देवघर में पुलिस वाहन-टेंपो की भिड़ंत, 6 घायल; चौक की घेराबंदी पर उठे सवाल

Updated:
विज्ञापन

हादसे के बाद खड़ा पुलिस वाहन.

देवघर के एलआइसी कार्यालय के पास पुलिस वाहन और टेंपो की टक्कर में आधा दर्जन लोग घायल.स्थानीय लोगों ने चौक की घेराबंदी को हादसे का कारण बताया.

विज्ञापन

वरीय संवाददाता, देवघर . नगर थाना क्षेत्र के एलआइसी कार्यालय के समीप बुधवार सुबह करीब नौ बजे एक दर्दनाक सड़क हादसे में पुलिस वाहन और टेंपो के बीच जोरदार टक्कर हो गयी . टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि टेंपो सड़क पर पलट गया, जबकि पुलिस वाहन का दरवाजा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया . हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गयी .

आपके शहर में

विज्ञापन

टेंपो में सवार करीब आधा दर्जन यात्री घायल हो गये . घायलों में कुंडा थाना क्षेत्र के बलियाचौकी बाघापाथर निवासी अजय झा और उनकी पत्नी रेखा देवी के अलावा जगदीश कुमार, रीता देवी, रमेश कुमार और सुरेंद्र शामिल हैं . दुर्घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर जुट गये और राहत कार्य शुरू कर दिया .

पलटे टेंपो के नीचे फंसे यात्री, स्थानीय लोगों ने चलाया रेस्क्यू

टक्कर के बाद टेंपो सड़क पर पलट गया और कुछ यात्री उसके नीचे फंस गये . हादसा देख स्थानीय लोगों ने बिना देर किये राहत और बचाव कार्य शुरू किया . वार्ड पार्षद अनूप बरनवाल, सामाजिक कार्यकर्ता सत्य प्रकाश उर्फ गुल्ली, पंकज बरनवाल, चिंटू कुमार और अमरेश कुमार समेत अन्य लोगों ने तत्परता दिखाते हुए टेंपो के नीचे फंसे यात्रियों को बाहर निकाला .

घायलों को मौके पर प्राथमिक उपचार दिलाया गया . इसके बाद सभी को इलाज के लिए सदर अस्पताल भेजा गया, जहां उनका इलाज चल रहा है . चिकित्सकों के अनुसार सभी घायल फिलहाल खतरे से बाहर हैं .

चौक की घेराबंदी पर उठे सवाल, दृश्यता बाधित होने का आरोप

हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने घटनास्थल के समीप एक स्वयंसेवी संस्था द्वारा लोहे से की गयी चौक की घेराबंदी पर सवाल उठाये हैं . लोगों का कहना है कि घटनास्थल के पास तीखा मोड़ है और घेराबंदी के कारण दूसरी ओर से आने वाले वाहन चालकों को सामने से आ रहे वाहनों का स्पष्ट अंदाजा नहीं मिल पाता है .

स्थानीय लोगों की आशंका है कि घेराबंदी के कारण सड़क की दृश्यता प्रभावित हुई और इसी वजह से दोनों वाहनों के चालक एक-दूसरे को समय रहते नहीं देख सके होंगे . हालांकि हादसे की वास्तविक वजह जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी .

यह भी पढ़ें:

जय गुरु’ से गूंजा देवघर, ठाकुर अनुकूलचंद्र के 81वें शुभागमन पर उमड़ा आस्था का सैलाब

टेंपो के नीचे दबी दो महिला यात्री

स्थानीय लोगों के अनुसार, टेंपो पलटने के बाद दो महिला यात्री उसके नीचे दब गयी थीं . दोनों की स्थिति उस समय गंभीर हो गयी थी . मौके पर मौजूद लोगों ने काफी मशक्कत के बाद उन्हें बाहर निकाला और तत्काल अस्पताल पहुंचाया .

घटना के बाद स्थानीय लोगों में चौक की मौजूदा व्यवस्था को लेकर नाराजगी भी देखने को मिली . लोगों का कहना है कि यदि किसी हादसे के बाद भी सड़क की खामियों पर ध्यान नहीं दिया गया तो भविष्य में इससे भी गंभीर दुर्घटना हो सकती है .

प्रशासन से चौक का निरीक्षण कराने की मांग

स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन और यातायात विभाग से घटनास्थल का निरीक्षण कराने की मांग की है . लोगों का कहना है कि तीखे मोड़ और लोहे की घेराबंदी के कारण वाहन चालकों की दृश्यता प्रभावित हो रही है .

स्थानीय लोगों ने चौक की घेराबंदी और यातायात व्यवस्था की समीक्षा कर आवश्यक सुधार करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की दुर्घटनाओं की पुनरावृत्ति को रोका जा सके .

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola