रणधीर वर्मा ट्रॉफी: पहले मुकाबले में देवघर ने साहेबगंज को 254 रनों के बड़े अंतर से हराया

झारखंड राज्य क्रिकेट एसोसिएशन की ओर से आयोजित रणधीर वर्मा ट्रॉफी सह अंतर जिला क्रिकेट टूर्नामेंट के पहले मुकाबले में देवघर ने साहेबगंज को 254 रनों के विशाल अंतर से हराया. देवघर के कप्तान सुमन भारद्वाज ने शानदार शतक जड़ा.
देवघर : झारखंड स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन (जेएससीए) सीनियर इंटर जिला टूर्नामेंट 2022-23 सह रणधीर वर्मा ट्रॉफी के तहत सोमवार को देवघर के केकेएन स्टेडियम में लीग मैच शुरू हुआ. टूर्नामेंट केग्रुप बी के पहले मैच में देवघर ने साहेबगंज को 254 रनों के बड़े अंतर से हरा दिया. देवघर टीम के कप्तान सुमन भारद्वाज ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया. देवघर ने सात विकेट खोकर 364 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया.
देवघर के लिए कप्तान सुमन भारद्वाज ने 87 गेंदों में 17 चौकों की मदद से 103 रन बनाये. वहीं, परवेज शेख ने 62 गेंदों में छह छक्कों व आठ चौकों की मदद से 88 रन, राघव शर्मा ने एक छक्के व आठ चौकों की मदद से 68 रन का महत्वपूर्ण योगदान दिया. साहेबगंज के गेंदबाज कोई खास कमाल नहीं कर सके. उनकी तरफ से मो फैजान अहमद ने तीन और रवि व मो मुजाहिद अंसारी ने दो-दो विकेट लिये, लेकिर रनों की गति को रोक नहीं सके.
Also Read: झारखंड हाईकोर्ट ने देवघर एयरपोर्ट मामले में गोड्डा और दिल्ली के बीजेपी सांसद समेत 9 को दी बड़ी राहत
लक्ष्य का पीछा करने उतरी साहेबगंज की पूरी टीम 31.1 ओवर में 110 रन पर सिमट गयी. साहेबगंज टीम के बल्लेबाज रवि कुमार ने 39 गेंद में छह चौकों की मदद से 34 रन, मो फैजान अहमद ने 54 गेंद खेलकर चार चौकों की मदद से 29 रन बनाये. देवघर के शमशाद अहमद ने शानदार गेंदबाजी करते हुए पांच विकेट झटके. वहीं परवेज ने दो विकेट और राहुल चौधरी व अंकित शर्मा ने एक-एक विकेट चटकाये.
मैच में शानदार प्रदर्शन करने वाले शमशाद अहमद को मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया गया. मैच में जेएससीए की ओर से अंपायर की भूमिका अजय पाठक व मनोरंजन कांजीलाल तथा स्कोरर की भूमिका दीपक कुमार ने निभायी. मैच में जेएससीए में टीआरडीओ के रूप में निशिकांत मोहंती व लाइजनिंग ऑफिसर के रूप में योगेश कुमार थे. साथ ही देवघर क्रिकेट एसोसिएशन के कई सदस्य मौजूद थे. मंगलवार को साहेबगंज व गुमला के बीच मुकाबला होना है. यह मैच केकेएन स्टेडियम में सुबह 9 बजे से शुरू होगा.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




