देवघर में कार्बाइन के साथ अपराधी गिरफ्तार, दो मैगजीन और मोबाइल बरामद
प्रेस वार्ता करते एसपी प्रवीण पुष्कर, साथ में एसडीपीओ व अन्य | Prabhat Khabar Network
देवघर के कुंडा थाना क्षेत्र में पुलिस ने छापेमारी कर कार्बाइन मशीन गन और दो मैगजीन के साथ एक अपराधी को गिरफ्तार किया है. मामले की जांच जारी.
देवघर: कुंडा थाना क्षेत्र के कोरियासा मैदान के आसपास शुक्रवार को पुलिस ने छापेमारी कर कार्बाइन मशीन गन के साथ एक अपराधी को गिरफ्तार किया. पुलिस ने उसके पास से एक कार्बाइन मशीन गन, दो मैगजीन और एक कीपैड मोबाइल बरामद किया है.
गिरफ्तार आरोपी की पहचान जसीडीह थाना क्षेत्र के रोहिणी परमेश्वर चौक निवासी सूरज कुमार सिंह (28), पिता भरत सिंह के रूप में हुई है. वह मूल रूप से बिहार का रहने वाला बताया गया है.
एसपी प्रवीण पुष्कर ने अपने कार्यालय स्थित सभाकक्ष में प्रेस वार्ता कर पुलिस की कार्रवाई की जानकारी दी.
हथियारों की खरीद-बिक्री की सूचना पर पहुंची पुलिस
एसपी ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि कुंडा थाना क्षेत्र के कोरियासा मैदान के आसपास कुछ अपराधकर्मी अवैध हथियार की खरीद-बिक्री के इरादे से बैठे हैं.
सूचना के आधार पर विशेष टीम गठित कर छापेमारी की गयी. पुलिस टीम को देखते ही एक अपराधी भागने लगा. पुलिस ने पीछा कर उसे पकड़ लिया.
गंजी के अंदर छिपाकर रखा था हथियार
पुलिस के अनुसार, तलाशी के दौरान आरोपी के शरीर के बायीं ओर गंजी के अंदर छिपाकर रखा एक थैला बरामद हुआ.
थैले की तलाशी लेने पर उसमें काले रंग की कार्बाइन मशीन गन, दो मैगजीन और एक कीपैड मोबाइल मिला. इसके बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया.
बालू कारोबारी के लिए मुंगेर से लाया था कार्बाइन
एसपी ने बताया कि पूछताछ में पुलिस को जानकारी मिली है कि सूरज ने उक्त कार्बाइन कुछ वर्ष पूर्व बालू कारोबारी दीपक झा के लिए बिहार के मुंगेर से खरीदकर लायी थी.
दीपक झा को भी पुलिस ने हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है. पुलिस के अनुसार, दीपक ने करीब दो वर्ष पहले जसीडीह थाना क्षेत्र के बसंतपुर में बालू घाट का टेंडर लिया था.
पुलिस के मुताबिक, उस दौरान बाबा गिरोह के सदस्य उसे रंगदारी के लिए परेशान कर रहे थे. इससे बचने के लिए दीपक ने सूरज से कार्बाइन सहित अन्य हथियार खरीदकर मंगवाये थे.
अन्य हथियारों की तलाश में छापेमारी जारी
पुलिस के अनुसार, फिलहाल कार्बाइन की आवश्यकता नहीं होने पर दीपक ने सूरज को उसे बेचने के लिए कहा था.
दीपक की निशानदेही पर कुंडा थाना पुलिस अन्य हथियारों की बरामदगी के लिए अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी कर रही है.
पहले भी जेल जा चुका है सूरज
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी सूरज कुमार सिंह का पूर्व से आपराधिक इतिहास रहा है.
वह देवीपुर थाना कांड संख्या 137/19 में धारा 392 भादवि के तहत दर्ज लूट के मामले में पूर्व में जेल जा चुका है. इसके अलावा बिहार के बांका थाना क्षेत्र में शराब के अवैध परिवहन के मामले में भी उसके जेल जाने की जानकारी पुलिस को मिली है.
पुलिस टीम में ये अधिकारी रहे शामिल
एसपी के निर्देश पर गठित छापेमारी दल में एसडीपीओ कुलदीप कुमार, जसीडीह थाना प्रभारी दीपक कुमार, कुंडा थाना प्रभारी प्रशांत कुमार, एएसआइ शिवयतन मुर्मू समेत तकनीकी शाखा के पुलिसकर्मी रियाजुल हक, चंदन कुमार साह और प्रवीण कुमार शामिल रहे.
इसके अलावा चौकीदार अनिल मंडल और सच्चिदानंद मंडल ने भी छापेमारी अभियान में सहयोग किया.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए