रात में बढ़ेगी गश्त, बॉर्डर पर चेकिंग; अपराधियों पर शिकंजा कसने की तैयारी
क्राइम समीक्षा बैठक करते पुलिस इंस्पेक्टर | Prabhat Khabar Network
इंस्पेक्टर कृष्ण दत्त झा ने अफसरों संग बैठक की. वारंटियों की गिरफ्तारी, अवैध खनन पर रोक और रात्रि गश्त तेज करने के निर्देश दिए गए.
सारवां : पुलिस अंचल निरीक्षक कार्यालय में मंगलवार को इंस्पेक्टर कृष्ण दत्त झा की अध्यक्षता में देवीपुर और सारवां थाना प्रभारियों के साथ अपराध समीक्षा बैठक हुई. बैठक में लंबित कांडों की स्थिति और उनके निष्पादन की अद्यतन जानकारी ली गयी. इस दौरान बॉर्डर इलाकों में एंटी क्राइम चेकिंग चलाने, अड्डेबाजी के विरुद्ध छापेमारी, अवैध उत्खनन पर रोक लगाने तथा संज्ञेय अपराध प्रतिवेदित होने पर ससमय मामला दर्ज करने सहित अन्य आवश्यक निर्देश दिये गये.
आपके शहर में
दागियों और साइबर अपराधियों का होगा सत्यापन
बैठक में पूर्व के दागियों और साइबर अपराध में जेल जा चुके अपराधियों का सत्यापन करने, अवैध परिवहन एवं अवैध बालू उठाव पर रोक लगाने, लंबित कांडों का निष्पादन करने तथा नन एसआर कांडों का तेजी से निष्पादन करने का निर्देश दिया गया. इसके अलावा रात्रि गश्ती तेज करने और थाना क्षेत्र में हुई चोरी के मामलों का समय सीमा के अंदर उद्भेदन करने को कहा गया. कॉल डंप निकालने को लेकर भी निर्देश दिया गया.
वारंटियों की गिरफ्तारी और फरियादियों पर जोर
इंस्पेक्टर ने वारंटों का निष्पादन करने, वारंटियों को गिरफ्तार कर जेल भेजने तथा थाना क्षेत्र में अपराध और अपराधियों पर अंकुश लगाने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने को कहा. थाना पहुंचने वाले फरियादियों की बातों को गंभीरता से सुनने और आवश्यकता के अनुसार कार्रवाई करने का निर्देश भी दिया गया. सड़क दुर्घटना एवं अन्य घटनाओं में त्वरित कार्रवाई करने पर जोर दिया गया.
थाना दिवस में जमीन मामलों के निष्पादन का निर्देश
मौके पर जमीन संबंधी मामलों को थाना दिवस के दौरान सीओ के समक्ष निष्पादित कराने का निर्देश दिया गया. बैठक में सारवां थाना प्रभारी संदीप कुमार, देवीपुर थाना प्रभारी प्रशांत कुमार, रीडर कुणाल किशोर मंडल, अशोक मिर्धा, सोनू राउत मौजूद थे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए