देवघर में बैंककर्मियों का हल्लाबोल, SBI के सामने जमकर नारेबाजी; 5-दिवसीय बैंकिंग की मांग
देवघर जिले के विभिन्न बैंकों के समक्ष हड़ताल के दौरान कर्मियों का प्रदर्शन.
देवघर में बैंक कर्मचारियों ने देशव्यापी हड़ताल में भाग लिया, अपनी लंबित मांगों को लेकर प्रदर्शन किया. उनकी मुख्य मांगें 5-दिवसीय बैंकिंग व्यवस्था लागू करना और PLI व्यवस्था में संशोधन हैं.
संजीत मंडल, देवघर: देशव्यापी बैंक हड़ताल के तहत गुरुवार को देवघर में बैंक कर्मचारी और अधिकारी एकजुट हुए. विभिन्न बैंक यूनियनों से जुड़े कर्मचारियों ने भारतीय स्टेट बैंक की मुख्य शाखा के सामने प्रदर्शन किया और केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की.
बैंककर्मियों ने अपनी लंबित मांगों को लेकर सरकार से जल्द सकारात्मक पहल करने की मांग की. प्रदर्शन के दौरान कर्मचारियों ने स्पष्ट किया कि मांगें पूरी नहीं होने पर आंदोलन को और तेज किया जाएगा.
5-दिवसीय बैंकिंग व्यवस्था लागू करने की मांग
प्रदर्शन में बैंककर्मियों ने 5-दिवसीय बैंकिंग व्यवस्था लागू करने की मांग प्रमुखता से उठायी.
कर्मचारियों का कहना था कि 8 मार्च 2024 को हुए 12वें द्विपक्षीय वेतन समझौते और ज्वाइंट नोट में पांच दिवसीय बैंकिंग व्यवस्था लागू करने पर सहमति बनी थी. इसके बावजूद अब तक इसे लागू नहीं किया गया है.
बैंक यूनियनों ने सरकार से लंबे समय से लंबित इस मांग पर जल्द फैसला लेने की मांग की.
PLI व्यवस्था को बताया भेदभावपूर्ण
प्रदर्शनकारियों ने सरकार की प्रस्तावित PLI (Performance Linked Incentive) व्यवस्था का भी विरोध किया.
बैंक कर्मचारियों का आरोप है कि नई व्यवस्था से अलग-अलग कैडर के कर्मचारियों और अधिकारियों के बीच असमानता पैदा हो सकती है. यूनियनों ने मांग की कि PLI व्यवस्था को लेकर द्विपक्षीय वार्ता की जाए और आवश्यक संशोधन के बाद ही इसे लागू किया जाए.
पेंशन और NPS समेत कई मांगें उठीं
बैंककर्मियों ने सिर्फ पांच दिवसीय बैंकिंग और PLI का मुद्दा ही नहीं उठाया, बल्कि पेंशन में सुधार व अद्यतन, सभी पेंशनभोगियों के लिए समान DA फॉर्मूला और NPS कर्मचारियों को OPS में आने का विकल्प देने समेत अन्य लंबित मांगों को भी प्रमुखता से रखा.
प्रदर्शन के दौरान कर्मचारियों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और मांगें पूरी होने तक आंदोलन जारी रखने का ऐलान किया.
बोले UFBU संयोजक- न्यायसंगत व्यवस्था के लिए संघर्ष

UFBU के संयोजक मुन्ना कुमार झा ने कहा कि बैंक कर्मचारी किसी के विरोध में नहीं, बल्कि न्यायसंगत और समान व्यवस्था के लिए संघर्ष कर रहे हैं.
उन्होंने कहा कि सरकार को बैंक यूनियनों के साथ सार्थक वार्ता कर लंबित मांगों का समाधान करना चाहिए. मांगें पूरी नहीं होने पर आंदोलन को और तेज किया जाएगा.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए