धनबाद: कतरास के 7 डेंजर जोन में BCCL की चेतावनी, माइक से एलान- तुरंत खाली करें घर
धनबाद के कतरास में धंसी जमीन (फाइल फोटो)
कतरास में भू-धंसान का खतरा मंडरा रहा है. बीसीसीएल ने 7 खतरनाक इलाकों में लोगों को तुरंत सुरक्षित स्थान पर जाने का निर्देश दिया है. अभियान के दौरान लोगों को खतरे से आगाह किया गया और मुआवजे का भी भरोसा दिया गया.
कतरास. न्यू आकाशकिनारी कोलियरी के भू-धंसान प्रभावित और डेंजर जोन में रह रहे लोगों को सुरक्षित स्थान पर जाने के लिए बीसीसीएल ने बुधवार से जागरूकता अभियान शुरू किया. प्रचार वाहन के माध्यम से प्रभावित इलाकों में माइक से लोगों को भू-धंसान के खतरे की जानकारी दी गयी और जल्द से जल्द डेंजर जोन खाली करने की अपील की गयी. इस दौरान लोगों के बीच पंपलेट भी बांटे गये.

कोलियरी चेकपोस्ट से प्रचार वाहन को गोविंदपुर क्षेत्र के महाप्रबंधक सत्यकाम आनंद, कतरास थानेदार प्रवीण कुमार, कोलियरी के प्रभारी पीओ अमित कुमार और सुरक्षा प्रभारी शशि रंजन ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया. इसके बाद वाहन ने प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचकर लोगों को भू-धंसान के संभावित खतरे से अवगत कराया.
रामनगर से छाताबाद तक सात स्थानों पर चिपकाया गया नोटिस
बीसीसीएल प्रबंधन ने मंगलवार को रामनगर से छाताबाद तक सात स्थानों पर डेंजर जोन में रह रहे लोगों के घरों पर नोटिस चिपकाया था. इनमें छाताबाद फुटबॉल मैदान (तालाब), न्यू आकाशकिनारी बस्ती, बिसपट्टियां, खास गोविंदपुर, भंडारीडीह मौजा, आकाशकिनारी दुर्गा मंदिर और रामनगर हनुमान मंदिर के आसपास के इलाके शामिल हैं.
ये भी पढ़ें: नीरज सिंह केस से निखार सबलोक मर्डर तक, शूटर शिबू की पूरी कहानी; धनबाद में पुलिस से मुठभेड़ में घायल
नोटिस में कहा गया है कि संबंधित क्षेत्र भू-धंसान प्रभावित है. ऐसे स्थानों पर स्थायी अथवा अस्थायी रूप से रहना सुरक्षा की दृष्टि से उचित नहीं है. लोगों से यथाशीघ्र स्थल खाली कर सुरक्षित स्थान पर जाने का अनुरोध किया गया है.
मुआवजे और पुनर्वास का भी दिया भरोसा
जागरूकता अभियान के दौरान बीसीसीएल की ओर से लोगों को बताया गया कि कंपनी की विस्थापन एवं पुनर्वास नीति के तहत रैयतों तथा नियमानुसार पात्र गैर-रैयतों को उचित मुआवजा देने का प्रावधान है. प्रभावित लोगों से अपने आवश्यक कागजात संबंधित अधिकारियों के पास जमा करने को कहा गया है.
कंपनी की ओर से लोगों को नियमानुसार मुआवजा और पुनर्वास की प्रक्रिया में सहयोग का भरोसा दिया गया.
वर्षों से रह रहे परिवारों को घर उजड़ने की चिंता
बीसीसीएल के अभियान के बाद वर्षों से डेंजर जोन में रह रहे परिवारों की चिंता बढ़ गयी है. प्रभावित लोगों का कहना है कि सुरक्षा जरूरी है, लेकिन उन्हें सुरक्षित स्थान पर बसाने की ठोस व्यवस्था भी होनी चाहिए. परिवारों ने सुरक्षित पुनर्वास और उचित मुआवजे की मांग की है.

क्या कहते हैं क्षेत्र के महाप्रबंधक
गोविंदपुर क्षेत्र के महाप्रबंधक सत्यकाम आनंद ने कहा कि जिन-जिन स्थानों पर भू-धंसान की घटनाएं हुई हैं, वहां रहने वाले लोगों को सुरक्षित स्थान पर बसाने के उद्देश्य से जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है. पहले भी लोगों को नोटिस दिया गया है. रैयत और गैर-रैयत अपने आवश्यक कागजात संबंधित अधिकारियों के पास जमा करें. कंपनी नियमानुसार मुआवजा देगी.
ये भी पढ़ें: BCCl की रेल लोडिंग में सितंबर में संभली रफ्तार, वार्षिक लक्ष्य से अब भी 22 फीसदी पीछे
लगातार लोगों को किया जा रहा जागरूक
कतरास थानेदार प्रवीण कुमार ने कहा कि प्रचार वाहन के माध्यम से लोगों को लगातार जागरूक किया जा रहा है. उन्हें खतरे वाले क्षेत्र से हटकर सुरक्षित स्थान पर जाने की हिदायत दी जा रही है. मौके पर मंतोष तिवारी, सुदय सिंह समेत दर्जनों लोग मौजूद थे.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए