निरसा में आवागमन होगा आसान, जोरिया पर पुल निर्माण के लिए 3.86 करोड़ का टेंडर जारी
AI Image
निरसा प्रखंड की सिजुआ पंचायत में आवागमन की समस्या को देखते हुए जोरिया पर पुल निर्माण की स्वीकृति मिली है. ग्रामीण विकास विभाग ने 3.86 करोड़ रुपये के टेंडर जारी कर दिए हैं. इस पुल के बनने से बरसात में ग्रामीणों को आवागमन में काफी राहत मिलेगी.
धनबाद. निरसा प्रखंड की सिजुआ पंचायत में आवागमन की समस्या दूर करने के लिए जोरिया पर पुल का निर्माण कराया जायेगा. ग्रामीण विकास विशेष प्रमंडल, धनबाद ने लकरापहाड़ी-सिकड़गोड़ा और तेतुलटांड़-मुरगाडुगरी के बीच पुल निर्माण के लिए करीब 3.86 करोड़ रुपये का टेंडर जारी किया है. पुल बनने से दोनों ओर बसे गांवों के लोगों को आवागमन में सुविधा मिलने की उम्मीद है. खासकर बरसात के दौरान जोरिया पार करने में होने वाली परेशानी कम होगी.
15 सितंबर से शुरू होगी निविदा प्रक्रिया
जारी टेंडर के अनुसार निविदा का प्रकाशन 15 सितंबर 2026 को किया जायेगा. इच्छुक ठेकेदार 15 सितंबर से 24 सितंबर की शाम पांच बजे तक ऑनलाइन निविदा जमा कर सकेंगे. प्राप्त निविदाएं 26 सितंबर को दोपहर दो बजे कार्यपालक अभियंता, ग्रामीण विकास विशेष प्रमंडल, धनबाद के कार्यालय में खोली जायेंगी. योजना के लिए अग्रधन की राशि 10 हजार रुपये निर्धारित की गयी है. निविदा शुल्क और अग्रधन की राशि ऑनलाइन जमा करनी होगी.
लंबित काम वाले ठेकेदारों पर विभाग की नजर
विभाग ने टेंडर की शर्तों में स्पष्ट किया है कि जिन ठेकेदारों का पहले से कोई काम लंबित है या जिनका पूर्व में किया गया काम संतोषजनक नहीं रहा है, उन्हें इस योजना के लिए काम देने पर विचार नहीं किया जायेगा. विभाग के अनुसार योजना की लागत में आवश्यकतानुसार बदलाव किया जा सकता है.
18 महीने में पूरा करना होगा निर्माण
चयनित ठेकेदार को पुल निर्माण का काम 18 महीने के भीतर पूरा करना होगा. स्थानीय स्तर पर यह पुल लंबे समय से आवागमन की समस्या से जूझ रहे ग्रामीणों के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है. बरसात के समय जोरिया में पानी बढ़ने पर ग्रामीणों को आवाजाही में परेशानी होती है. पुल बनने के बाद लकरापहाड़ी-सिकड़गोड़ा तथा तेतुलटांड़-मुरगाडुगरी के बीच संपर्क बेहतर होने की उम्मीद है.
ग्रामीण विकास विशेष प्रमंडल की ओर से जारी निविदा के तहत अब ठेकेदारों से ऑनलाइन आवेदन लिये जायेंगे. निविदा प्रक्रिया पूरी होने के बाद चयनित एजेंसी को निर्धारित अवधि में निर्माण कार्य पूरा करना होगा.
ये भी पढ़ें: SNMMCH के रिटायर्ड प्रोफेसर की पेंशन कटौती का आदेश हाईकोर्ट ने किया रद्द, 16 सप्ताह में दोबारा जांच का निर्देश
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए