धांगी पहाड़ी हत्याकांड का खुलासा, प्रेम विवाह बना हत्या की वजह; चार आरोपी गिरफ्तार
प्रेस वार्ता करते सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव
बलियापुर के धांगी पहाड़ी में सिर कटी युवती का शव मिलने के रहस्य से पर्दा उठ गया है. पुलिस ने प्रेम विवाह से नाराज मुख्य आरोपी समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपियों ने पूछताछ में अपना जुर्म कबूल कर लिया है.
बलियापुर थानांतर्गत धांगी पहाड़ी स्थित तलहटी के पास सिर कटी युवती का शव मिलने के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है. सोमवार को बैंक मोड़ आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव ने बताया कि मामले के अनुसंधान में गठित विशेष टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है.
युवती का सिर कटा शव 11 सितंबर को मिला था
पुलिस के अनुसार 11 सितंबर को धांगी पहाड़ी के समीप एक युवती का सिर कटा शव बरामद हुआ था. बाद में मृतका की पहचान गिरिडीह जिले के बेंगाबाद थानांतर्गत बहादुरपुर निवासी संदीप रवानी की पुत्री के रूप में हुई है. मृतका नौ सितंबर से लापता थी. मामले में बलियापुर थाना कांड सं 155/2026 दर्ज कर जांच शुरू की गयी.
ये भी पढ़ें: जहां खतरे की जतायी थी आशंका, वहीं धंसी जमीन; महेशपुर कोलियरी में ओबी डंपिंग पर बवाल
सीसीटीवी फुटेज व तकनीकी साक्ष्य आये काम
जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज एवं अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने जयराम रवानी, पिता स्व. शीतल रवानी, निवासी डोमनपुर, थाना राजगंज; किशोर महतो, पिता स्व. चक्रधर महतो, निवासी प्रधानखंता, टोला बगानधार, थाना बलियापुर; आलोमनी देवी, पति सुभाष रजवार तथा राम प्रसाद रजवार, पिता स्व. जटल रजवार, दोनों निवासी करमाटांड़, टोला छुपकाटांड़, थाना बलियापुर को गिरफ्तार किया.
मुख्य आरोपी युवती के प्रेम विवाह से नाराज था
एसडीपीओ ने बताया कि अनुसंधान में यह तथ्य सामने आया कि मुख्य आरोपी संतोष रवानी को मृतका का प्रेम विवाह पसंद नहीं था. इसी कारण उसने साजिश रचकर युवती की हत्या कर दी और साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से शव को क्षत-विक्षत कर फेंक दिया. गिरफ्तार आरोपियों ने पूछताछ में घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है.
ये भी पढ़ें: कतरास भू-धसान हादसा: तीन मौतों के बाद जागा प्रशासन, बंद खदानों को लेकर उठाए कड़े कदम
आरोपियों की निशानदेही पर कई सामान बरामद
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त बड़ा धारदार चाकू, मृतका की चप्पल तथा पूजा सामग्री भी बरामद की है. मामले में अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी जारी है. प्रेस वार्ता में बलियापुर थाना प्रभारी सहित विशेष जांच दल के अन्य अधिकारी भी मौजूद थे.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए