Chaibasa News : प्रारंभिक शिक्षकों को ग्रेड-4 में मिलेगी प्रोन्नति

Updated:
विज्ञापन

जिला शिक्षा विभाग ने वेबसाइट पर अपलोड किया फाइनल सूची

विज्ञापन

चक्रधरपुर. जिला के प्रारंभिक शिक्षकों को ग्रेड-4 में प्रोन्नति देने की विभागीय प्रक्रिया अंतिम चरण में है. जिला शिक्षा अधीक्षक कार्यालय द्वारा इस संदर्भ में औपबंधिक वरीयता सूची जारी कर दी गयी है. जिला के वेबसाइट में वरीयता सूची अपलोड करने के बाद शिक्षकों को अवलोकन करने को कहा गया है. यदि सूची में किसी प्रकार की त्रुटि है, तो 11 जनवरी तक दावा-आपत्ति की मांग की गयी है. इसके लिए विभाग की ओर से एक प्रारूप भी जारी किया गया है. मालूम रहे कि विधानसभा चुनाव के आदर्श आचार संहिता लागू होने से पहले औपबंधिक वरीयता सूची जारी कर शिक्षकों से दावा आपत्ति की मांग की गयी थी. इसके बाद काफी शिक्षकों ने विभाग के पास आवेदन जमा किया था. उन सभी दावों-आपत्तियों का निराकरण कर फाइनल सूची वेबसाइट पर अपलोड कर दिया गया है. इसके बाद भी सूची में किसी प्रकार की त्रुटि रहने पर 10 दिसंबर तक ई-मेल के माध्यम से आवेदन जमा करने को कहा गया है. एक बार फिर 11 जनवरी दावा-आपत्ति की अंतिम तिथि दी गयी है.

1993 प्रोन्नति नियमावली के आधार पर तैयार की गयी है सूची

जिला शिक्षा अधीक्षक पश्चिमी सिंहभूम द्वारा जारी वरीयता सूची 1993 की प्रोन्नति नियमावली के आलोक में तैयार की गयी है. इसके तहत ग्रेड-4 में स्नातक भाषा, कला एवं विज्ञान की अलग-अलग सूची जारी की गयी है. भाषा में 259, कला में 954 एवं विज्ञान में 253 शिक्षकों को औपबंधिक वरीयता सूची में जगह दी गयी है.

अधिकतर मवि प्रतिनियुक्त शिक्षकों के भरोसे

पश्चिमी सिंहभूम जिले में 6 सितंबर 2017 को अंतिम बार ग्रेड-4 में प्रोन्नति दी गयी थी. प्रोन्नति के बाद सात साल का लंबा समय बीत चुका है. इस अवधि में प्रोन्नति पाने वाले अधिकतर शिक्षक-शिक्षिकाएं सेवानिवृत्त हो चुके हैं. इस कारण जिले के मध्य विद्यालयों की स्थिति काफी दयनीय हो गयी है. 90 प्रतिशत से अधिक मध्य विद्यालय या तो शिक्षक विहीन हैं या फिर एक-दो शिक्षकों के भरोसे चल रहा है. अधिकतर मध्य विद्यालय प्रतिनियुक्त शिक्षकों के भरोसे संचालित हो रहा है. इस लिए शिक्षकों को प्रोन्नति देना अति आवश्यक हो गया है.

प्रोन्नति पाने वाले शिक्षक मध्य विद्यालयों में होंगे पदस्थापित

ग्रेड-4 अंतर्गत स्नातक कला, विज्ञान एवं भाषा में प्रोन्नति पाने वाले सभी शिक्षकों का पदस्थापना मध्य विद्यालयों में ही किया जायेगा. क्योंकि उपरोक्त तीनों पद केवल मध्य विद्यालयों के लिए ही स्वीकृत होते हैं. इस प्रोन्नति से मध्य विद्यालयों की दशा में काफी सुधार आयेगा. इसलिए पश्चिमी सिंहभूम में शिक्षकों की प्रोन्नति अतिआवश्यक हो गयी है.

काउंसेलिंग की तिथि का नहीं हुआ है निर्धारण

ग्रेड-4 में प्रोन्नति देने के लिए काउंसेलिंग के माध्यम से शिक्षकों को पदस्थापित किया जायेगा. इसके लिए मध्य विद्यालयों की रिक्ति तय की जायेगी. जिन स्कूलों में स्नातक विज्ञान, कला व भाषा के पद रिक्त होंगे, वहां काउंसेलिंग के माध्यम से शिक्षकों को पदस्थापित किया जायेगा. अभी काउंसेलिंग की तिथि तय नहीं की गयी है और न ही रिक्तियों का पता चला है.

आपके शहर में

विज्ञापन

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola