उत्तरवाहिनी गंगा से जल उठाकर हजारों महिला-पुरुष श्रद्धालु बासुकिनाथ पहुंचे और बाबा फौजदारीनाथ की स्पर्श पूजा कर परिवार के सुख, शांति और समृद्धि की कामना की.

आपके शहर में

विज्ञापन

सावन मेले जैसा दिखा उत्साह

भादो मेला के पहले दिन श्रद्धालुओं में सावन मेले जैसा ही उत्साह और उमंग देखने को मिला. कांवरियों की लंबी कतार संस्कार मंडप से होते हुए क्यू कॉम्प्लेक्स और शिवगंगा कांवरिया शेड तक पहुंची हुई थी. कतार में लगे महिला-पुरुष शिवभक्तों को बारी-बारी से पुलिस व्यवस्था के तहत मंदिर गर्भगृह में प्रवेश कराया गया, जहां श्रद्धालुओं ने बाबा फौजदारीनाथ का जलाभिषेक और स्पर्श पूजा की.

बोल बम के जयघोष से गूंजा मंदिर परिसर

बाबा के जलार्पण के बाद श्रद्धालुओं ने मंदिर परिसर में आरती की. वहीं, बड़ी संख्या में कांवरियों ने पवित्र शिवगंगा में डुबकी लगाकर स्वयं को शुद्ध किया और इसके बाद बाबा भोलेनाथ की पूजा-अर्चना की. पूरे मंदिर परिसर में बोल बम और हर-हर महादेव के जयघोष से भक्तिमय वातावरण बना रहा.

सुरक्षा के लिए दंडाधिकारी और पुलिस बल तैनात

भादो मेला को लेकर प्रशासन की ओर से सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत रखा गया है. उपायुक्त अभिजीत सिन्हा के निर्देश पर मेला क्षेत्र में दंडाधिकारी और पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की गयी है. मंदिर के निकास गेट सहित प्रमुख स्थानों पर अधिकारी तैनात रहकर मंदिर और मेला क्षेत्र की गतिविधियों पर नजर रख रहे हैं. श्रद्धालुओं को भादो मास में भी सुगमतापूर्वक कतारबद्ध होकर गर्भगृह में जलार्पण कराने को लेकर अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिये गये हैं.

300 रुपये में मिलेगा शीघ्रदर्शनम का टोकन

भादो मेला में मंदिर कार्यालय से श्रद्धालुओं को 300 रुपये में शीघ्रदर्शनम का टोकन उपलब्ध कराया जा रहा है. टोकन लेकर कांवरिया शीघ्रदर्शनम की सुविधा का लाभ उठा रहे हैं. सावन मास में मंदिर प्रबंधन की ओर से शीघ्रदर्शनम टोकन की दर 500 रुपये निर्धारित की गयी थी. भादो मास में इसकी दर घटाकर 300 रुपये कर दी गयी है.

साफ-सफाई पर विशेष जोर

नगर पंचायत प्रशासक सार्जेंट मरांडी ने बताया कि भादो मेला में भी पूरे मेला क्षेत्र में साफ-सफाई की व्यापक व्यवस्था बनी रहेगी. सभी कर्मियों को नियमित रूप से सफाई सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक निर्देश दिये गये हैं. मंदिर प्रभारी सह सीओ संजय कुमार, बीडीओ कुंदन भगत, जरमुंडी एसडीपीओ नवल किशोर सिंह और पुलिस निरीक्षक दयानंद साह मेला क्षेत्र की गतिविधियों पर लगातार नजर बनाये हुए हैं.



विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola