कुंडा थाना के पास चाय दुकान संचालिका की निर्मम हत्या, कुदाल से कूचकर मार डाला
Published by : NIRANJAN KUMAR Updated At : 19 May 2026 9:06 PM
देवघर-सारठ मुख्य पथ स्थित कुंडा थाना के पास मंगलवार सुबह चाय दुकान चलाने वाली 60 वर्षीय माला देवी की हत्या का मामला सामने आया है. पुलिस मामले की जांच में जुटी है. पति और महिला का भाई फरार है.
वरीय संवाददाता, देवघर . देवघर-सारठ मुख्य पथ स्थित कुंडा थाना के पास मंगलवार सुबह चाय दुकान चलाने वाली 60 वर्षीय माला देवी की हत्या कर दी गयी. उसका शव उसकी दुकान के अंदर बिस्तर पर खून से लथपथ हालत में बरामद किया गया. कुदाल से सिर पर अपराधियों ने कई बार वार किया था. घटना के बाद से मृतका का पति शिव उर्फ शिबू यादव और महिला का भाई महेंद्र फरार बताये जा रहे हैं.सूचना मिलते ही देवघर एसडीपीओ अशोक कुमार सिंह, फॉरेंसिक टीम सहित नगर, कुंडा व महिला थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की.
जानकारी के अनुसार मृतका माला देवी मूल रूप से सारवां थाना क्षेत्र के लखोरिया भालुवाही गांव की रहने वाली थी. वर्तमान में वह रिखिया थाना क्षेत्र के बंधा में घर बनाकर रहती थी. नगर थाना क्षेत्र के अम्बे गार्डन में घरेलू दाई का काम करने के साथ ही खाली समय में वह कुंडा थाना के पास भाई महेंद्र के साथ चाय की दुकान चलाती थी. घटनास्थल की स्थिति देखकर आशंका जतायी जा रही है कि महिला पर सोये अवस्था में हमला किया गया होगा.बगल में थाना व पड़ोस में घर, किसी ने चीख पुकार भी नहीं सुनी
घटनास्थल कुंडा थाना से सड़क पार महज 50 गज की दूरी पर है. दुकान के आसपास कई लोगों के घर भी हैं, लेकिन किसी को घटना की भनक तक नहीं लगी. आशंका जतायी जा रही है कि अपराधियों ने अहले सुबह करीब तीन से चार बजे के बीच घटना को अंजाम दिया होगा, जब आसपास के लोग गहरी नींद में थे.बेटी को फोन आने पर पता चला घटना
मंगलवार सुबह करीब 10:30 बजे किसी अज्ञात व्यक्ति ने मृतका की पुत्री रीना को फोन कर घटना की जानकारी दी. सूचना मिलते ही रीना के अलावा उसकी बहनें पिंकी और रिंकी, सभी दामाद व अन्य रिश्तेदार मौके पर पहुंचे. मां का शव देखकर बेटियां बेसुध हो गयीं. मृतका का बेटा रोशन मुंबई में मजदूरी करता है.फॉरेंसिक टीम ने लिया सैंपल, साक्ष्य के तौर पर जब्त किये कपड़े
पुलिस ने पूरे इलाके को घेरकर जांच शुरू की. वहीं फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से हत्या में प्रयुक्त कुदाल और ईंट के टुकड़ों को जब्त किया, साथ ही खून के धब्बे, खून सनी मिट्टी और ब्लड स्ट्रैंथ के सैंपल भी संग्रहित किये. वहीं मृतका के बिस्तर की चादर, मच्छरदानी व अन्य कपड़ों को भी साक्ष्य के तौर पर सीलबंद कर जब्त किया गया. मौके पर नगर थाना के प्रभारी थानेदार मुकेश कुमार, एसआई सूरज कुमार, एसआई मिथलेश कुमार, चंद्रशेखर रजक, कुंडा थाना के प्रभारी थानेदार एसआ0 अजय सोय, एएसआई एसएन शर्मा, अनुसंधान विंग के प्रभारी इंस्पेक्टर शिवनारायण कामत, एसआइ माइकल कोड़ा, सौरभ राज, महेंद्र बैठा तथा यातायात थाना प्रभारी दिलीप मुंडा सहित कई पुलिस पदाधिकारी मौजूद थे.दो दिन पूर्व भाई के साथ मृतका की हुई थी झंझट, पति के साथ भी था विवाद
स्थानीय लोगों के अनुसार दो दिन पहले मृतका माला देवी और उसके भाई महेंद्र के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था. आसपास के लोगों ने पुलिस को बताया कि सोमवार रात करीब 10:30 बजे मृतका की दुकान पर उसके पति शिव उर्फ शिबू यादव और भाई महेंद्र को देखा गया था. हालांकि पुलिस ने अभी किसी निष्कर्ष पर पहुंचने से इनकार किया है. पुलिस अधिकारियों ने कहा कि सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है. पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिये भेज दिया. हाइलाइटर॰दुकान के अंदर खून से लथपथ मिला शव, पति व भाई पर शक की सुई, घटना के बाद दोनों फरार॰फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से कुदाल, ईंट के टुकड़े व खून सनी मिट्टी जब्त की॰रात 10:30 बजे मृतका की दुकान पर देखे गये थे पति और भाई॰मुख्य सड़क किनारे व थाना से महज 50 गज दूर हुई वारदात से इलाके में सनसनी॰तीन बेटियों का रो-रोकर बुरा हाल, मुंबई में मजदूरी करता है बेटा
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










