SNMMCH में पीजी की 19 सीटें बढ़ाकर 44 करने की तैयारी, एनएमसी जांच में मिलीं कमियां

Updated:
विज्ञापन

एसएनएमएमसीएच का मेडिकल कॉलेज भवन

WhatsApp चैनल से जुड़ेंगूगल पर प्रभात खबर चुनें

शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज में पीजी सीटों की संख्या 19 से बढ़ाकर 44 करने के प्रस्ताव पर नेशनल मेडिकल कमीशन (NMC) ने ऑनलाइन निरीक्षण किया. निरीक्षण में कुछ कमियां मिलने पर कॉलेज प्रबंधन अब उन्हें दूर करने की तैयारी में है.

विज्ञापन

धनबाद. शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (एसएनएमएमसीएच) में पीजी की सीटें बढ़ाने की प्रक्रिया के बीच नेशनल मेडिकल कमीशन (एनएमसी) ने बुधवार को एआई टूल के माध्यम से ऑनलाइन निरीक्षण किया. इस दौरान मेडिकल कॉलेज प्रबंधन की ओर से पीजी सीट बढ़ाने के लिए किये गये दावों और उपलब्ध सुविधाओं की पड़ताल की गयी. निरीक्षण के दौरान कुछ दावों और उपलब्ध सुविधाओं में कमियां सामने आने की बात कही गयी है. अब कॉलेज प्रबंधन इन कमियों को दूर कर अनुपालन रिपोर्ट एनएमसी को भेजने की तैयारी में है.

विज्ञापन

कमियां दूर कर भेजी जायेगी रिपोर्ट

ऑनलाइन निरीक्षण के दौरान सामने आयी कमियों को दूर करने के बाद कॉलेज प्रबंधन एनएमसी को इसकी रिपोर्ट भेजेगा. इसके बाद आयोग की ओर से दोबारा ऑनलाइन जांच की जा सकती है. यदि ऑनलाइन जांच में भी कॉलेज की ओर से उपलब्ध करायी गयी सुविधाओं और दावों से एनएमसी संतुष्ट नहीं होता है, तो आयोग की टीम एसएनएमएमसीएच पहुंचकर भौतिक निरीक्षण कर सकती है. ऐसे में पीजी सीटों में वृद्धि का अंतिम निर्णय निर्धारित मानकों की पूर्ति पर निर्भर करेगा.

चार विषयों में अभी 19 पीजी सीट

एसएनएमएमसीएच में वर्तमान में चार विषयों में कुल 19 पीजी सीटें स्वीकृत हैं. इनमें सर्जरी की चार, ऑर्थोपेडिक्स की तीन, गायनी की चार और मेडिसिन की छह सीट शामिल हैं. कॉलेज प्रबंधन ने इन विभागों में पीजी सीटों की संख्या बढ़ाने के लिए एनएमसी के समक्ष प्रस्ताव प्रस्तुत किया है.

ये भी पढ़ें: हरहरी जंगल में महिला का कंकाल बरामद, पहचान और मौत के कारणों की जांच में जुटी पुलिस

मौजूदा विभागों में सीट बढ़ाने का प्रस्ताव

कॉलेज प्रबंधन की ओर से दिये गये प्रस्ताव में मौजूदा पीजी विभागों में कुल नौ अतिरिक्त सीटों की मांग की गयी है. इसमें ऑर्थोपेडिक्स में तीन और गायनी में दो सीट बढ़ाने का प्रस्ताव शामिल है. इसके अलावा अन्य मौजूदा पीजी विषयों में भी अतिरिक्त सीटों के लिए आवेदन किया गया है.

चार नये विभागों में पीजी शुरू करने की मांग

मौजूदा विभागों में सीट बढ़ाने के साथ एसएनएमएमसीएच ने चार नये विभागों में पीजी पाठ्यक्रम शुरू करने का प्रस्ताव भी एनएमसी को भेजा है. एनेस्थीसिया में पांच, नेत्र रोग विभाग में दो, पैथोलॉजी में चार और पेडियाट्रिक विभाग में पांच पीजी सीटों की मांग की गयी है.

मंजूरी मिली तो 25 सीटों का होगा इजाफा

प्रस्तावित सीटों को मंजूरी मिलने पर मेडिकल कॉलेज में पीजी सीटों की कुल संख्या 19 से बढ़कर 44 हो जायेगी. यानी वर्तमान क्षमता की तुलना में 25 सीटों का इजाफा होगा. इससे पीजी स्तर पर विशेषज्ञ चिकित्सकों के प्रशिक्षण के अवसर बढ़ने की उम्मीद है. साथ ही संबंधित विभागों में विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाओं को भी मजबूती मिलने की संभावना है.

हालांकि, सीट वृद्धि को लेकर अभी अंतिम मंजूरी नहीं मिली है. एनएमसी के निरीक्षण, कॉलेज की ओर से उपलब्ध करायी गयी सुविधाओं और निर्धारित मानकों की पूर्ति के आधार पर ही सीटों में वृद्धि पर अंतिम फैसला होगा.

ये भी पढ़ें: SNMMCH में फेको मशीन की खरीदारी का टेंडर रद्द, मोतियाबिंद मरीजों को करना होगा और इंतजार

आपके शहर में

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola