एक तरफ सड़क हादसा तो दूसरी तरफ हाट से लौट रही महिला की मौत, जानें पूरी खबर
सड़क पर गिरी बामिया चाम्पिया की पत्नी
गुवा और गोइलकेरा क्षेत्र में गुरुवार को हुए दो अलग-अलग सड़क घटनाओं में एक युवक समेत दो लोगों की मौत हो गयी. पहली घटना गुवा के गंगदा घाटी की है
गुवा. गुवा और गोइलकेरा क्षेत्र में गुरुवार को हुए दो अलग-अलग सड़क घटनाओं में एक युवक समेत दो लोगों की मौत हो गयी. पहली घटना गुवा के गंगदा घाटी की है, जहां नशे में बाइक चलाने के दौरान हुए सड़क हादसे में एक युवक की जान चली गयी, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया. वहीं दूसरी घटना गोइलकेरा के बुंडू गांव के पास की है, जहां साप्ताहिक हाट से लौट रही एक महिला की अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गयी.
आपके शहर में
गंगदा घाटी में बाइक पोल से टकराई, एक की मौत
गुवा के गंगदा घाटी में गुरुवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में 18 वर्षीय युवक की मौत हो गयी, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया. मृतक की पहचान नुइया गांव निवासी गुरा चाम्पिया (18), पिता सोमनाथ चाम्पिया के रूप में हुई है, जबकि घायल युवक की पहचान जादू जामुदा (18) के रूप में हुई है.
जानकारी के अनुसार, दोनों युवक रोवाम बाजार से बाइक पर सवार होकर गुवा लौट रहे थे और अत्यधिक नशे में थे. इसी दौरान गंगदा घाटी में उनकी बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे लोहे के पोल से जा टकराई. टक्कर इतनी जोरदार थी कि गुरा चाम्पिया की मौके पर ही मौत हो गयी.

रातभर सड़क पर पड़े रहे युवक
हादसे के बाद घायल जादू जामुदा ने सड़क से गुजरने वाले लोगों से मदद की गुहार लगाई और वाहनों को रोकने का प्रयास किया, लेकिन रात होने के कारण किसी ने उनकी सुध नहीं ली. इसके चलते दोनों युवक पूरी रात गंगदा घाटी में ही पड़े रहे. शुक्रवार सुबह प्रशासन को सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दोनों को गुवा अस्पताल पहुंचाया.
डॉक्टरों ने गुरा चाम्पिया को मृत घोषित कर दिया, जबकि घायल जादू का इलाज शुरू कर दिया गया है. गुवा थाना प्रभारी नीतीश कुमार ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हादसे के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा.
बुंडू गांव के पास अचानक गिरने से महिला की मौत
दूसरी घटना गोइलकेरा प्रखंड अंतर्गत कुमारतोड़ांग गांव की है, जहां बामिया चाम्पिया की पत्नी की गुरुवार को बुंडू गांव के समीप अचानक गिरने से मौत हो गयी. मृतका अपने पति के साथ कुमारतोड़ांग गांव से रोआम साप्ताहिक हाट बाजार गयी थीं.
दोनों हाट से खरीदारी करने के बाद पैदल अपने घर लौट रहे थे, तभी बुंडू गांव के पास महिला अचानक सड़क पर गिर पड़ीं. आसपास के लोगों ने उन्हें संभालने का प्रयास किया, लेकिन तब तक उनकी सांसें थम चुकी थीं. अचानक हुई इस घटना से पति बामिया चाम्पिया समेत पूरे गांव में शोक का माहौल है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए