पोल गाड़ने में तोड़ी पानी की पाइपलाइन, पालोजोरी बाजार में सड़क पर बहा हजारों लीटर पानी
टूटे हुए पाइप से बहता पानी | Prabhat Khabar Network
बिजली विभाग के संवेदक की लापरवाही ने पालोजोरी बाजार में पेयजल की मुख्य सप्लाई लाइन को तोड़ दिया. ट्रैक्टर से ड्रिलिंग के दौरान पाइपलाइन क्षतिग्रस्त होने से सड़क पर पानी भर गया. व्यापारियों ने विधायक से की कार्रवाई की मांग.
पालोजोरी : पालोजोरी बाजार में बिजली विभाग के संवेदक की लापरवाही का खामियाजा व्यापारियों और आम जनता को भुगतना पड़ रहा है. बाजार में बिजली के नए पोल गाड़ने के दौरान ठेकेदार के कर्मियों ने बिना सावधानी के ट्रैक्टर में लगे ड्रिल से खुदाई की, जिससे जमीन के नीचे बिछी मुख्य सप्लाई वाटर पाइपलाइन कई जगहों से क्षतिग्रस्त हो गई.
पानी चालू होते ही सड़क पर बहा पानी
शनिवार को पानी की सप्लाई चालू होते ही बाजार की मुख्य सड़क पर पानी बहने लगा. पेयजल विभाग द्वारा पानी की सप्लाई शुरू किए जाने के बाद टूटी पाइपलाइनों से भारी मात्रा में पानी तेजी से बाहर निकलने लगा. देखते ही देखते सड़क पर पानी बहने लगा. पानी का फव्वारा छूटने पर स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना पेयजल विभाग के कर्मियों को दी और आनन-फानन में पानी की सप्लाई बंद करायी.
विधायक को दिया आवेदन
घटना से नाराज पालोजोरी बाजार के व्यवसायियों ने स्थानीय विधायक उदय शंकर सिंह उर्फ चुन्ना सिंह को आवेदन देकर बाजार क्षेत्र में लोहे के पोल लगवाने और टूटी पाइपलाइन को दुरुस्त कराने की मांग की. आवेदन में ग्रामीण निधिराम दत्ता, प्रदीप कुमार, आकाश महतो, नितिश कुमार, सौरभ कुमार यादव, प्रदीप यादव, अखिलेश कुमार, उत्तम कुमार रूज, राम कुमार यादव आदि ने अपनी मांग रखी है.
सड़क किनारे पोल लगाने पर जतायी आपत्ति
आवेदन में कहा गया है कि बिजली विभाग द्वारा पालोजोरी के महावीर चौक से लेकर पेट्रोल पंप तक बिजली के पोल गड़वाने और उसमें केबल तार लगवाने का कार्य किया जा रहा है. इसके लिए कम दूरी पर सीमेंट के पोल गाड़े जा रहे हैं. बाजार क्षेत्र में सड़क के किनारे घरों से सटा हुआ बड़ा नाला है और नाले के किनारे सप्लाई वाटर की दो पाइपलाइन बिछी हुई हैं.
जाम की स्थिति की आशंका
ग्रामीणों का कहना है कि इसके बाद पोल गाड़े जाने से सड़क अतिक्रमित होगी और इससे जाम की स्थिति उत्पन्न होगी. साथ ही पोल गाड़ने के लिए मशीन से ड्रिल करने के कारण कई जगह पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हो गई है.
पुराने पोल के पास पोल लगाने की मांग
ग्रामीणों ने मांग की है कि बाजार क्षेत्र में पहले से गाड़े गए पोल के पास लोहे का पोल गड़वाकर उसमें केबल तार लगवाया जाए.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए