झरिया में इंसानियत शर्मसार! कुत्ते की गंदगी पर महिला निगमकर्मी की पिटाई, सफाई कर्मचारी हड़ताल पर

धनबाद के झरिया में निगम की महिला सफाईकर्मी की पिटाई करता दुकानदार.
Dhanbad News: झारखंड के धनबाद जिले के झरिया में मानवता को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है, जहां कुत्ते की गंदगी को लेकर एक दुकानदार ने महिला निगम सफाईकर्मी की बेरहमी से पिटाई कर दी. घायल महिला ने थाने में एफआईआर दर्ज कराई है. घटना से नाराज सफाई कर्मचारियों ने काम बंद कर हड़ताल शुरू कर दी है. पूरे मामले की जांच जारी है और आरोपी की तलाश की जा रही है. नीचे पूरी खबर पढ़ें.
धनबाद से प्रतीक पोपट की रिपोर्ट
Dhanbad News: झारखंड के धनबाद जिले के झरिया थाना क्षेत्र के अशोक नगर में सोमवार को मानवता को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई. यहां एक दुकानदार ने नगर निगम में कार्यरत महिला सफाईकर्मी की बेरहमी से पिटाई कर दी. वजह सिर्फ इतनी थी कि दुकान के सामने कुत्ते ने शौच कर दिया था. महिला सफाईकर्मी ने पहले उसे खुद हटाने की बात कही थी. इसी बात पर दुकानदार इतना भड़क गया कि उसने महिला पर हमला की बुरी तरह पिटाई कर दी.
झाड़ू छीना, साड़ी खींची और सिर-कान हमले किए
पीड़िता की पहचान कोयरीबांध निवासी मंजू देवी के रूप में हुई है. मंजू देवी रोज की तरह अपने तय एरिया में सफाई का काम कर रही थीं. इसी दौरान एक दुकानदार ने उन्हें बुलाकर दुकान के सामने सफाई करने को कहा. पास ही कुत्ते की गंदगी पड़ी थी. जब मंजू देवी ने आपत्ति जताई और पूरी स्थिति स्पष्ट करने की कोशिश की, तो दुकानदार आपा खो बैठा.
क्या कहते हैं प्रत्यक्षदर्शी
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आरोपी दुकानदार ने मंजू देवी के हाथ से झाड़ू छीन ली, उनकी साड़ी पकड़कर खींचा और फिर हाथ, कान और सिर पर ताबड़तोड़ वार करने लगा. अचानक हुए इस हमले से मंजू देवी जमीन पर गिर पड़ीं और उनके सिर व कान से खून बहने लगा.
घायल हालत में थाने पहुंचीं महिला सफाईकर्मी, एफआईआर दर्ज
घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों और परिजनों ने किसी तरह बीच-बचाव कर मंजू देवी को आरोपी के चंगुल से छुड़ाया. गंभीर हालत में उन्हें झरिया थाना ले जाया गया, जहां आरोपी दुकानदार के खिलाफ लिखित शिकायत दी गई. पुलिस ने पीड़िता की शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है. झरिया थाना प्रभारी शशि रंजन ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच की जा रही है और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
पीड़िता का दर्द: बहुत मारा, साड़ी खींची, न्याय चाहिए
घटना के बाद मंजू देवी ने रोते हुए बताया, “मैं रोज की तरह काम कर रही थी. उसने अचानक झाड़ू से मुझे मारा, साड़ी खींची, सिर और कान पर वार किया. बहुत दर्द हुआ, खून भी बहने लगा. मैं गरीब हूं, लेकिन इंसान हूं. मुझे न्याय चाहिए.” उनकी हालत देखकर परिजन भी भावुक हो उठे और दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की.
सफाईकर्मियों का फूटा गुस्सा, काम ठप कर प्रदर्शन
घटना की जानकारी मिलते ही झरिया और आसपास के इलाकों में काम करने वाले सफाईकर्मी एकजुट हो गए. सभी ने काम बंद कर दिया और झरिया थाना परिसर के बाहर प्रदर्शन शुरू कर दिया. प्रदर्शनकारी सफाईकर्मियों ने कहा कि यह सिर्फ मंजू देवी पर हमला नहीं है, बल्कि पूरे सफाईकर्मी समाज का अपमान है. प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि आरोपी दुकानदार को तुरंत गिरफ्तार किया जाए और उसके खिलाफ सख्त धाराओं में मामला दर्ज किया जाए, ताकि भविष्य में कोई भी सफाईकर्मी खासकर महिलाएं इस तरह की हिंसा का शिकार न हों.
समाज के लिए चेतावनी, सिस्टम पर भी उठे सवाल
यह घटना सिर्फ एक महिला सफाईकर्मी पर हमला भर नहीं है, बल्कि यह समाज के उस चेहरे को उजागर करती है, जहां मेहनतकश कर्मचारियों को आज भी सम्मान और सुरक्षा नहीं मिल पा रही है. नगर निगम के सफाईकर्मी शहर को स्वच्छ रखने के लिए रोज जोखिम उठाते हैं, लेकिन बदले में उन्हें अपमान और हिंसा झेलनी पड़ रही है. स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि सफाईकर्मियों की सुरक्षा के लिए ठोस व्यवस्था की जाए और ऐसे मामलों में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित हो.
इसे भी पढ़ें: 14 दिन बाद घर लौटा जमशेदपुर से किडनैप कैरव गांधी, पुलिस ने सुबह 4.30 बजे परिजनों को सौंपा
जांच जारी, पूरे शहर की निगाहें कार्रवाई पर
फिलहाल, पुलिस मामले की जांच में जुटी है. आरोपी की तलाश की जा रही है. वहीं, सफाईकर्मियों की हड़ताल से कई इलाकों में सफाई व्यवस्था प्रभावित होने लगी है. अब सबकी निगाहें प्रशासन और पुलिस की कार्रवाई पर टिकी हैं कि इस मामले में कितनी तेजी और सख्ती दिखाई जाती है. यह घटना एक बार फिर सवाल खड़ा करती है, ‘क्या हमारे समाज में मेहनतकश महिलाओं की सुरक्षा सिर्फ कागजों तक सीमित रह गई है?’
इसे भी पढ़ें: सिस्टम रुका, इंसानियत दौड़ी! गणतंत्र दिवस मेले के बाद मुखिया ने बचाईं कैंपर सवारों की जान
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By KumarVishwat Sen
कुमार विश्वत सेन प्रभात खबर डिजिटल में डेप्यूटी चीफ कंटेंट राइटर हैं. इनके पास हिंदी पत्रकारिता का 25 साल से अधिक का अनुभव है. इन्होंने 21वीं सदी की शुरुआत से ही हिंदी पत्रकारिता में कदम रखा. दिल्ली विश्वविद्यालय से हिंदी पत्रकारिता का कोर्स करने के बाद दिल्ली के दैनिक हिंदुस्तान से रिपोर्टिंग की शुरुआत की. इसके बाद वे दिल्ली में लगातार 12 सालों तक रिपोर्टिंग की. इस दौरान उन्होंने दिल्ली से प्रकाशित दैनिक हिंदुस्तान दैनिक जागरण, देशबंधु जैसे प्रतिष्ठित अखबारों के साथ कई साप्ताहिक अखबारों के लिए भी रिपोर्टिंग की. 2013 में वे प्रभात खबर आए. तब से वे प्रिंट मीडिया के साथ फिलहाल पिछले 10 सालों से प्रभात खबर डिजिटल में अपनी सेवाएं दे रहे हैं. इन्होंने अपने करियर के शुरुआती दिनों में ही राजस्थान में होने वाली हिंदी पत्रकारिता के 300 साल के इतिहास पर एक पुस्तक 'नित नए आयाम की खोज: राजस्थानी पत्रकारिता' की रचना की. इनकी कई कहानियां देश के विभिन्न पत्र-पत्रिकाओं में प्रकाशित हुई हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




