Deoghar news : युवक का अपहरण कर 1.60 लाख फिरौती वसूलने का आरोप, पुलिस ने जंगल से सुरक्षित बरामद किया

Author Shrawan
Updated:
विज्ञापन

मोहनपुर के चित्रपोका गांव में गुरुवार को अपहरण और फिरौती वसूली की घटना सामने आयी है. पीड़ित ने बताया कि अपराधियों ने मारपीट कर मोबाइल व चेन भी छीन लिया. पुलिस ने जंगल से बरामद किया.

विज्ञापन

प्रतिनिधि, मोहनपुर. मोहनपुर थाना क्षेत्र के चित्रपोका गांव में गुरुवार को अपहरण और फिरौती वसूली की सनसनीखेज घटना सामने आयी. अपराधियों ने गांव के तिजारत अंसारी नामक युवक का अपहरण कर परिजनों से फिरौती वसूले जाने का मामला चर्चा का विषय बना हुआ है. घटना के संबंध में बताया जाता है कि आधा दर्जन अपराधियों ने गांव की दुकान के समीप से युवक को अपने कब्जे में ले लिया और बाद में परिजनों को फोन कर दो लाख रुपये फिरौती की मांग की.

अपराधियों ने पैसे नहीं देने पर युवक की हत्या कर देने की भी धमकी दी. घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में अफरा-तफरी मच गयी. परिजनों ने पुलिस को सूचना देने के साथ इधर-उधर से पैसे जुटाकर एक लाख साठ हजार रुपये अपराधियों तक पहुंचाया. इसके बाद अपराधियों ने युवक को सोनारायठाढ़ी थाना क्षेत्र के मधुबन जंगल में छोड़ दिया और फरार हो गये. सूचना पर एसडीपीओ अशोक कुमार व थाना प्रभारी सालो हेंम्ब्रम पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और युवक को सकुशल बरामद कर परिजनों को सौंप दिया.

झांसा देकर पीड़ित युवक को बाइक पर ले गये साथ, जंगल ले जाकर की मारपीट

पीड़ित युवक ने बताया कि गांव के दो युवकों के साथ चंदना बिहायी गांव का एक युवक अपाची बाइक से दुकान पर पहुंचा था. कुछ देर बाद आरोपित युवक ने घर से इमरजेंसी कॉल आने की बात कहकर उसे तिलकपुर छोड़ने को कहा. उसके कहने पर वह अपनी बाइक से उसे लेकर निकल पड़ा. इसी दौरान सुनसान स्थान पर दो बाइक पर सवार चार युवक पहुंचे और ओवरटेक कर बाइक रुकवा दी. इसके बाद उसे जबरन जंगल ले गये, जहां मारपीट कर पिस्तौल तान दी गयी और परिजनों से फिरौती मंगाने का दबाव बनाया. युवक ने बताया कि अपराधियों ने लगातार मारपीट की और रुपये नहीं मिलने पर जान मारने की धमकी देते रहे. परिजनों के रुपये पहुंचाने के बाद भी अपराधी अतिरिक्त एक लाख रुपये की मांग करने लगे. इसी बीच पुलिस ने सूचना मिलने पर जंगल की घेराबंदी की. पुलिस के आने की भनक लगते ही अपराधी युवक को छोड़कर फरार हो गये. पीड़ित युवक ने मोबाइल और चांदी की चेन छीन लेने की भी बात बतायी. पीड़ित के आवेदन पर तीन नामजद समेत कई अज्ञात अपराधियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की गयी है. पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है.

आपके शहर में

विज्ञापन
विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola