SNMMCH Dhanbad: आरबीएसके के तहत 3 बच्चों को मिली नई जिंदगी, जानें कैसे हुआ नि:शुल्क क्लब फुट का सफल ऑपरेशन
ऑपरेशन के बाद स्वस्थ कर्मी के साथ बच्चे व परिजन
धनबाद में राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम (आरबीएसके) के तहत क्लब फुट से पीड़ित तीन बच्चों का सफल ऑपरेशन किया गया है. जिला प्रशासन की इस पहल से बच्चों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिलीं. एसएनएमएमसीएच में विशेषज्ञ चिकित्सकों की देखरेख में यह संभव हुआ.
धनबाद. राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम (आरबीएसके) के तहत क्लब फुट से पीड़ित तीन बच्चों का शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (एसएनएमएमसीएच) में सफल ऑपरेशन किया गया है. जिला प्रशासन ने इसे बच्चों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया है. उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आदित्य रंजन के निर्देश पर संचालित विशेष स्वास्थ्य अभियान के तहत इन बच्चों की पहचान कर उन्हें विशेषज्ञ चिकित्सा सुविधा उपलब्ध करायी गयी.
जिला प्रशासन के अनुसार, क्लब फुट से प्रभावित बच्चों को आरबीएसके के माध्यम से चिन्हित किया गया था. आवश्यक चिकित्सकीय जांच के बाद एसएनएमएमसीएच में विशेषज्ञ चिकित्सकों की देखरेख में उनकी सर्जरी की गयी. अस्पताल प्रबंधन और चिकित्सा टीम की निगरानी में तीनों बच्चों का ऑपरेशन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ.
आरबीएसके के तहत मिल रही विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाएं
उपायुक्त आदित्य रंजन ने कहा कि राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों में जन्मजात तथा अन्य स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की समय पर पहचान कर उनका समुचित उपचार सुनिश्चित करना है. इसी लक्ष्य के तहत जिले में चिन्हित बच्चों को विशेषज्ञ चिकित्सकीय परामर्श, जांच, उपचार और आवश्यकता पड़ने पर सर्जरी की सुविधा उपलब्ध करायी जा रही है.
उन्होंने बताया कि गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रहे बच्चों को समय पर उपचार उपलब्ध कराकर उन्हें सामान्य और स्वस्थ जीवन की ओर अग्रसर करने का प्रयास किया जा रहा है. इसके लिए स्वास्थ्य विभाग और संबंधित चिकित्सा संस्थानों के बीच समन्वय के साथ कार्य किया जा रहा है.
समय पर पहचान और उपचार पर जोर
स्वास्थ्य विशेषज्ञों के अनुसार, क्लब फुट एक जन्मजात विकृति है, जिसमें बच्चे के पैर की संरचना सामान्य स्थिति से अलग होती है. समय पर पहचान और उपचार से इस समस्या का प्रभावी समाधान संभव है. ऐसे मामलों में विशेषज्ञ परामर्श और आवश्यक सर्जरी बच्चों के भविष्य को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है.
बच्चों के स्वास्थ्य सुधार की दिशा में पहल
जिला प्रशासन ने कहा कि आरबीएसके के तहत जिले में बच्चों की नियमित स्वास्थ्य जांच कर विभिन्न स्वास्थ्य समस्याओं की पहचान की जा रही है. चिन्हित बच्चों को उनकी आवश्यकता के अनुसार उपचार उपलब्ध कराया जा रहा है. प्रशासन को उम्मीद है कि इस तरह की पहल से अधिक से अधिक बच्चों को समय पर चिकित्सा सुविधा मिल सकेगी और उनका जीवन स्तर बेहतर होगा.
ये भी पढ़ें: धनबाद से गया होकर बिहार भेजने की थी तैयारी, RPF ने ऐसे नाकाम किया तस्करी का प्लान
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए