बसंत पंचमी पर बाबा बैद्यनाथ को चढ़ा तिलक, 26 को होगा विवाह, एक लाख से अधिक भक्तों ने किया जलार्पण

बसंत पंचमी पर बाबा मंदिर में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़. फोटो : प्रभात खबर
Basant Panchami in Baba Dham: बसंत पंचमी के दिन बाबा बैद्यनाथ को तिलक चढ़ाया गया. अब 26 फरवरी को महाशिवरात्रि के दिन बाबा भोलेनाथ और पार्वती का विवाह होगा. बसंत पंचमी के दिन 1 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने बाबा का जलाभिषेक किया.
Table of Contents
Basant Panchami in Baba Dham: माघ मास शुक्ल पक्ष की बसंत पंचमी तिथि पर पूरे विधि-विधान व मंत्रोच्चार के साथ बाबा बैद्यनाथ को तिलक चढ़ाया गया. तिलकोत्सव संपन्न होने के 23 दिन बाद 26 फरवरी को महाशिवरात्रि के दिन बाबा भोलेनाथ और मां पर्वती का विवाह होगा. परंपरा के अनुसार, सोमवार देर शाम बाबा मंदिर परिसर स्थित लक्ष्मी नारायण मंदिर परिसर में बाबा भोले की तिलक पूजा की गयी. इससे पहले अहले सुबह सरदारी पूजा में बाबा को सरदार पंडा ने गुलाल अर्पित कर तिलक पूजा की शुरुआत की.
बाबा मंदिर इस्टेट की ओर से तिलक पूजा का आयोजन
सोमवार को बाबा मंदिर इस्टेट की ओर से बाबा भोलेनाथ की तिलक पूजा का आयोजन किया. सरदार पंडा की मौजूदगी में पूजा हुई. सबसे पहले शाम साढ़े सात बजे बाबा मंदिर का पट खोला गया. इसके बाद पुजारी चंदन झा ने बाबा की शृंगार पूजा की. बाबा का शृंगार दो चरणों में किया गया. बाबा को फूलेल लगाकर पहले चरण का शृंगार किया गया. उसके बाद मंदिर परिसर स्थित लक्ष्मी नारायण मंदिर में बाबा भोलेनाथ की विशेष तिलक पूजा की गयी.
फाल्गुन मास पूर्णिमा तक गुलाल चढ़ाने की परंपरा
उपचारक भक्तिनाथ फलहारी ने पूजा संपन्न करने में सहयोग किया. यहां तिलक पूजा के दौरान गुलाल सहित आम का मंजर आदि अर्पित करने के बाद आरती के साथ पूजा का समापन हुआ. उसके बाद पुजारी श्री झा ने बाबा मंदिर के गर्भ गृह में प्रवेश किया. यहां पर दो बार बाबा की शृंगार पूजा हुई. बाबा को चंदन लगाने के बाद उनको गुलाल चढ़ाकर उनका तिलक किया गया. आज से बाबा भोलेनाथ को फाल्गुन मास पूर्णिमा तक गुलाल चढ़ाने की परंपरा चलेगी.
बाबा को तिलक चढ़ते ही शुरू हो गयी मिथिला की होली
बसंत पंचमी पर बाबा के तिलकोत्सव के साथ ही मिथिला की होली भी प्रारंभ हो गयी. बाबा का तिलक होते ही बाबा नगरी पहुंचे तिलकहरुओं ने एक-दूसरे को गुलाल लगाकर खुशी मनायी. इस अवसर पर बाबा बैद्यनाथ की पूजा और जलार्पण करने के लिए बड़ी तादाद में शिवभक्त उमड़े. इसमें मिथिलांचल और नेपाल के भक्तों की तादाद अधिक थी. सोमवार को करीब एक लाख से अधिक लोगों ने जलार्पण किये. अहले सुबह से ही पूरा बाबा मंदिर परिसर मिथिलांचल के भक्तों से पटा रहा. इस दौरान भक्तों की कतार तकरीबन 4 से 5 किलोमीटर लंबी हो गयी.
झारखंड की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
बसंत पंचमी पर उमड़ी भक्तों की भीड़
बसंत पंचमी पर बाबा मंदिर में हजारों श्रद्धालु पहुंचे. बाबा मंदिर परिसर स्थित सरस्वती मंदिर और बाबा भोलेनाथ के शिवलिंग पर सुबह से ही श्रद्धालु जलाभिषेक कर बेहतर भविष्य की कामना करते दिखे. मंदिर आये श्रद्धालुओं ने कहा कि पुरानी परंपरा के अनुसार, बसंत पंचमी के दिन मिथिलांचल से आये लोग भगवान भोलेनाथ का तिलक और जलाभिषेक करते हैं.
बच्चे बोले – आज पूजा करने से पूरी होती है हर मनोकामना
बच्चों ने कहा कि आज के दिन भगवान भोलेनाथ के मंदिर में पूजा करने से हर मनोकामना पूरी होती है. मंदिर के पुरोहित बाबा झा ने कहा कि हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी भीड़ देखने को मिल रही है. कुंभ का असर इस मेले पर भी हुआ है. हर साल की अपेक्षा कांवरियों की संख्या में 60 फीसदी कमी रही. जिला प्रशासन आए भक्तों को कतार में लगाकर श्रद्धालुओं को जलाभिषेक करने के लिए मंदिर के अंदर गर्भगृह में भेजने की व्यवस्था पट बंद होने तक जारी रही.
देवघर की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
श्रावणी से प्राचीन मेला है बसंत पंचमी का मेला
बसंत पंचमी का मेला सावन के मेले से भी प्राचीन है. बसंत पंचमी के दिन भगवान भोलेनाथ और माता पार्वती के तिलक महोत्सव का आयोजन होता है. इस वर्ष शिवरात्रि को लेकर भी जिला प्रशासन और पंडा धर्मरक्षिणी की तरफ से व्यापक इंतजाम किये जा रहे हैं. बसंत पंचमी पर होने वाली भीड़ को लेकर जिला प्रशासन की तरफ से भी पर्याप्त इंतजाम किये गये थे. जगह-जगह बैरिकेडिंग करके श्रद्धालुओं को सुविधा दी जा रही है. इसी के साथ सभी मुख्य चौक-चौराहों पर पुलिस की भी तैनाती की गयी है,
साढ़े चार हजार भक्तों ने लिया कूपन
बसंत पंचमी के दिन सुबह चार बजे से शाम साढ़े छह बजे तक बाबा का पट खुला रहा. इस दौरान एक लाख से अधिक भक्तों ने जलार्पण किया. इस दौरान कूपन का रेट भी अन्य दिनों की अपेक्षा दोगुना था. बसंत पंचमी के दिन प्रति व्यक्ति 600 रुपए की दर से कूपन जारी हुआ. इस व्यवस्था के तहत 4469 लोगों ने मंदिर प्रशासनिक भवन के रास्ते से जलार्पण किया. इस व्यवस्था के तहत मंदिर को 26,81,400 रुपए का राजस्व प्राप्त हुआ है.
इसे भी पढ़ें
3 महिला समेत झारखंड के 6 अफसर बने आईएएस, नॉन स्टेट सिविल सर्विस के अधिकारियों का हुआ प्रमोशन
Video: मंईयां सम्मान योजना से महिलाओं को सशक्त बना रही झारखंड सरकार, दुमका में बोले हेमंत सोरेन
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Mithilesh Jha
मिथिलेश झा PrabhatKhabar.com में पश्चिम बंगाल राज्य प्रमुख (State Head) के रूप में कार्यरत वरिष्ठ पत्रकार हैं. उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 32 वर्षों से अधिक का व्यापक अनुभव है. उनकी रिपोर्टिंग राजनीति, सामाजिक मुद्दों, जलवायु परिवर्तन, नवीकरणीय ऊर्जा, कृषि और अन्य समसामयिक विषयों पर केंद्रित रही है, जिससे वे क्षेत्रीय पत्रकारिता में एक विश्वसनीय और प्रामाणिक पत्रकार के रूप में स्थापित हुए हैं. अनुभव : पश्चिम बंगाल, झारखंड और बिहार में 3 दशक से अधिक काम करने का अनुभव है. वर्तमान भूमिका : प्रभात खबर डिजिटल (prabhatkhabar.com) में पश्चिम बंगाल के स्टेट हेड की भूमिका में हैं. वे डिजिटल न्यूज कवर करते हैं. तथ्यात्मक और जनहित से जुड़ी पत्रकारिता को प्राथमिकता देते हैं. वर्तमान में बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 पर पूरी तरह से फोकस्ड हैं. भौगोलिक विशेषज्ञता : उनकी रिपोर्टिंग का मुख्य फोकस पश्चिम बंगाल रहा है, साथ ही उन्होंने झारखंड और छत्तीसगढ़ की भी लंबे समय तक ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग की है, जो उनकी क्षेत्रीय समझ और अनुभव को दर्शाता है. मुख्य विशेषज्ञता (Core Beats) : उनकी पत्रकारिता निम्नलिखित महत्वपूर्ण और संवेदनशील क्षेत्रों में गहरी विशेषज्ञता को दर्शाती है :- राज्य राजनीति और शासन : झारखंड और पश्चिम बंगाल की राज्य की राजनीति, सरकारी नीतियों, प्रशासनिक निर्णयों और राजनीतिक घटनाक्रमों पर निरंतर और विश्लेषणात्मक कवरेज. सामाजिक मुद्दे : आम जनता से जुड़े सामाजिक मुद्दों, जनकल्याण और जमीनी समस्याओं पर केंद्रित रिपोर्टिंग. जलवायु परिवर्तन और नवीकरणीय ऊर्जा : पर्यावरणीय चुनौतियों, जलवायु परिवर्तन के प्रभाव और रिन्यूएबल एनर्जी पहलों पर डेटा आधारित और फील्ड रिपोर्टिंग. डाटा स्टोरीज और ग्राउंड रिपोर्टिंग : डेटा आधारित खबरें और जमीनी रिपोर्टिंग उनकी पत्रकारिता की पहचान रही है. विश्वसनीयता का आधार (Credibility Signal) : तीन दशकों से अधिक की निरंतर रिपोर्टिंग, विशेष और दीर्घकालिक कवरेज का अनुभव तथा तथ्यपरक पत्रकारिता के प्रति प्रतिबद्धता ने मिथिलेश झा को पश्चिम बंगाल और पूर्वी भारत के लिए एक भरोसेमंद और प्रामाणिक पत्रकार के रूप में स्थापित किया है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




