करण जौहर की फिल्म ‘गुंजन सक्सेना : द कारगिल गर्ल’ में धनबाद की बहू का किरदार निभायेंगी श्रीदेवी की बेटी जाह्नवी

Published by : Prabhat Khabar Digital Desk Updated At : 01 Sep 2019 11:06 AM

विज्ञापन

संजीव झा धनबाद : बॉलीवुड के प्रसिद्ध फिल्म निर्माता करण जौहर धनबाद की बहू गुंजन सक्सेना पर फिल्म बना रहे हैं. ‘गुंजन सक्सेना : द कारगिल गर्ल’ नामक यह फिल्म 13 मार्च, 2020 को रिलीज होगी. दिवंगत फिल्म अभिनेत्री श्रीदेवी की बेटी जाह्नवी कपूर इस फिल्म में गुंजन की भूमिका निभा रही है. गुंजन सक्सेना […]

विज्ञापन

संजीव झा

धनबाद : बॉलीवुड के प्रसिद्ध फिल्म निर्माता करण जौहर धनबाद की बहू गुंजन सक्सेना पर फिल्म बना रहे हैं. ‘गुंजन सक्सेना : द कारगिल गर्ल’ नामक यह फिल्म 13 मार्च, 2020 को रिलीज होगी. दिवंगत फिल्म अभिनेत्री श्रीदेवी की बेटी जाह्नवी कपूर इस फिल्म में गुंजन की भूमिका निभा रही है.

गुंजन सक्सेना की ससुराल धनबाद के चंद्र विहार कॉलोनी में है. उनके श्वसुर गणेश नारंग बीसीसीएल के रिटायर्ड अधिकारी हैं. गुंजन का चयन वर्ष 1996 में शॉर्ट सर्विस कमीशन के जरिये वायुसेना में महिला पायलट के रूप में हुआ. उनके पिता व भाई भी सेना में अधिकारी हैं.

कारगिल युद्ध के समय गुंजन की पोस्टिंग उधमपुर में थी. कारगिल युद्ध के दौरान गुंजन सक्सेना ने युद्ध क्षेत्र में निडर होकर चीता हेलीकॉप्टर उड़ाया. पाकिस्तानी सैनिक लगातार रॉकेट लांचर और गोलियों से हमला के बीच द्रास और बटालिक की ऊंची पहाड़ियों से सैनिकों को उन्होंने सुरक्षित जगहों पर पहुंचाया.

गुंजन के एयरक्राफ्ट पर मिसाइल भी दागी गयी. किस्मत से वह बच गयीं. बिना किसी हथियार के गुंजन ने पाकिस्तानी सैनिकों का मुकाबला किया और कई जवानों को वहां से सुरक्षित निकाला. युद्ध के दौरान कारगिल में ही तैनात रहीं. वर्ष 2002 में उनकी शादी धनबाद के गौतम नारंग से हुई.

गौतम नारंग फिलहाल वाराणसी में वायुसेना में विंग कमांडर हैं. वर्ष 2004 में मां बनने के बाद गुंजन ने वायुसेना की नौकरी छोड़ दी. 44 साल की गुंजन को उनकी वीरता, साहस और देशप्रेम के लिए शौर्य पुरस्कार से नवाजा जा चुका है. गुंजन ने डंके की चोट पर साबित किया कि महिलाएं न सिर्फ पायलट बन सकती हैं, बल्कि जंग के मैदान में अपना लोहा मनवा सकती हैं.

गुंजन को यूपी सरकार से शौर्य वीर पुरस्कार मिला. साथ ही प्रसिद्ध बॉक्सर मैरी कॉम के साथ वर्ष 2017 में वीरांगना लक्ष्मी बाई पुरस्कार मिला. इसके बाद करण जौहर ने उनकी जीवनी पर फिल्म बनाने का प्रस्ताव किया. वर्ष 2018 में धर्मा प्रोडक्शन के बैनर तले इस फिल्म की शूटिंग शुरू हुई. फिल्म में गुंजन की भूमिका जाह्नवी कपूर निभा रही है. उनके पिता की भूमिका पंकज त्रिपाठी निभायेंगे.

पहले इस फिल्म को गणतंत्र दिवस पर रिलीज करने की योजना थी. लेकिन, अर्जुन कपूर द्वारा 29 अगस्त को जारी फिल्म की पहली पोस्टर में रिलीज की तिथि 13 मार्च, 2020 रखी गयी है. बहू पर बन रही फिल्म को लेकर परिवार के मुखिया गणेश नारंग व अन्य सदस्य काफी उत्साहित हैं. कहते हैं कि धनबाद के साथ-साथ यह पूरे झारखंड के लिए गर्व की बात है. फिल्म के रिलीज होने का बेसब्री से इंतजार है.

जाह्नवी ने ट्वीट कर दी बधाई

गुंजन सक्सेना के जन्मदिन (31 अगस्त) पर जाह्नवी कपूर ने ट्वीट कर उन्हें जन्मदिन की बधाई दी. लिखा कि बायोपिक में काम कर काफी खुश हूं. आप सच में हीरो हैं.

विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola