सड़क हादसे में भाजपा जिला मंत्री कंचन चौरसिया गंभीर, पति भी घायल
घायल कंचन देवी | Prabhat Khabar Network
धनबाद की भाजपा जिला मंत्री कंचन चौरसिया और उनके पति एक सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हो गए हैं. पार्टी बैठक से लौटते समय उनकी बाइक फिसलने से यह हादसा हुआ. दोनों को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहाँ कंचन चौरसिया की हालत चिंताजनक बताई जा रही है.
सड़क दुर्घटना में भाजपा धनबाद जिला मंत्री कंचन चौरसिया (60) और उनके पति सुभाष पनेरी गंभीर रूप से घायल हो गये. हादसा मंगलवार की देर शाम कतरास थाना क्षेत्र में हुआ. दुर्घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को धनबाद सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया. इसके बाद दोनों को अशर्फी अस्पताल में भर्ती कराया गया. अस्पताल में कंचन चौरसिया की स्थिति चिंताजनक बतायी जा रही है, जबकि उनके पति का भी इलाज चल रहा है.
आपके शहर में
पार्टी बैठक से लौटते समय हुआ हादसा
बताया गया कि कंचन चौरसिया मंगलवार की देर शाम सिनीडीह में आयोजित भाजपा की बैठक में शामिल होने गयी थीं. बैठक समाप्त होने के बाद वह अपने पति सुभाष पनेरी के साथ बाइक से केशलपुर स्थित अपने घर लौट रही थीं. दोनों फोरलेन सड़क से होकर घर की ओर जा रहे थे.
इसी दौरान भटमुड़ना मोड़ से आगे कतरास कॉलेज जाने वाली सड़क के पास उनकी बाइक अचानक असंतुलित होकर सड़क पर गिर गयी. हादसे में दोनों को गंभीर चोटें आयीं. दुर्घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने घायलों को सड़क से उठाकर अस्पताल पहुंचाने में मदद की.
सदर अस्पताल से किया गया रेफर
घटना की सूचना मिलने के बाद स्थानीय लोग दोनों घायलों को धनबाद सदर अस्पताल ले गये. चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद दोनों की स्थिति को देखते हुए बेहतर चिकित्सा सुविधा के लिए रेफर कर दिया. इसके बाद परिजन और समर्थक दोनों को अशर्फी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उनका उपचार चल रहा है.
बताया गया कि कंचन चौरसिया की स्थिति गंभीर बनी हुई है. वह भाजपा की धनबाद जिला मंत्री होने के साथ-साथ सिनीडीह मंडल की प्रभारी भी हैं.
विधायक समेत भाजपा नेताओं ने अस्पताल पहुंचकर जाना हाल
हादसे की सूचना मिलने पर बाघमारा विधायक शत्रुघ्न महतो, भाजपा जिला मंत्री महेश पासवान, मंडल अध्यक्ष सूर्यदेव मिश्रा, विनय पासवान, मुकेश झा समेत कई भाजपा नेता और कार्यकर्ता अशर्फी अस्पताल पहुंचे. सभी ने चिकित्सकों से घायलों के स्वास्थ्य की जानकारी ली और परिजनों से भी बात की.
भाजपा सांसद ढुलू महतो ने भी दूरभाष पर कंचन चौरसिया का हाल जाना. पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने दोनों घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की.
हादसे के कारणों की जानकारी जुटायी जा रही
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार बाइक के असंतुलित होने के कारण दुर्घटना हुई. हादसे में किसी अन्य वाहन के शामिल होने की जानकारी सामने नहीं आयी है. घटना के बाद स्थानीय स्तर पर हादसे की जानकारी जुटायी गयी. सड़क पर बाइक के अचानक असंतुलित होकर गिरने से दोनों सवार गंभीर रूप से घायल हुए. फिलहाल कंचन चौरसिया की स्थिति पर चिकित्सकों की निगरानी बनी हुई है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए