ePaper

राम भरोसे धनबाद रेल पुलिस: न साहिब हैं, न सिपाही, दो महीने से खाली है जवानों की जेब

Updated at : 08 Mar 2026 1:17 PM (IST)
विज्ञापन
Dhanbad Rail Police

धनबाद रेल पुलिस में एसपी का पद खाली, Pic Credit- AI

Dhanbad Rail Police: धनबाद रेल पुलिस में व्यवस्था पूरी तरह पटरी से उतर चुकी है. स्थायी रेल एसपी न होने से न केवल 450 KM के क्षेत्र की सुरक्षा राम भरोसे है, बल्कि जवानों को दो महीने से वेतन भी नहीं मिला है. 50% से कम मैनपावर और प्रभार के भरोसे चल रहे इस विभाग का मार्च क्लोजिंग से पहले बजट सरेंडर होने का खतरा है. पढ़ें पूरी रिपोर्ट.

विज्ञापन

Dhanbad Rail Police, धनबाद : राजकीय रेल पुलिस के मुख्य पदों पर भी अधिकारियों की पोस्टिंग नहीं हो रही है. महत्वपूर्ण पद भी प्रभार पर ही चल रहे हैं. कुल स्वीकृत पदों का 50 प्रतिशत भी मैन पावर नहीं है. धनबाद राजकीय रेल पुलिस में एसआरपी का पद भी प्रभार पर चल रहा था. डीएसपी टू जय गोविंद प्रसाद गुप्ता को रेल एसपी का अतिरिक्त प्रभार दिया गया था. यही नहीं रेल डीएसपी वन का पद भी खाली पड़ा है.

चार माह से नहीं है डीएसपी वन

दो साल पहले दोनों डीएसपी का स्थानांतरण हो गया था. उसके बाद डीएसपी वन संजीव बेसरा की जगह पर डीएन बंका और डीएसपी टू साजिद जफर की जगह पर जय गोविंद प्रसाद गुप्ता आये थे, लेकिन सितंबर 2024 में डीएन बंका के स्थानांतरण के बाद डेढ़ साल से यह पद रिक्त पड़ा है. उनका काम भी डीएसपी टू देख रहे हैं.

क्या आ रही है परेशानी

रेल एसपी नहीं होने से एक ओर जहां दो माह से वेतन भुगतान नहीं हुआ है. वहीं दूसरी ओर कल्याण के काम ठप पड़े हुए है. स्थिति यह है कि रेल एसपी के नहीं होने के बाद अब डीएसपी टू भी छुट्टी पर चले गये हैं. ऐसे में किसी को जरूरी काम से छुट्टी में जाना है तो वे भी नहीं जा पा रहे हैं. स्थिति यह है कि मार्च क्लोजिंग होना है. पुलिस पदाधिकारी व कर्मियों के कई तरह के फंड भी सरेंडर हो जायेंगे. निलंबित के बाद वेतन निर्धारित नहीं होना, जनवरी में मिलने वाले इंक्रीमेंट नहीं हो पाना, सेवानिवृत्त विदाई समारोह नहीं होना समेत अन्य कार्य प्रभावित हैं.

Also Read: जमशेदपुर के राखा माइंस स्टेशन पर भी ठहरेगी उत्कल एक्सप्रेस, सांसद ने दिखाई हरी झंडी

प्रभार में चल रहा रेल एसपी का पद

रेल एसपी का पद प्रभार में चल रहा है. दीपक कुमार के जाने के बाद अधिकांश समय यह पद प्रभार में ही चला है. दीपक कुमार जुलाई 2019 से सितंबर 2020 तक यहां रेल एसपी के पद पर थे. इसके बाद 13 मार्च 2021 से 20 अक्तूबर 2021 तक सिटी एसपी आर रामकुमार को प्रभार दिया गया. 20 अक्तूबर 2021 से 27 जुलाई 2023 तक जैप-3 के कमांडेंट प्रियदर्शी आलोक प्रभार में रहे, 19 सितंबर 2023 से 19 अक्तूबर 2023 तक एसएसपी संजीव कुमार प्रभार में रहे. इसके बाद स्थायी रेल एसपी मनोज स्वर्गियारी बने. वह 19 अक्तूबर 2023 से 15 अक्तूबर 2024 तक रहे. उनके स्थानांतरण के बाद जैप-3 के कमांडेंट अंबर लकड़ा को 30 नवंबर 2024 को प्रभार दिया गया. इसके बाद 19 सितंबर 2025 में डॉ कैलाश करमाली को रेल एसपी बनाया गया, लेकिन दिसंबर माह के अंत में उनका स्थानांतरण हो गया. इसको बाद डीएसपी टू जय गोविंद प्रसाद गुप्ता को प्रभार मिल गया.

राजकीय रेल में 22 रेल थाना

राजकीय रेल में एसपी के मातहत थाना, पीपी व ओपी मिलाकर 22 रेल थाना हैं. एसपी के अंतर्गत पाकुड़ के मालदा बॉर्डर, झाझा, बंगाल में कुमारधुबी तक, बिहार में गया से पहले तक, सोननगर तक, यूपी में चोपन-चुनार, चंद्रपुरा तक 450 किलोमीटर से अधिक का क्षेत्र आता है. इसके बाद भी मैन पावर 50 प्रतिशत से भी कम है.

Also Read: महिला के साथ की मारपीट और छेड़खानी! सिगरेट से दागने की कोशिश, सीधे पहुंचा जेल

विज्ञापन
Sameer Oraon

लेखक के बारे में

By Sameer Oraon

इंटरनेशनल स्कूल ऑफ बिजनेस एंड मीडिया से बीबीए मीडिया में ग्रेजुएट होने के बाद साल 2019 में भारतीय जनसंचार संस्थान दिल्ली से हिंदी पत्रकारिता में पीजी डिप्लोमा किया. 5 साल से अधिक समय से प्रभात खबर में डिजिटल पत्रकार के रूप में कार्यरत हूं. इससे पहले डेली हंट में बतौर प्रूफ रीडर एसोसिएट के रूप में काम किया. झारखंड के सभी समसामयिक मुद्दे खासकर राजनीति, लाइफ स्टाइल, हेल्थ से जुड़े विषयों पर लिखने और पढ़ने में गहरी रुचि है. तीन साल से अधिक समय से झारखंड डेस्क पर काम कर रहा हूं. फिर लंबे समय तक लाइफ स्टाइल के क्षेत्र में भी काम किया हूं. इसके अलावा स्पोर्ट्स में भी गहरी रुचि है.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola