लोटा-पानी की रस्म से सजी विदाई, यादों में डूबे विद्यार्थी; शिक्षकों ने कहा- सीखते रहना ही सफलता की राह

Updated:
विज्ञापन

एसकेएमयू वाणिज्य विभाग में विदाई समारोह में छात्र-छात्राएं एवं शिक्षकगण. | Prabhat Khabar Network

WhatsApp चैनल से जुड़ेंगूगल पर प्रभात खबर चुनें

सिदो कान्हू मुर्मू विश्वविद्यालय के स्नातकोत्तर वाणिज्य विभाग में 2024-26 सत्र के छात्रों के लिए विदाई समारोह का आयोजन किया गया. इस अवसर पर विद्यार्थियों ने अपने अनुभव और शिक्षकों के मार्गदर्शन में सीखी बातों को साझा किया.

विज्ञापन

दुमका : सिदो कान्हू मुर्मू विश्वविद्यालय के स्नातकोत्तर वाणिज्य विभाग में सोमवार को सत्र 2024-26 के छात्र-छात्राओं के सम्मान में विदाई समारोह आयोजित किया गया. कार्यक्रम में विभाग के शिक्षक और बड़ी संख्या में विद्यार्थी शामिल हुए. समारोह की शुरुआत पारंपरिक ‘लोटा-पानी’ की रस्म के साथ हुई. इसके बाद विद्यार्थियों और शिक्षकों का स्वागत किया गया. सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, मनोरंजक खेल और विभिन्न गतिविधियों के बीच कार्यक्रम में उमंग और उत्साह का माहौल रहा. वहीं शिक्षकों के संबोधन ने विद्यार्थियों को भावुक कर दिया.

विज्ञापन

जीवन में सीखते रहना जरूरी : डॉ दीपक

विभागाध्यक्ष डॉ दीपक कुमार दास ने विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि विश्वविद्यालय और विभाग में बिताया समय अब उनकी यादों का हिस्सा बनने जा रहा है. विद्यार्थियों के जीवन में अब एक नया अध्याय शुरू होगा, जहां उन्हें कक्षा और किताबों से बाहर निकलकर जीवन की वास्तविक चुनौतियों का सामना करना होगा. उन्होंने कहा कि ज्ञान प्राप्त करने की कोई अंतिम सीमा नहीं है. विद्यार्थियों को हमेशा सीखते रहना चाहिए.

उन्होंने विद्यार्थियों से माता-पिता और शिक्षकों का सम्मान करने तथा छोटों के प्रति स्नेह और सहयोग का भाव रखने की अपील की. कहा कि जीवन में केवल सफल होना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि अच्छा और जिम्मेदार इंसान बनना भी उतना ही महत्वपूर्ण है. उन्होंने भरोसा दिलाया कि विभाग की शुभकामनाएं हमेशा विद्यार्थियों के साथ रहेंगी.

असफलता से सीख लेकर आगे बढ़ें : डॉ बिनोद

शिक्षक डॉ बिनोद मुर्मू ने कहा कि जीवन में आने वाली असफलताओं से घबराने की जरूरत नहीं है. असफलताओं से सीख लेकर निरंतर प्रयास करते रहना चाहिए. कठिन परिश्रम, लगन और लक्ष्य के प्रति समर्पण सफलता की कुंजी है. उन्होंने विद्यार्थियों को सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने की सलाह दी.

डॉ ज्ञान चंद, टीपू कुमार और अमृत होरो ने भी विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की. शिक्षकों ने कहा कि आगे की राह में कई चुनौतियां आएंगी, लेकिन आत्मविश्वास, सकारात्मक सोच और मेहनत के बल पर उनका सामना किया जा सकता है.

विद्यार्थियों ने साझा कीं यादें

समारोह में विद्यार्थियों ने भी अपने अनुभव साझा किये. उन्होंने विभाग में बिताये समय, शिक्षकों के मार्गदर्शन और सहपाठियों के साथ जुड़ी यादों को साझा करते हुए विश्वविद्यालय एवं शिक्षकों के प्रति आभार जताया. सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और मनोरंजक गतिविधियों में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया.

विदाई में दिखा उत्साह और भावुकता

समारोह में अन्नू, लीना, रोहित, सपना, संध्या, फिजा अफरीदी, रोजलीन, डेविड, रामलाल, अल्फ्रेड, दिनेश, राजू, जनार्दन, सौरव, ओजमा, प्राची, काजल, अंशु, शर्फा, नंदकिशोर, प्रशांत, श्रेया, इशिता, मनीष, मसीलाल, जुलियाना, प्रियंका और अजय समेत कई विद्यार्थियों की सक्रिय सहभागिता रही.

विदाई समारोह के दौरान विद्यार्थियों में जहां भविष्य को लेकर उत्साह दिखा, वहीं विभाग से विदा होने की भावुकता भी नजर आयी. शिक्षकों ने विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके सफल और उज्ज्वल भविष्य की कामना की.

आपके शहर में

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola