प्रगतिशील लेखक संघ गोष्ठी में गूंजा साहित्य का स्वर, हिंदी-खोरठा-अंगिका की कविताओं ने बांधा समां
दीपक कुमार को सम्मानित करते हुए प्रलेस के सदस्य गण | Prabhat Khabar Network
देवघर में प्रगतिशील लेखक संघ की एक बैठक में साहित्य की महफिल सजी. हिन्दी, खोरठा और अंगिका भाषाओं में कवियों ने अपनी रचनाओं से समां बांधा. इस अवसर पर उपन्यासकार दीपक कुमार को सम्मानित भी किया गया.
देवघर : प्रगतिशील लेखक संघ की बैठक राम मंदिर रोड स्थित जिला कार्यालय परिसर में जिलाध्यक्ष प्रो. रामनंदन सिंह की अध्यक्षता में हुई. बैठक में सर्वसम्मति से प्रस्ताव लिया गया कि चाईबासा में होने वाली संघ की प्रदेश कार्यकारिणी की पहली बैठक में देवघर से प्रदेश कार्यकारिणी के तीन सदस्य शामिल होंगे. तीनों सदस्य जिले की उपलब्धियों को प्रस्तुत करेंगे. इसके अलावा कई अन्य मुद्दों पर भी प्रस्ताव लिया जायेगा.
हिंदी, खोरठा व अंगिका में हुआ कविता पाठ
बैठक के दूसरे सत्र में कवि गोष्ठी का आयोजन हुआ. इसमें हिंदी, खोरठा एवं अंगिका भाषा में कवियों ने अपनी-अपनी कविताएं प्रस्तुत कीं और देर शाम तक समां बांधे रखा. आरंभ में डॉ. प्रदीप कुमार सिंह देव ने कविता पाठ किया, जबकि दीपक कुमार ने ओजपूर्ण कविता सुनायी.
रवि शंकर साह ने वर्तमान समाज के परिप्रेक्ष्य पर केंद्रित भावपूर्ण कविता प्रस्तुत कर समारोह को रोचक बना दिया. एफएम कुशवाहा ने खोरठा भाषा में साइबर ठगी पर केंद्रित कविता सुनायी और लोगों को साइबर ठगी से बचने के लिए सचेत किया. अनीता चौधरी ने किसान व अधिवक्ता के कार्यों पर आधारित तुलनात्मक कविता पाठ किया. धीरेंद्र छतहारवाला ने अंगिका में कविता पाठ किया.
उपन्यासकार दीपक कुमार सम्मानित
इस मौके पर संघ के सदस्य व कवि दीपक कुमार को सफल उपन्यासकार के तौर पर प्रलेस देवघर की ओर से सम्मानित किया गया. उन्हें प्रशस्ति पत्र तथा अंगवस्त्र प्रदान किया गया.
मौके पर लेखक प्रसन्न कुमार चौधरी के अलावा सुधीर कुमार, सुमन सौरभ, ममता प्रिया, आकाश कुमार, शिवांगी पांडेय, पारस सिंह झा, सरोज गुप्ता, शेखर सुमन, काजल कांति सिकदार आदि मौजूद थे. गोष्ठी का संचालन जिला महासचिव एफएम कुशवाहा ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन प्रो. रामनंदन सिंह ने किया.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए