देवघर : विधायक की गाड़ी पर हुआ था हमला
Published by :Prabhat Khabar Digital Desk
Published at :22 Feb 2019 4:05 AM (IST)
विज्ञापन

देवघर : विधायक नारायण दास की स्कॉर्पियो का शीशा टूटने के मामले में फोरेंसिक रिपोर्ट आ गयी है. इसमें खुलासा हुआ है कि विधायक की गाड़ी की खिड़की का शीशा किसी जोरदार चीज के टकराने से टूटा है. मामले में फोरेंसिक साइंस निदेशालय होटवार रांची के सहायक निदेशक बीके ठाकुर व संयुक्त उप निदेशक सत्येंद्र […]
विज्ञापन
देवघर : विधायक नारायण दास की स्कॉर्पियो का शीशा टूटने के मामले में फोरेंसिक रिपोर्ट आ गयी है. इसमें खुलासा हुआ है कि विधायक की गाड़ी की खिड़की का शीशा किसी जोरदार चीज के टकराने से टूटा है. मामले में फोरेंसिक साइंस निदेशालय होटवार रांची के सहायक निदेशक बीके ठाकुर व संयुक्त उप निदेशक सत्येंद्र सिंह ने 15 जून 2018 को ही इसकी रिपोर्ट जारी कर दी थी. वहां से जून 2018 में ही देवघर एसपी कार्यालय को रिपोर्ट प्राप्त हो गयी थी.
बावजूद अब तक मामले में कोई कार्रवाई नहीं हुई और आठ महीने से रिपोर्ट को पुलिस कार्यालय दबाये बैठी रही. इस दौरान कम सुरक्षा में ही विधायक देवघर से अपने गांव जसीडीह थानांतर्गत राधे मोहडार व विधानसभा क्षेत्र से रांची आते-जाते रहे. इधर, एक-दो दिन पूर्व जब फोरेंसिक रिपोर्ट विधायक को हाथ लगी, तब वे घबराये हालत में 20 फरवरी को एसपी से मिलने पहुंचे. विधायक ने फोरेंसिक रिपोर्ट दिखाते हुए एसपी से अपने व परिजनों की सुरक्षा पर चिंता जतायी. इस पर एसपी गंभीर हुए और विधायक के सुरक्षाकर्मियों को एके-47 हथियार दिये गये.
साथ ही विधायक को हाउस गार्ड एलॉट करने की बात भी कह रहे हैं. इससे पहले एमवीआइ की जारी रिपोर्ट में कहा गया था कि 09 मई 2018 की रात में तापमान के उतार-चढ़ाव से विधायक की गाड़ी का शीशा टूटा. वहीं फोरेंसिक रिपोर्ट ने एमवीआइ की रिपोर्ट को नकार दिया है.
चालक ने दर्ज करायी थी एफआइआर : स्कॉर्पियो चालक पाकुड़ जिले के महेशपुर थाना क्षेत्र के धर्मवापाड़ा निवासी सत्यवान लेट के आवेदन पर जसीडीह थाने में 10 मई 2018 को एफआइआर दर्ज करायी गयी थी. जिक्र है कि रात आठ बजे पत्नी रीता भारती, पुत्री शिवानी, पांच वर्ष के नाती व दो अंगरक्षकों के साथ विधायक काम से देवघर आये थे.
काम हो जाने के बाद रात्रि करीब 10:30 बजे अपने घर कोयरीडीह राधे मोहडार के लिए चले. करीब 10:55 बजे धरवाडीह पुलिया के समीप गाड़ी पर हमला कर दिया गया. चालक की तरफ का व सामने का शीशा टूट गया. अचानक हमला से विधायक व उनके परिजन काफी भयभीत हुए थे.
अधिक रात्रि होने के कारण गाड़ी आगे बढ़वाकर विधायक ने बसंतपुर गांव के समीप रोकवायी थी और मामले की सूचना फोन पर जसीडीह थाने को दी थी. घटना में ड्राइवर के साइड के शीशे पूरी तरह टूटे हुए थे. शीशा का टुकड़ा ड्राइवर और उनकी बेटी के आंख में भी जा पड़ा था. विधायक ने उस वक्त कहा था कि किसी प्रोफेशनल ने जान मारने की नीयत से ऐसा किया. घटना में राजनीतिक षड्यंत्र से इनकार नहीं किया जा सकता.
एमवीआइ ने बताया था, तापमान के उतार-चढ़ाव में टूटा गाड़ी का शीशा : मामले की जांच के लिए दुमका से स्निफर डॉग मंगाया गया था. स्निफर डॉग को जसीडीह थाने की पुलिस घटनास्थल ले गयी, किंतु कोई सुराग हाथ नहीं लग सका था. मामले में एमवीआइ बुद्धिनाथ चौधरी ने विधायक की स्कॉर्पियो की जांच कर रिपोर्ट दी थी. एमवीआइ रिपोर्ट के मुताबिक विधायक की गाड़ी का शीशा तापमान के उतार-चढ़ाव में टूटा.
फोरेंसिक रिपोर्ट से सामने आये तथ्य
आठ महीने तक फोरेंसिक रिपोर्ट दबाये बैठी रही पुलिस
रिपोर्ट की कॉपी हाथ लगी, तो 20 फरवरी को एसपी से मिले विधायक नारायण दास
हरकत में आयी पुलिस, विधायक के सुरक्षाकर्मियों को मिला एके-47
शीघ्र मिलेगा हाउस गार्ड
काम के दबाव में फोरेंसिक रिपोर्ट नहीं देख सका. बुधवार को विधायक जी मिले, तब रिपोर्ट के बारे में जानकारी हुई. फिलहाल उनके सुरक्षाकर्मियों का हथियार बदलवाया गया है. जल्द ही हाउस गार्ड भी एलॉट किये जायेंगे.
– नरेंद्र कुमार सिंह, एसपी, देवघर
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
विज्ञापन
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।
Tags
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए
विज्ञापन




