SNMMCH में ब्लड बैंक-दंत विभाग के उपकरणों की खरीद फिर लटकी, छह माह तक बढ़ सकता है इंतजार

Updated:
विज्ञापन

SNMMCH

WhatsApp चैनल से जुड़ेंगूगल पर प्रभात खबर चुनें

एसएनएमएमसीएच में ब्लड बैंक और दंत विभाग के लिए जरूरी उपकरणों का टेंडर अंतिम चरण में रद्द कर दिया गया है, जिससे मरीजों की मुश्किलें बढ़ गई हैं.

विज्ञापन

धनबाद. शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (एसएनएमएमसीएच) में मरीजों की सुविधा के लिए जरूरी उपकरणों की खरीद एक बार फिर टेंडर प्रक्रिया में उलझ गयी है. लंबे इंतजार के बाद विभागीय अनुमति मिलने पर ब्लड बैंक और दंत विभाग समेत अन्य जरूरी उपकरणों की खरीद के लिए जारी टेंडर अंतिम चरण में पहुंचने के बाद रद्द कर दिया गया. अस्पताल प्रबंधन ने इसके पीछे कागजी प्रक्रिया पूरी नहीं होने का हवाला दिया है.

विज्ञापन

टेंडर रद्द होने के बाद अब उपकरणों की खरीद के लिए नये सिरे से प्रक्रिया शुरू की जायेगी. नये टेंडर के बाद तकनीकी और वित्तीय प्रक्रिया पूरी करने तथा चयनित एजेंसी से उपकरणों की आपूर्ति में भी समय लगेगा. अस्पताल प्रबंधन के अनुसार पूरी प्रक्रिया में करीब छह माह तक का समय लग सकता है. ऐसे में लंबे समय से इन उपकरणों का इंतजार कर रहे मरीजों को अभी और इंतजार करना पड़ सकता है.

ब्लड बैंक से दंत विभाग तक खरीदे जाने थे उपकरण

विभागीय अनुमति मिलने के बाद अस्पताल प्रबंधन ने जरूरी उपकरणों की खरीद के लिए टेंडर जारी किया था. इसमें ब्लड बैंक के लिए नयी रेफ्रिजरेटेड सेंट्रीफ्यूज मशीन, प्लेटलेट एजिटेटर और इनक्यूबेटर शामिल थे. इसके अलावा दंत विभाग के लिए डेंटल चेयर समेत अन्य उपकरणों की खरीद की जानी थी.

ये भी पढ़ें: धनबाद में बैंक हड़ताल का व्यापक असर, 341 शाखाओं में लटके ताले; 200 करोड़ का कारोबार प्रभावित

इन उपकरणों की उपलब्धता से ब्लड बैंक और दंत विभाग की सुविधाओं को बेहतर करने में मदद मिलती. लेकिन टेंडर प्रक्रिया रद्द होने के बाद फिलहाल इनकी खरीद अटक गयी है.

अंतिम चरण में पहुंचकर रद्द हुआ टेंडर

अस्पताल प्रबंधन की ओर से उपकरण खरीद की प्रक्रिया आगे बढ़ायी गयी थी. टेंडर जारी होने के बाद प्रक्रिया अंतिम चरण तक पहुंची, लेकिन कागजी प्रक्रिया पूरी नहीं होने के कारण इसे रद्द करना पड़ा.

अब नये सिरे से टेंडर जारी किया जायेगा. इसके बाद तकनीकी जांच, वित्तीय प्रक्रिया और चयनित एजेंसी से उपकरणों की आपूर्ति की प्रक्रिया पूरी होगी. इन सभी प्रक्रियाओं में कई महीने लगने की संभावना है.

छह माह तक बढ़ सकता है इंतजार

अस्पताल प्रबंधन के अनुसार नये सिरे से टेंडर जारी करने से लेकर उपकरणों की आपूर्ति तक पूरी प्रक्रिया में करीब छह माह का समय लग सकता है. यानी जिन सुविधाओं के लिए लंबे समय से इंतजार किया जा रहा था, उनके लिए मरीजों और अस्पताल को अब और प्रतीक्षा करनी पड़ सकती है.

ये भी पढ़ें: SNMMCH के डॉक्टरों ने की जटिल ईएनटी सर्जरी, तालू का छेद ठीक कर निकाले इंप्लांट

एसएनएमएमसीएच में विशेषज्ञ चिकित्सकों और तकनीकी जानकारी रखने वाले कर्मियों की मौजूदगी के बावजूद टेंडर प्रक्रिया का अंतिम चरण तक पहुंचने के बाद कागजी कमी के कारण रद्द होना अस्पताल प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़ा कर रहा है. मरीजों के हित में जरूरी उपकरणों की खरीद में बार-बार हो रही देरी से अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाओं पर भी असर पड़ सकता है.

आपके शहर में

विज्ञापन
Tags

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola