धनबाद भवन प्रमंडल कार्यालय में टेंडर को लेकर मारपीट, दो हिरासत में; बाहरी संवेदकों के काम लेने पर विवाद
टेंडर प्रक्रिया को लेकर दो पक्षों के बीच मारपीट
धनबाद के भवन प्रमंडल कार्यालय में ढाई करोड़ के ऑनलाइन टेंडर को लेकर दो पक्षों में जमकर मारपीट हुई. स्थानीय ठेकेदारों ने बाहरी संवेदकों पर काम छीनने का आरोप लगाया.
धनबाद: भवन प्रमंडल विभाग, धनबाद के कार्यालय में बुधवार को टेंडर प्रक्रिया को लेकर दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हो गयी. घटना के बाद कार्यालय परिसर में अफरा-तफरी मच गयी. सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दो लोगों को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी.
आपके शहर में

ढाई करोड़ के ऑनलाइन टेंडर को लेकर विवाद
बताया गया कि भवन प्रमंडल विभाग की ओर से करीब ढाई करोड़ रुपये का ऑनलाइन टेंडर निकाला गया था. टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद जमशेदपुर से पहुंचे संवेदक एग्रीमेंट की प्रक्रिया के लिए बुधवार को भवन प्रमंडल कार्यालय पहुंचे थे. इसी दौरान स्थानीय संवेदकों ने इसका विरोध शुरू कर दिया. देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों के बीच मारपीट शुरू हो गयी.
स्थानीय संवेदकों ने बाहरी लोगों पर उठाये सवाल
स्थानीय संवेदकों का आरोप है कि धनबाद के संवेदकों को काम नहीं मिल रहा है, जबकि बाहरी संवेदक टेंडर डालकर काम हासिल कर रहे हैं. उनका कहना है कि स्थानीय संवेदकों के हितों को ध्यान में रखते हुए टेंडर प्रक्रिया में उचित अवसर दिया जाना चाहिए. इसी मुद्दे को लेकर उन्होंने जमशेदपुर से पहुंचे संवेदकों का विरोध किया.
पुलिस ने दो लोगों को हिरासत में लिया
मारपीट की सूचना मिलने के बाद सदर थाना पुलिस भवन प्रमंडल कार्यालय पहुंची. पुलिस ने मौके से दो लोगों को हिरासत में लिया है. घटना के बाद मामला थाने पहुंच गया है और पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.
जांच के लिए टीम गठित
भवन प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता चंदन कुमार ने बताया कि कार्यालय परिसर में हुई घटना की जानकारी मिली है. उन्होंने कहा कि मामले की जांच के लिए टीम गठित की गयी है. जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि कार्यालय परिसर में घटना किन परिस्थितियों में हुई और विवाद की वास्तविक वजह क्या थी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए