बम- बम बोल रहा देवघर... सावन के बाद अब भादो मेले में कावरियों का उमड़ा सैलाब
बाबा बैद्यनाथ मंदिर परिसर में उमड़ी भीड़.
बाबाधाम में भादो मेले का पांचवां दिन, भक्तों का जनसैलाब उमड़ा. शीघ्र दर्शनम् से सुगम हुई पूजा. डीसी-एसपी ने संभाली कमान. पढ़ें पूरी रिपोर्ट.
देवघर . बाबाधाम में चल रहे भादो मेले के पांचवें दिन बुधवार को श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी . सुबह से ही बाबा बैद्यनाथ के दरबार में भक्तों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया . मंदिर का पट खुलते ही श्रद्धालु कतार में लग गये और अपनी बारी का इंतजार करते हुए बाबा पर जलार्पण किया . बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने स्पर्श पूजा का लाभ उठाकर बाबा बैद्यनाथ का दर्शन किया . इस दौरान मंदिर परिसर से लेकर आसपास के इलाकों तक आस्था और भक्ति का माहौल बना रहा . बाबा के जयकारों और ‘बोल बम’ के उद्घोष से पूरा बाबाधाम गुंजायमान रहा .
आपके शहर में
शीघ्र दर्शनम् से आसान हुई पूजा, सामान्य कतार में भी दिखी भीड़
भादो मेले में आने वाले श्रद्धालुओं के बीच शीघ्र दर्शनम् की सुविधा खासा लोकप्रिय बनी हुई है . बड़ी संख्या में श्रद्धालु इस सुविधा का लाभ उठाकर कम समय में बाबा का दर्शन और जलार्पण कर रहे हैं . निर्धारित व्यवस्था के तहत श्रद्धालुओं को शीघ्र दर्शनम् के माध्यम से मंदिर में प्रवेश कराया जा रहा है . इससे सामान्य कतार में भीड़ के दबाव को नियंत्रित करने में मदद मिल रही है .
हालांकि बुधवार को सामान्य कतार में भी श्रद्धालुओं की अच्छी-खासी भीड़ देखने को मिली . प्रशासन और मंदिर प्रबंधन की ओर से कतार व्यवस्था पर लगातार नजर रखी जा रही है, ताकि श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े .
यह भी पढ़ें:
बिना हेलमेट वालों की खैर नहीं: पाकुड़ में 173 वाहन चालकों के कटे चालान
डीसी-एसपी खुद संभाल रहे व्यवस्था की कमान
श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है . डीसी सौरभ कुमार भुवानिया और एसपी प्रवीन पुष्कर खुद मंदिर परिसर की व्यवस्थाओं की मॉनिटरिंग कर रहे हैं . श्रद्धालुओं की सुरक्षा, कतार व्यवस्था और सुगम जलार्पण को लेकर अधिकारियों को लगातार दिशा-निर्देश दिये जा रहे हैं .
प्रशासन का फोकस इस बात पर है कि भीड़ के बीच श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी नहीं हो और उन्हें सुरक्षित व व्यवस्थित तरीके से बाबा बैद्यनाथ का दर्शन कराया जा सके . मंदिर परिसर के साथ आसपास के क्षेत्रों में तैनात कर्मियों और सुरक्षाकर्मियों को भी पूरी तरह मुस्तैद रखा गया है .

मंदिर प्रभारी और प्रबंधक की टीम भी मुस्तैद
मंदिर प्रभारी सह एसडीओ रवि कुमार भी सुबह से ही व्यवस्था पर नजर रखे हुए हैं . वहीं मंदिर के मुख्य प्रबंधक रमेश परिहस्त के साथ पुरोहितों की टीम श्रद्धालुओं को सुगम तरीके से जलार्पण कराने में सहयोग कर रही है .
मंदिर परिसर में तैनात कर्मी और सुरक्षाकर्मी भी लगातार सक्रिय हैं . भीड़ के बीच श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और धार्मिक अनुष्ठान की व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने का प्रयास जारी है .
भादो मेले के पांचवें दिन बाबाधाम में आस्था का रंग देखते ही बन रहा है . मंदिर परिसर से लेकर आसपास के इलाकों तक हर ओर ‘बोल बम’ और ‘बाबा बैद्यनाथ की जय’ के जयकारे गूंज रहे हैं . श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के बीच पूरा देवघर शिवमय नजर आ रहा है .
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए