निरसा में महीनों से ठप है पंचायत सचिवों की लॉगिन आईडी, जानें क्यों चक्कर काटने को मजबूर हैं लोग
AI Image
निरसा प्रखंड की कई पंचायतों में पंचायत सचिवों की लॉगिन आईडी महीनों से बंद है. इससे जन्म और मृत्यु प्रमाण पत्र बनाने की ऑनलाइन प्रक्रिया ठप पड़ गई है, जिससे ग्रामीण सरकारी और निजी कार्यों के लिए जरूरी दस्तावेज नहीं बनवा पा रहे हैं.
धनबाद. निरसा प्रखंड की 27 पंचायतों में से कई पंचायतों में पंचायत सचिवों की लॉगिन आइडी महीनों से बंद रहने के कारण ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. पंचायत स्तर पर जन्म और मृत्यु प्रमाणपत्र बनाने की ऑनलाइन प्रक्रिया प्रभावित होने से लोगों के आवेदन लंबित हैं. जरूरी प्रमाणपत्र बनवाने के लिए ग्रामीणों को पंचायत कार्यालय से लेकर प्रखंड कार्यालय तक चक्कर लगाना पड़ रहा है.
ग्रामीणों के अनुसार, जन्म और मृत्यु प्रमाणपत्र कई सरकारी और निजी कार्यों के लिए जरूरी दस्तावेज हैं. प्रमाणपत्र के लिए ऑनलाइन आवेदन और आगे की प्रक्रिया पंचायत स्तर पर होने के कारण पंचायत सचिवों की लॉगिन आइडी बंद रहने से काम प्रभावित हो रहा है. कई लोगों का कहना है कि आवेदन जमा करने के बाद भी प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ पा रही है. इससे प्रमाणपत्र प्राप्त करने में अनावश्यक देरी हो रही है.
पंचायत कार्यालय से प्रखंड कार्यालय तक लगा रहे चक्कर
लॉगिन आइडी बंद होने की समस्या के कारण प्रतिदिन कई ग्रामीण पंचायत कार्यालय पहुंच रहे हैं. वहां से उन्हें प्रखंड कार्यालय की ओर भेजा जा रहा है. ग्रामीणों का कहना है कि समस्या का समाधान नहीं होने से समय और पैसे दोनों की बर्बादी हो रही है. खासकर दूरदराज की पंचायतों से आने वाले लोगों को एक ही काम के लिए बार-बार कार्यालय पहुंचना पड़ रहा है.
तकनीकी कारणों से बंद है लॉगिन आइडी
इस संबंध में प्रखंड विकास पदाधिकारी इंद्रलाल ओहदार ने बताया कि पंचायत सचिवों की लॉगिन आइडी तकनीकी कारणों से बंद है. इसे चालू कराने के लिए संबंधित पंचायत सचिवों को जिला मुख्यालय जाकर आवश्यक प्रक्रिया पूरी करनी होगी. उन्होंने कहा कि समस्या के समाधान का प्रयास किया जा रहा है.
लंबित आवेदनों के निबटारे की उम्मीद
ग्रामीणों की मांग है कि बंद लॉगिन आइडी को जल्द चालू कराया जाये, ताकि जन्म और मृत्यु प्रमाणपत्र से संबंधित लंबित आवेदनों का निबटारा हो सके. पंचायत स्तर पर ऑनलाइन व्यवस्था सामान्य होने से ग्रामीणों को बार-बार पंचायत और प्रखंड कार्यालय का चक्कर लगाने से राहत मिलने की उम्मीद है.
ये भी पढ़ें: बरोरा में फिर खुली कोयला चोरों की गुप्त सुरंगें, BCCL और पुलिस ने यूं की बड़ी कार्रवाई
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए