VIDEO : गयाजी से कोलकाता जा रही बस बरवाअड्डा में पलटी, रात 2.30 बजे मची चीख-पुकार, कई यात्री फंसे
गयाजी से कोलकाता जा रही एक बस धनबाद के बरवाअड्डा के पास तड़के दुर्घटनाग्रस्त हो गई. बस डिवाइडर पर चढ़कर पलट गई, जिससे एक दर्जन से ज्यादा यात्री घायल हो गए. स्थानीय लोगों और पुलिस ने राहत अभियान चलाया.
धनबाद. गयाजी से कोलकाता जा रही महारानी बस शनिवार तड़के बरवाअड्डा थाना क्षेत्र के जीटी रोड स्थित जोड़ापीपल के समीप दुर्घटनाग्रस्त हो गयी. डिवाइडर पर चढ़ने के बाद बस पलट गयी, जिससे उसमें सवार एक दर्जन से अधिक यात्री घायल हो गये. घायलों में करीब एक दर्जन यात्रियों की स्थिति गंभीर बतायी जा रही है. सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है.
तड़के 2.30 बजे हुआ हादसा
प्रत्यक्षदर्शियों और पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार दुर्घटना शनिवार अलसुबह करीब 2.30 बजे हुई. गयाजी से यात्रियों को लेकर कोलकाता जा रही बस जोड़ापीपल के समीप अचानक अनियंत्रित होकर डिवाइडर पर चढ़ गयी. इसके बाद बस सड़क पर पलट गयी.

हादसे के बाद बस में सवार यात्रियों के बीच अफरा-तफरी मच गयी. बस पलटने के कारण कई यात्री उसके अंदर फंस गये. दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार सुन स्थानीय लोग भी सहायता के लिए पहुंचे.
ये भी पढ़ें: विस्फोटों से कमजोर हो रही नौवीं सदी की धरोहर, संरक्षण को सांसद ने की पहल
पुलिस और स्थानीय लोगों ने चलाया राहत अभियान
घटना की सूचना मिलने पर बरवाअड्डा पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने स्थानीय लोगों के सहयोग से राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया. बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकालकर तत्काल इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया.
घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज अस्पताल (एसएनएमएमसीएच) धनबाद भेजा गया. अस्पताल में गंभीर रूप से घायल यात्रियों का उपचार जारी है.
दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू
पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है. प्रारंभिक जानकारी में बस के अनियंत्रित होने की बात सामने आयी है. हालांकि दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा.
पुलिस घायलों की पहचान करने और उनके परिजनों को सूचना देने की प्रक्रिया में भी जुटी हुई है. दुर्घटना के बाद कुछ समय तक घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल रहा, हालांकि राहत एवं बचाव कार्य पूरा होने के बाद यातायात सामान्य कर दिया गया.
हादसे में घायल यात्रियों की संख्या और उनकी स्थिति को लेकर प्रशासन की ओर से विस्तृत आधिकारिक जानकारी की प्रतीक्षा है.
ये भी पढ़ें: झारखंड समेत 9 राज्यों में 25 नए कोयला ब्लॉक की नीलामी शुरू, जानें आपकी नौकरी और निवेश पर क्या पड़ेगा असर
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए