गिद्धौर में घर छिनने से स्कूल में रहने को मजबूर 40 बिरहोर परिवार, प्रमुख प्रतिनिधि से लगाई गुहार
जर्जर बिरहोर कॉलोनी में रह रहे बिरहोर परिवार : Prabhat Khabar
गिद्धौर के डुमरिया में बिरहोर परिवार बेघर होकर स्कूल में रहने को मजबूर हैं. प्रशासन से मदद की गुहार लगाई गई है. जानें पूरी खबर विस्तार से.
गिद्धौर (चतरा). चतरा जिले के गिद्धौर प्रखंड अंतर्गत द्वारी पंचायत के संगड़वा (डुमरिया टोला) निवासी लगभग 40 बिरहोर परिवार आशियाने के अभाव में दर-दर भटकने को मजबूर हैं. पीड़ित परिवार फिलहाल पूरे कुनबे के साथ द्वारी स्थित बाजार टांड़ स्कूल में शरण लिए हुए हैं.
चानो बिरहोर, भादे बिरहोर, कटैया बिरहोर और झालो देवी समेत अन्य सदस्यों ने बताया कि वे वर्षों से डुमरिया स्थित बिरहोर कॉलोनी में रह रहे थे, लेकिन कुछ लोगों द्वारा मवेशी बांधने और वहां से भगा दिए जाने के कारण उन्हें कभी जोकाही पेड़ के नीचे झोपड़ी बनाकर तो कभी स्कूल में रात गुजारनी पड़ रही है. इससे बच्चों की पढ़ाई और दैनिक जरूरतों पर भारी असर पड़ रहा है.
जंगल के शिकार पर निर्भर है आजीविका
बिरहोर परिवारों ने बताया कि वे आज भी रोजमर्रा की जिंदगी के लिए जंगलों पर निर्भर हैं. वे खरहा आदि का शिकार कर अपना जीवकोपार्जन करते हैं. बेघर होने की वजह से इन परिवारों के बीच उदासी और अनिश्चितता का माहौल है, फिर भी वे सरकारी मदद की आस लगाए बैठे हैं.
ग्रामीणों ने मदद का दिया भरोसा
दूसरी ओर, गांव के निर्मल गोप ने बताया कि करीब 35 वर्ष पहले हजारीबाग के तत्कालीन आयुक्त केबी सक्सेना ने इन बिरहोर परिवारों को यहां बसाया था और कॉलोनी के पास लगभग 20 कट्ठा जमीन भी खाली है. हालांकि, कॉलोनी के मकान अब जर्जर हो चुके हैं और रहने लायक नहीं हैं. उन्होंने भगाने के आरोपों को गलत बताते हुए कहा कि बिरहोर परिवार अभी भी डुमरिया में रह सकते हैं और ग्रामीण उनकी पूरी मदद करेंगे.
जांच के बाद समाधान का मिला आश्वासन
बिरहोर परिवारों ने प्रमुख प्रतिनिधि उमेश गोप से मिलकर अपनी पीड़ा बताई, जिस पर उन्होंने शीघ्र घर व बुनियादी सुविधाएं मुहैया कराने का आश्वासन दिया. वहीं, मामले पर बीडीओ ने बताया कि वर्तमान में एसआईआर (SIR) का कार्य चल रहा है. जल्द ही पंचायत सचिव को मौके पर भेजकर बिरहोर परिवारों की जरूरतों की जांच कराई जाएगी और समस्या का उचित समाधान निकाला जाएगा.
ये भी पढ़ें: हजारीबाग में मानदेय बढ़ोतरी को लेकर लामबंद हुईं JSLPS दीदियां, अधिकारियों को सौंपा ज्ञापन
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए