गुल रही बिजली, पानी को तरसा शहर

Updated:
विज्ञापन

धनबाद : मैथन में बिजली गुल रहने से गुरुवार को शहर के एक लाख से अधिक की आबादी को पानी के लिए तरसना पड़ा. भेलाटांड़ वाटर ट्रीटमेंट प्लांट में पानी कम हो जाने के कारण शहर के वासेपुर, हीरापुर, पुलिस लाइन, मेमको व पीएमसीएच जलमीनार से जुड़े इलाकों में सप्लाई नहीं हुई. लोगों को पानी […]

विज्ञापन

धनबाद : मैथन में बिजली गुल रहने से गुरुवार को शहर के एक लाख से अधिक की आबादी को पानी के लिए तरसना पड़ा. भेलाटांड़ वाटर ट्रीटमेंट प्लांट में पानी कम हो जाने के कारण शहर के वासेपुर, हीरापुर, पुलिस लाइन, मेमको व पीएमसीएच जलमीनार से जुड़े इलाकों में सप्लाई नहीं हुई. लोगों को पानी के लिए वैकल्पिक साधनों पर निर्भर रहना पड़ा. पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के कंट्रोल रूम की मानें तो बचे हुए इलाकों में शुक्रवार को सप्लाई की जायेगी. मैथन में सुबह पांच बजे बिजली कट गयी थी.

आपके शहर में

विज्ञापन
बिजली कटने के बाद भेलाटांड़ प्लांट में पानी आना बंद हो गया. सुबह 8 बजे प्लांट में लगा दोनों मोटर बंद हो गया. बिजली आने के बाद 6.30 बजे मोटर चालू हुआ. प्लांट में करीब 9.30 बजे से पानी पहुंचना शुरू हुआ. पानी को फिल्टर करने के बाद 12 बजे प्लांट के मोटर को चालू कर जलमीनार में पानी छोड़ने का काम शुरू हुआ.
आधे शहर में पांच घंटे गुल रही बिजली : आधे शहर में गुरुवार को पांच घंटे बिजली गुल रही. बुधवार की देर रात हुई बारिश के कारण ही गणेशपुर वन सर्किट ब्रेक डाउन हो गया था. डीवीसी के ग्रिड व पुटकी के बीच हुए खराबी को दूर करने में पांच घंटे लगा. बुधवार की रात करीब तीन बजे खराबी आयी.
सुबह होते ही बिजली विभाग की टीम ने पेट्रोलिंग शुरू की. खराबी मिलने के बाद उसे दुरुस्त किया जाने लगा. खराबी को दूर करने के बाद सुबह करीब आठ बजे सर्किट को चालू कर दिया गया. लेकिन, इसके बाद भी कई मुहल्लों में दोपहर 12 बजे के बाद बिजली लौटी. बिजली गुल होते ही मनईटांड़ सबस्टेशन से जुड़े सभी फीडर बंद हो गये.
वहीं भूली से होते हुए पॉलिटेक्निक जाने वाली लाइन भी बंद हो गयी. पॉलिटेक्निक सब-स्टेशन से जुड़े इलाकों में अंधेरा छा गया. बिजली विभाग की ओर से मनईटांड़ सब-स्टेशन के कुछ फीडर को वैकल्पिक व्यवस्था के तहत रोटेशन पर दूसरी लाइन से पावर दिया गया. लेकिन पॉलिटेक्निक सब-स्टेशन के सभी फीडर बंद ही रहे.
दोपहर 12 बजे लौटी बिजली : पॉलिटेक्निक सब-स्टेशन से जुड़े झाड़ूडीह इलाके में रात तीन बजे गुल हुई बिजली दोपहर 12 बजे लौटी. बिजली विभाग के सहायक अभियंता अभिताब ने बताया कि खराबी को दूर करने के बाद सुबह आठ बजे लाइन चालू कर दी गयी थी.
35 जलमीनार का काम पूरा, जनवरी से मिलेगा पानी
धनबाद. मेयर चंद्रशेखर अग्रवाल ने गुरुवार को शहरी जलापूर्ति व आठ लेन सड़क की समीक्षा की. एलएंडटी व साज को कई बिंदुओं पर दिशा-निर्देश दिये. मेयर श्री अग्रवाल ने बताया कि जेएनएनयूआरएम के तहत 365 करोड़ की जलापूर्ति योजना का काम पूरा हो गया है. भूली जलमीनार को छोड़ कर 35 जलमीनार की टेस्टिंग पूरी कर ली गयी है. घर-घर में पानी कनेक्शन के लिए जनवरी से वार्ड स्तर पर कैंप लगाने का निर्देश दिया गया है. शहरी जलापूर्ति योजना का चार चरणों में काम पूरा किया गया.
फेज वन में सिंदरी कांड्रा. फेज दो में जामाडोबा, केंदुआ, करकेंद, पुटकी, फेज तीन में तेतुलमारी, डी-नोबिली स्कूल से भेलाटांड़ व फेज चार में राजा तालाब, सबलपुर, तेलीपाड़ा आदि क्षेत्रों में 35 जलमीनारों की टेस्टिंग की गयी. इस योजना में कुछ ग्रामीण क्षेत्र में भी जलमीनार बनाया गया है. डेढ़ लाख घरों में पानी कनेक्शन देने का लक्ष्य है. आठ लेन रोड का काम चल रहा है. चौड़ीकरण में कुछ पोल व पाइप लाइन शिफ्टिंग करने का निर्देश दिया गया है. बैठक में नगर आयुक्त चंद्रमोहन कश्यप, साज, एलएनटी के प्रतिनिधि उपस्थित थे.
विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola