Dhanbad news : ट्रैफिक नियम तोड़ने वाले 1115 वाहनों का कटा चालान, 18.32 लाख वसूला गया जुर्माना
Dhanbad news : मई माह के प्रथम पखवारे में जिलेभर में विशेष वाहन जांच अभियान चलाया गया, प्रदूषण व बीमा उल्लंघन में सबसे ज्यादा हुई कार्रवाई.
धनबाद, धनबाद में सड़क सुरक्षा व यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए धनबाद पुलिस ने ट्रैफिक नियम तोड़ने वालों के खिलाफ बड़ा अभियान चलाया है. एसएसपी प्रभात कुमार के निर्देश पर मई माह के प्रथम पखवारे में जिलेभर में विशेष वाहन जांच अभियान चलाया गया. एक से 15 मई तक शहर के प्रमुख चौक-चौराहों, मुख्य मार्गों, बाजार क्षेत्रों और संवेदनशील स्थानों पर ट्रैफिक पुलिस ने सघन जांच अभियान चलाया. इस दौरान 1115 वाहनों का चालान काटा गया, जबकि विभिन्न नियमों के उल्लंघन के मामले में 18 लाख 32 हजार 225 रुपये का जुर्माना वसूला गया. विभिन्न मामलाें में हुई कार्रवाई ट्रैफिक पुलिस द्वारा सबसे अधिक कार्रवाई प्रदूषण प्रमाण पत्र नहीं रखने वाले वाहन चालकों के खिलाफ की गयी. इन मामले में 516 वाहनों का चालान काटा गया. वहीं बीमा दस्तावेज नहीं रहने पर 205, हेलमेट नहीं पहनने पर 173 व सामान्य यातायात नियम उल्लंघन में 286 वाहनों पर कार्रवाई की गयी. इसके अलावा डेंजरस पार्किंग के 124, फैंसी नंबर प्लेट लगाने वाले 90, गलत पार्किंग के 93, ड्राइविंग लाइसेंस नहीं रखने वाले 52 तथा जानकारी उपलब्ध नहीं कराने वाले 64 वाहन चालकों के खिलाफ भी चालान काटा गया. डबल सवारी हेलमेट उल्लंघन में 35, काला शीशा लगाने पर 21, वाहन मॉडिफिकेशन में 19, फिटनेस से जुड़े मामलों में 14 तथा अधूरा नंबर प्लेट लगाने वाले 14 वाहनों पर कार्रवाई हुई. सीट बेल्ट नहीं लगाने वाले 7 और वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल करने वाले दो चालकों पर भी जुर्माना लगाया गया. अभियान का उद्देश्य लोगों को जागरूक करना : एसएसपी एसएसपी श्री कुमार ने कहा कि अभियान का उद्देश्य केवल चालान काटना नहीं, बल्कि लोगों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करना है. उन्होंने आम लोगों से अपील करते हुए कहा कि यातायात नियमों का पालन अपनी और अपने परिवार की सुरक्षा के लिए करें. कहा कि अधिकांश सड़क दुर्घटनाएं यातायात नियमों की अनदेखी के कारण होती हैं. ऐसे में हेलमेट पहनना, सीट बेल्ट लगाना, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग नहीं करना और सभी आवश्यक दस्तावेज अपडेट रखना बेहद जरूरी है. सड़क पर थोड़ी सी सावधानी किसी की जान बचा सकती है. उन्होंने स्पष्ट किया कि आने वाले दिनों में जिलेभर में वाहन जांच अभियान और अधिक सख्ती के साथ जारी रहेगा.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए