धनबाद के छाताबाद में फिर भू-धंसान, जोरदार आवाज के साथ धंसी जमीन, एक दर्जन घर क्षतिग्रस्त
भू-धंसान से दहशद में इलाके के लोग
धनबाद के छाताबाद में फिर भू-धंसाव की घटना हुई है, जिससे लोगों में दहशत फैल गई है. कई घर जमीन में समा गए हैं और प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है.
Land subsidence: धनबाद के छाताबाद में एक बार फिर जमीन धंसने की घटना से हड़कंप मच गया. कतरास थाना क्षेत्र के बीसीसीएल एरिया तीन अंतर्गत छाताबाद ग्राउंड के पास अचानक जोरदार आवाज हुई और जमीन धंसने लगी. देखते ही देखते खूशबू मोहल्ले में अफरा-तफरी मच गई. लोग अपनी जान बचाने के लिए घरों से बाहर निकलकर सुरक्षित स्थानों की ओर भागने लगे. भू-धंसान की चपेट में करीब एक दर्जन घर, एक सामुदायिक भवन और पीसीसी सड़क आ गई. कई जगह जमीन दो से तीन फीट तक नीचे धंस गई है.
घर छोड़कर सामान निकालने में जुटे लोग
घटना के बाद प्रभावित इलाके में दहशत का माहौल है. लोग अपने घरों से जरूरी सामान निकालकर सुरक्षित स्थानों पर जा रहे हैं. अचानक जमीन धंसने से लोगों में आक्रोश भी है. स्थानीय लोगों का कहना है कि छाताबाद में लगातार भू-धंसान की घटनाएं हो रही हैं, लेकिन समस्या का स्थायी समाधान नहीं निकल पा रहा है.

ये भी पढ़ें- हाथियों की आहट मिलते ही बजेगा अलार्म, Ranchi के छात्र ने बनाया AI डिवाइस, Palamu में चल रहा ट्रायल
छाताबाद में तीसरी बार हुई भू-धंसान की घटना
छाताबाद में यह लगातार तीसरी भू-धंसान की घटना है. इससे पहले सात जुलाई और सात अगस्त को भी यहां भू-धंसान हुआ था. दोनों घटनाओं में दर्जनों मकान जमींदोज हो गए थे. पिछली घटनाओं के बाद प्रभावित परिवारों ने घटनास्थल से करीब 100 मीटर दूर स्थित सामुदायिक भवन में शरण ली थी. अब उसी सामुदायिक भवन की जमीन भी भू-धंसान की चपेट में आ गई है.

प्रशासन ने इलाके को घेरा, लोगों को दूर रहने की हिदायत
घटना की सूचना मिलते ही बाघमारा सीओ गिरजानंद किस्कू और कतरास थाना प्रभारी मौके पर पहुंचे. प्रशासन ने भू-धंसान प्रभावित क्षेत्र को चारों तरफ से फीता लगाकर घेर दिया है. साथ ही लोगों को प्रभावित इलाके से दूर रहने की हिदायत दी गई है. प्रशासन की ओर से स्थिति पर नजर रखी जा रही है.
ये भी पढ़ें- Jharkhand Coal News: आम्रपाली कोल माइंस में CISF की तैनाती, 200 जवान संभालेंगे सुरक्षा
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए