बसों की कलेक्शन लेकर निकले युवक को घेरा, मारपीट कर 42,500 रुपये छीनने का आरोप
सांकेतिक तस्वीर
देवघर में बसों से कलेक्शन कर लौट रहे युवक से मारपीट कर ₹42,500 लूटे. पिस्टल सटाकर रंगदारी मांगने का आरोप. पूरी वारदात.
देवघर : रिखिया थाना क्षेत्र के बैद्यनाथपुर मोड़ पर बसों से कलेक्शन किये गये 42,500 रुपये छीनने, मारपीट कर घायल करने और पिस्टल सटाकर धमकी देने का मामला सामने आया है. घटना को लेकर घौड़दौड़ा, पांडेय मोड़ निवासी सुनंत कुमार मिश्रा ने रिखिया थाना में प्राथमिकी दर्ज करायी है.
आपके शहर में
बसों से कलेक्शन कर लौट रहे थे शिकायतकर्ता
प्राथमिकी के अनुसार, 18 अगस्त की शाम करीब 3:30 बजे सुनंत कुमार मिश्रा पागल बाबा बस के मालिक के निर्देश पर बसों से चालान के रूप में 42,500 रुपये कलेक्शन कर घर लौट रहे थे. इसी दौरान बैद्यनाथपुर पेट्रोल पंप के सामने सात-आठ लोगों ने उन्हें घेर लिया.
मारपीट कर रुपये छीनने का आरोप
शिकायतकर्ता का आरोप है कि चंदन यादव, राहुल चौहान, सूरज यादव समेत चार-पांच अज्ञात लोगों ने उन्हें घसीटकर गली में ले गये. इसके बाद लाठी-डंडे और ईंट-पत्थर से मारपीट की और कलेक्शन की रकम छीन ली. शिकायतकर्ता ने चांदी की चेन छीनने का भी आरोप लगाया है.
पिस्टल सटाकर धमकाने का आरोप
शिकायतकर्ता के अनुसार, चंदन यादव ने पिस्टल सटाकर धमकाया और मोबाइल से डब्ल्यू नामक व्यक्ति से बात करायी. आरोप है कि डब्ल्यू ने बस मालिक से पांच लाख रुपये रंगदारी पहुंचाने की मांग की. साथ ही मांग पूरी नहीं होने पर बस संचालन नहीं करने देने की धमकी देने का आरोप लगाया गया है.
इलाज के बाद दिया आवेदन
शिकायतकर्ता ने आवेदन देने में इलाज के कारण हुई देरी की बात कही है. पुलिस प्राथमिकी के आधार पर मामले की छानबीन कर रही है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए