धनबाद मौसम अपडेट: मॉनसून ट्रफ का बदला मिजाज, जानिए 19 सितंबर तक किन इलाकों में होगी बारिश
सांकेतिक तस्वीर
धनबाद में मौसम का मिजाज बदल रहा है. मॉनसून ट्रफ और चक्रवाती परिसंचरण के कारण अगले कुछ दिनों तक बारिश की गतिविधियां जारी रहने की संभावना है. गरज-चमक और तेज हवा के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है.
धनबाद. मॉनसून ट्रफ और ऊपरी हवा के चक्रवाती परिसंचरण के प्रभाव से धनबाद के मौसम में बदलाव के संकेत हैं. मौसम प्रणाली के कारण वातावरण में नमी बढ़ने से बादल बनने की प्रक्रिया तेज हो सकती है. इसका असर स्थानीय स्तर पर गरज-चमक, तेज हवा और छिटपुट बारिश के रूप में देखने को मिल सकता है. बुधवार से 19 सितंबर तक जिले में बादल छाये रहने के साथ एक-दो बार हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना जतायी गयी है.
मंगलवार को धूप के बाद बदला मौसम
धनबाद में मंगलवार सुबह तेज धूप रही, लेकिन दोपहर बाद मौसम का मिजाज बदल गया. आसमान में बादलों की आवाजाही शुरू हुई और कई इलाकों में छिटपुट बारिश हुई. बरमसिया इलाके में करीब 11 बजे से दोपहर तीन बजे तक रुक-रुककर बारिश होती रही. शाम के समय भी आसमान में काले बादल छाये और तेज हवा के साथ हल्की बारिश हुई.
ये भी पढ़ें: धनबाद में भू-धंसान का बढ़ता खतरा, 100 वर्ग किमी से अधिक इलाका संवेदनशील; 2.3 से 2.75 लाख लोग डेंजर जोन में
मौसम में इस बदलाव के बीच अगले कुछ दिनों में भी जिले में बारिश की गतिविधियां जारी रहने की संभावना है. स्थानीय स्तर पर गरज-चमक और तेज हवा के साथ बारिश होने की स्थिति बन सकती है.
दक्षिण-पश्चिम राजस्थान से बंगाल की खाड़ी तक फैली ट्रफ
रांची मौसम केंद्र के अनुसार, समुद्र तल पर मॉनसून ट्रफ दक्षिण-पश्चिम राजस्थान से कच्छ क्षेत्र और दक्षिण-पूर्व पाकिस्तान, उदयपुर, रायसेन, पेंड्रा रोड, रांची और दीघा होते हुए उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी तक फैली हुई है.
इसके अलावा उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी तथा उससे सटे ओडिशा और पश्चिम बंगाल के तटों के ऊपर ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण भी बना हुआ है. इन दोनों मौसम प्रणालियों के प्रभाव से झारखंड के कई हिस्सों में बादल और बारिश की गतिविधियां बढ़ने की संभावना है.
सामान्य से 55.4 मिमी कम हुई बारिश
मॉनसून के दौरान धनबाद में अब तक 898 मिमी बारिश दर्ज की गयी है. मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, एक जून से 15 सितंबर तक जिले में सामान्य बारिश 953.4 मिमी होनी चाहिए थी. इस हिसाब से अब तक धनबाद में सामान्य से करीब 55.4 मिमी कम बारिश हुई है.
आने वाले दिनों में होने वाली बारिश से जिले में मौसमी बारिश के आंकड़े में और बदलाव होने की संभावना है. हालांकि, बारिश का वितरण जिले के अलग-अलग हिस्सों में अलग-अलग रह सकता है.
ये भी पढ़ें: निरसा में महीनों से ठप है पंचायत सचिवों की लॉगिन आईडी, जानें क्यों चक्कर काटने को मजबूर हैं लोग
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए