गैंगस्टर प्रिंस खान के घर पर चला बुलडोजर, सांसद और विधायक के आरोपों से गरमाई सियासत

Updated:
विज्ञापन
गैंगस्टर प्रिंस खान के घर पर चला बुलडोजर, सांसद और विधायक के आरोपों से गरमाई सियासत

Dhanbad News: वासेपुर में गैंगस्टर प्रिंस खान के घर पर कोर्ट के आदेश से बुलडोजर चला. इसके बाद सांसद ढुलू महतो और विधायक अरूप चटर्जी के आरोप-प्रत्यारोप से सियासत गरमा गई. विधायक से सांसद पर प्रिंस खान से मिले होने का आरोप लगाया है. पूरी खबर नीचे पढ़ें…

विज्ञापन

Dhanbad News: धनबाद में भगोड़े गैंगस्टर प्रिंस खान के खिलाफ पुलिस की बड़ी कार्रवाई के साथ ही राजनीति भी तेज हो गई है. शनिवार को न्यायालय के आदेश पर वासेपुर के कमर मकदूमी स्थित प्रिंस खान के घर पर बुलडोजर चलाकर उसे ध्वस्त कर दिया गया. इस कार्रवाई के बीच धनबाद के सांसद ढुलू महतो और निरसा विधायक अरूप चटर्जी आमने-सामने आ गए. दोनों नेताओं ने एक-दूसरे पर गंभीर आरोप लगाए हैं. सांसद ने खुद को गैंगस्टर की धमकियों का शिकार बताया, जबकि विधायक ने सांसद और प्रिंस खान के बीच कथित संबंधों की जांच की मांग करते हुए एफआईआर दर्ज कराई है.

भारी सुरक्षा के बीच हुई कार्रवाई

शनिवार सुबह वासेपुर इलाके में भारी पुलिस बल की मौजूदगी में प्रिंस खान के घर पर बुलडोजर कार्रवाई की गई. एसएसपी प्रभात कुमार के निर्देश पर चले अभियान में डीएसपी (लॉ एंड ऑर्डर) प्रकाश सोय, सीसीआर डीएसपी ऋत्विक श्रीवास्तव समेत तीन डीएसपी और छह थानों की पुलिस तैनात रही. पूरे इलाके को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया था. कार्रवाई के दौरान सुरक्षा कारणों से मीडिया को निर्धारित दूरी पर रखा गया. पूरे अभियान की वीडियोग्राफी कराई गई और भवन को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया गया.

पुलिस बोली- कोर्ट के आदेश पर हुई कार्रवाई

डीएसपी प्रकाश सोय ने बताया कि न्यायालय ने प्रिंस खान के मकान की कुर्की-जब्ती का आदेश दिया था. उसी आदेश का अनुपालन करते हुए शनिवार को कार्रवाई की गई. उन्होंने कहा कि लगातार कुर्की-जब्ती की प्रक्रिया के कारण भवन काफी जर्जर हो चुका था, इसलिए लोगों की सुरक्षा को देखते हुए उसे बुलडोजर से गिराया गया. पुलिस ने स्पष्ट किया कि पूरी कार्रवाई न्यायालय के आदेश और कानूनी प्रक्रिया के तहत की गई है.

सांसद ढुलू बोले- मुझे भी मिली जान से मारने की धमकी

कार्रवाई के बाद सर्किट हाउस में आयोजित प्रेसवार्ता में धनबाद सांसद ढुलू महतो ने दावा किया कि उन्हें भी गैंगस्टर प्रिंस खान की ओर से कई बार जान से मारने की धमकी मिल चुकी है. उन्होंने कहा कि एक जुलाई को भी उन्हें धमकी मिली थी और इससे पहले भी कई बार फोन कॉल के माध्यम से धमकियां दी गईं. सांसद के अनुसार दिल्ली जाने के दौरान भी उन्हें धमकी भरा फोन आया था, जबकि शुक्रवार शाम एक विदेशी नंबर से भी कॉल आया. उन्होंने बताया कि इस संबंध में वह पहले ही धनबाद एसएसपी, पार्टी नेतृत्व और केंद्रीय गृह मंत्री को लिखित शिकायत भेज चुके हैं.

ढुलू महतो ने की प्रिंस खान की गिरफ्तारी की मांग

ढुलू महतो ने कहा कि प्रिंस खान को जल्द गिरफ्तार कर जेल भेजा जाना चाहिए. उनका कहना था कि जब सांसद और विधायक तक सुरक्षित नहीं हैं तो आम लोगों की सुरक्षा का अंदाजा लगाया जा सकता है. उन्होंने राज्य सरकार से अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि यदि राज्य सरकार गंभीरता से कार्रवाई करेगी तो केंद्र सरकार भी पूरा सहयोग करेगी. सांसद ने यह भी आरोप लगाया कि कुछ लोग उनके नाम पर राजनीति कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि धनबाद में अपराध नहीं, बल्कि एयरपोर्ट, फ्लाईओवर, पुल-पुलिया और विकास कार्यों पर चर्चा होनी चाहिए. उन्होंने गयापुल-मटकुरिया, गोविंदपुर और निरसा फ्लाईओवर सहित विभिन्न विकास योजनाओं का उल्लेख करते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की.

अरूप चटर्जी ने दर्ज कराई FIR, लगाए गंभीर आरोप

सांसद की प्रेसवार्ता के कुछ ही देर बाद निरसा विधायक अरूप चटर्जी ने भी प्रेस कॉन्फ्रेंस कर सांसद ढुलू महतो और गैंगस्टर प्रिंस खान पर गंभीर आरोप लगाए. उन्होंने बताया कि दोनों के खिलाफ निरसा थाना में एफआईआर दर्ज कराई गई है. विधायक का दावा है कि उन्होंने कुछ दिन पहले सांसद के कथित अवैध कारोबार और प्रिंस खान से कथित संबंधों की जांच की मांग की थी. उनका आरोप है कि इसके बाद उन्हें प्रिंस खान की ओर से धमकी भरा संदेश भेजा गया. अरूप चटर्जी ने कहा कि उन्होंने एफआईआर में उल्लेख किया है कि प्रिंस खान कथित तौर पर सांसद के इशारे पर लोगों को धमकी देकर रंगदारी वसूलता है और उनकी कथित अवैध संपत्तियों की देखरेख करता है. उन्होंने बताया कि शुक्रवार शाम रांची स्थित विधानसभा आवास में रहने के दौरान उन्हें धमकी भरा मैसेज मिला, जिसकी सूचना तत्काल धनबाद एसएसपी और मीडिया को दी गई.

सांसद के दावों पर भी उठाए सवाल

विधायक ने सांसद के धमकी संबंधी दावों पर भी सवाल उठाए. उन्होंने कहा कि यदि ढुलू महतो को एक जुलाई को धमकी मिली थी तो इसकी जानकारी सार्वजनिक रूप से अब तक क्यों नहीं दी गई. उन्होंने कहा कि या तो धमकी का दावा फर्जी है या फिर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए. अरूप चटर्जी ने यह भी दावा किया कि प्रिंस खान भारत में नहीं, बल्कि पाकिस्तान में बैठकर अपना नेटवर्क संचालित कर रहा है. उन्होंने कहा कि उसकी गिरफ्तारी के लिए अंतरराष्ट्रीय एजेंसियों का सहयोग लिया जाना चाहिए. साथ ही उन्होंने मांग की कि गैंगस्टर के पूरे नेटवर्क और उसके कथित संरक्षकों की भी जांच कराई जाए. विधायक ने कहा कि यदि भविष्य में उनके साथ कोई अप्रिय घटना होती है तो इसके लिए सांसद ढुलू महतो और प्रिंस खान जिम्मेदार होंगे. उन्होंने आरोप लगाया कि धनबाद में “मुंबई की तर्ज पर भाई संस्कृति” स्थापित करने की कोशिश की जा रही है.

जांच पर टिकी निगाहें

प्रिंस खान के घर पर हुई बुलडोजर कार्रवाई के बाद अब मामला केवल पुलिस कार्रवाई तक सीमित नहीं रह गया है. सांसद और विधायक के बीच लगे गंभीर आरोपों ने इसे राजनीतिक रंग भी दे दिया है. हालांकि दोनों नेताओं के आरोप उनके व्यक्तिगत दावे हैं और इनकी पुष्टि स्वतंत्र रूप से नहीं हुई है. अब निगाहें पुलिस जांच पर हैं कि धमकी, दर्ज एफआईआर और लगाए गए आरोपों की जांच किस दिशा में आगे बढ़ती है. पुलिस का कहना है कि कानून के दायरे में रहकर प्रिंस खान और उसके नेटवर्क के खिलाफ आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी.

ये भी पढ़ें…

ढुल्लू महतो से विवाद के बीच विधायक अरूप चटर्जी को ‘प्रिंस खान’ की धमकी, कहा- ‘रुपया दो या गोली खाओ’

धनबाद में ई-रिक्शा चालकों में डर और नाराजगी, मोबाइल ऐप से गाड़ियां बंद करने का आरोप

विज्ञापन
अमलेश नंदन सिन्हा

लेखक के बारे में

By अमलेश नंदन सिन्हा

अमलेश नंदन सिन्हा प्रभात खबर डिजिटल में वरिष्ठ पत्रकार के रूप में कार्यरत हैं. इनके पास हिंदी पत्रकारिता में 20 से अधिक वर्षों का अनुभव है. रांची विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई करने के बाद से इन्होंने कई समाचार पत्रों के साथ काम किया. इन्होंने पत्रकारिता की शुरुआत रांची एक्सप्रेस से की, जो अपने समय में झारखंड के विश्वसनीय अखबारों में से एक था. एक दशक से ज्यादा समय से ये डिजिटल के लिए काम कर रहे हैं. झारखंड की खबरों के अलावा, समसामयिक विषयों के बारे में भी लिखने में रुचि रखते हैं. विज्ञान और आधुनिक चिकित्सा के बारे में देखना, पढ़ना और नई जानकारियां प्राप्त करना इन्हें पसंद है.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola