डीसी का निर्देश: श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा से जुड़े सभी कार्य तय समय सीमा में करें पूर्ण

श्रावणी मेला की तैयारी का जायजा लेते डीसी सौरभ भुवानिया, एसपी प्रवीन पुष्कर, नगर आयुक्त सुलोचना मीणा, एसडीओ रवि कुमार सहित अन्य अधिकारी | Prabhat Khabar Network
देवघर श्रावणी मेला 2026 की तैयारियों का डीसी और एसपी ने लिया जायजा। श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए सभी कार्य समय पर पूरा करने के दिए सख्त निर्देश।
देवघर : राजकीय श्रावणी मेला-2026 की तैयारियों का जायजा लेने के लिए डीसी सौरभ कुमार भुवानिया और पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर ने मंगलवार को संयुक्त रूप से दुम्मा बॉर्डर से खिजुरिया तक मेला क्षेत्र एवं कांवरिया रूटलाइन का निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा और सुगम आवागमन से जुड़े सभी कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर हर हाल में पूरे किए जाएं.
टेंट सिटी में सुरक्षा और सुविधाओं पर विशेष जोर
निरीक्षण के दौरान आईएसबीटी, कोठिया टेंट सिटी, सरसा, परित्राण और भलुवा का निरीक्षण किया गया. डीसी ने कोठिया में बन रही टेंट सिटी में स्वच्छता, बेहतर वेंटिलेशन, फायर सेफ्टी, विद्युत ऑडिट और सुरक्षित बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए. साथ ही शौचालयों की उचित दूरी, पर्याप्त रोशनी और सुरक्षा मानकों का पूरी तरह पालन करने को कहा.
पार्किंग स्थलों को बनाया जाएगा श्रद्धालु-अनुकूल
कोठिया, सरसा, परित्राण और भलुवा में विकसित किए जा रहे वाहन पड़ाव स्थलों पर बैरिकेडिंग, महिला एवं पुरुषों के लिए अलग शौचालय, स्नानगृह, स्वास्थ्य शिविर, साउंड सिस्टम और सूचना बोर्ड की व्यवस्था समय पर पूरी करने का निर्देश दिया गया. डीसी ने कहा कि पार्किंग व्यवस्था सुव्यवस्थित होने से यातायात और भीड़ नियंत्रण में बड़ी मदद मिलेगी.
कांवरिया पथ पर हर सुविधा समय पर हो पूरी
दुम्मा बॉर्डर से कांवरिया पथ का निरीक्षण करते हुए डीसी ने पूरे रूटलाइन पर महीन बालू बिछाने, बिजली के तारों को सुरक्षित ऊंचाई पर करने, चापाकलों के आसपास सफाई, अतिक्रमण हटाने तथा प्रशासनिक शिविर, ओपी, स्वास्थ्य केंद्र, सूचना-सहायता केंद्र, होल्डिंग प्वाइंट, शौचालय और स्नानगृह की व्यवस्था समय पर पूरी करने का निर्देश दिया. उन्होंने पूरे रूटलाइन पर पेयजल की निर्बाध उपलब्धता सुनिश्चित करने और कहीं भी पानी का जमाव नहीं होने देने पर भी जोर दिया.
24 घंटे सफाई और निर्बाध बिजली-पानी की व्यवस्था के निर्देश
डीसी ने नगर निगम, पेयजल एवं स्वच्छता विभाग तथा विद्युत विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिया कि मेला क्षेत्र में चौबीसों घंटे साफ-सफाई, निर्बाध पेयजल आपूर्ति और सुरक्षित विद्युत व्यवस्था सुनिश्चित की जाए. उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए और सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ समयबद्ध तरीके से कार्य पूरा करें. निरीक्षण के दौरान उप विकास आयुक्त पीयूष सिन्हा, नगर आयुक्त सुलोचना मीना, अपर समाहर्ता, एसडीओ, एसडीपीओ, ट्रैफिक डीएसपी सहित विभिन्न विभागों के कार्यपालक अभियंता, नगर निगम, डीएमएफटी तथा संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद थे.
एसपी का निर्देश: सुरक्षा व्यवस्था में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं हो
संयुक्त निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर ने मेला क्षेत्र, कांवरिया पथ और विभिन्न पार्किंग स्थलों की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया. उन्होंने पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिया कि श्रावणी मेले के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता रहे. रूटलाइन, टेंट सिटी, पार्किंग स्थल और प्रमुख पड़ावों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, बैरिकेडिंग, ट्रैफिक प्रबंधन, भीड़ नियंत्रण तथा आपात स्थिति से निपटने की पूरी तैयारी समय रहते सुनिश्चित की जाए. उन्होंने कहा कि सभी पुलिस पदाधिकारी आपसी समन्वय के साथ कार्य करें, ताकि श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित वातावरण उपलब्ध कराया जा सके.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










