बोल बम के जयघोष से गूंजा बासुकिनाथ धाम, 50 हजार श्रद्धालुओं ने किया बाबा फौजदारीनाथ का जलाभिषेक
बासुकिनाथ में श्रद्धालुओं की भीड़ | Prabhat Khabar Network
भाद्रपद माह की दशमी पर बासुकिनाथ धाम में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा. करीब 50 हजार श्रद्धालुओं ने बाबा फौजदारीनाथ का जलाभिषेक किया और सुख-शांति की कामना की. बोल बम के जयघोष से पूरा धाम गूंज उठा.
प्रतिनिधि, बासुकिनाथ : भाद्रपद मास के शुक्ल पक्ष की दशमी तिथि पर सोमवार को बासुकिनाथ धाम एक बार फिर आस्था के रंग में रंगा नजर आया. अहले सुबह से ही बाबा फौजदारीनाथ के दर्शन और जलाभिषेक के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ने लगी. सरकारी पूजा संपन्न होने के बाद करीब चार बजे गर्भगृह में आम श्रद्धालुओं के जलार्पण का सिलसिला शुरू हुआ, जो दिनभर जारी रहा. करीब 50 हजार श्रद्धालुओं ने बाबा के शिवलिंग पर गंगाजल अर्पित कर सुख-शांति, समृद्धि और मंगलकामना की.

कांवरियों से पटा रहा मेला क्षेत्र
उत्तरवाहिणी गंगाजी से कांवर में जल लेकर पहुंचे कांवरियों से बासुकिनाथ की सड़कें और मेला क्षेत्र पटा रहा. शिवगंगा में स्नान करने के बाद कांवरिये हाथों में गंगाजल और जुबान पर बाबा का नाम लेकर मंदिर की ओर बढ़ते रहे. बोल बम और हर-हर महादेव के जयघोष से पूरा धाम गूंजता रहा.
कांवरियों की कतार संस्कार मंडप, फलाहारी धर्मशाला और क्यू कॉम्पलेक्स होते हुए शिवगंगा पीड़ तक पहुंच गयी. भीड़ के बावजूद सुरक्षा व्यवस्था के बीच श्रद्धालुओं को कतारबद्ध तरीके से गर्भगृह तक पहुंचाकर जलार्पण कराया गया.

षोडशोपचार विधि से हुई पूजा
बाबा के दरबार में पहुंचने वाले श्रद्धालुओं ने गंगाजल के साथ धतूरा, भांग, बेलपत्र, अक्षत, फूल, फल, शहद, दूध और दही अर्पित किया. कई श्रद्धालुओं ने वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच पुरोहितों से षोडशोपचार विधि से बाबा फौजदारीनाथ की पूजा करायी. मंदिर प्रांगण में विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान भी संपन्न हुए. स्पर्श पूजा कर श्रद्धालुओं ने बाबा भोलेनाथ का आशीर्वाद लिया.
शीघ्रदर्शनम से भी पहुंचे श्रद्धालु
भीड़ के बीच श्रद्धालुओं को सुगम दर्शन कराने के लिए शीघ्रदर्शनम की व्यवस्था भी जारी रही. इसके तहत 300 रुपये का टोकन लेकर श्रद्धालुओं ने अपेक्षाकृत कम समय में बाबा का दर्शन और जलाभिषेक किया. मंदिर परिसर से लेकर शिवगंगा घाट और मेला क्षेत्र तक दिनभर श्रद्धालुओं की आवाजाही बनी रही.
सुरक्षा व्यवस्था रही मुस्तैद
श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए मंदिर और मेला क्षेत्र में अधिकारियों के साथ पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति बनी हुई है. सुरक्षाकर्मी लगातार कांवरियों की कतार को नियंत्रित करते रहे. प्रशासनिक निगरानी और व्यवस्थित कतार व्यवस्था के बीच देर शाम तक बाबा के दरबार में जलार्पण का सिलसिला चलता रहा.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए