Chaibasa News : जिले के 20,952 परिवारों को मिला अबुआ आवास, 601 पूर्ण : मंत्री
Published by : ATUL PATHAK Updated At : 28 Jan 2026 12:26 AM
अलग-अलग विभागों ने 17 मनमोहक झांकियां निकालीं
चाईबासा. चाईबासा पुलिस केंद्र में गणतंत्र दिवस समारोह धूमधाम से मनाया गया. मंत्री दीपक बिरुवा ने झंडोत्तोलन कर तिरंगे को सलामी दी. इससे पहले मंत्री श्री बिरुवा समेत सभी अधिकारियों ने पुलिस केंद्र स्थित शहीद स्मारक पर श्रद्धांजलि अर्पित कर शहीदों को नमन किया. इसके बाद मंत्री ने खुली जिप्सी में डीसी और एसपी के साथ परेड का निरीक्षण किया. सरकार की उपलब्धियों की जानकारी दी. समारोह में डीआइजी अनुरंजन किस्पोट्टा, उपायुक्त चंदन कुमार, पुलिस अधीक्षक अमित रेणु, एसडीओ आदि मौजूद थे.
पीएम आवास योजना ग्रामीण में 228.52 करोड़ की स्वीकृति:
प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के तहत 19 हजार 44 परिवारों के लिए 228 करोड़ 52 लाख 80 हजार की वित्तीय स्वीकृति दी गयी है. इसमें 1474 आवासों का निर्माण कार्य पूर्ण किया गया है. प्रधानमंत्री जन धन योजना के तहत 24 परिवारों के लिए 68 लाख की वित्तीय स्वीकृति दी गयी है. इसमें 9 आवासों का निर्माण पूर्ण कर लिया गया है. बाबा साहेब भीमराव आवास योजना के तहत पदा से पीड़ित 8 परिवारों के लिए 10 लाख 40 हजार की वित्तीय स्वीकृति दी गयी है.हर बच्चे को पोषक तत्व उपलब्ध कराने की चुनौती : मंत्री
मौके पर मंत्री दीपक बिरुवा ने कहा कि वर्तमान में हमारी सरकार देश, राज्य व जिला के विकास कार्यों को गति देने के लिए कृतसंकल्पित है. हमने खाद्यान्न उत्पादन में काफी बढ़ोत्तरी की है, पर अभी भी कुपोषण को दूर करने और प्रत्येक बच्चे की थाली में जरूरी पोषक तत्व उपलब्ध कराने की चुनौती बनी है. राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी योजना अबुआ आवास योजना के तहत 20 हजार 952 परिवारों के लिए 419 करोड़ रुपये की वित्तीय स्वीकृति दी गयी है. इसमें 601 आवासों का निर्माण पूर्ण कर लिया गया है.जिला समाज कल्याण विभाग की झांकी को मिला प्रथम पुरस्कार:
समारोह में विभागों ने 17 मनमोहक झांकियों की प्रस्तुति की गयी. झांकी में जिला समाज कल्याण विभाग को प्रथम स्थान, सूचना एवं जनसंपर्क विभाग को द्वितीय स्थान एवं स्वास्थ्य विभाग की झांकी को तृतीय स्थान मिला.
शहीद सैनिकों के परिवारों को किया सम्मानित
मंत्री दीपक बिरुवा ने वीरगति प्राप्त अमर सैनिकों के परिवारों को वीर नारी से सम्मानित किया. इसके अलावा समारोह में सड़क सुरक्षा के संदर्भ में जागरुकता, सड़क दुर्घटना में घायल लोगों की मदद पहुंचाने वाले, स्वच्छ आंगनबाड़ी केंद्र, स्वच्छ थाना, दुर्गम क्षेत्रों में टीकाकरण एवं विभिन्न स्तर पर खेल प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले जिला के खिलाड़ियों को भी सम्मानित किया गया.
मार्च पास्ट में टाटा कॉलेज का एनसीसी प्रथम:
गणतंत्र दिवस मुख्य समारोह में शामिल 10 प्लाटून एवं बैंड पार्टी द्वारा शानदार मार्च पास्ट किया गया. समारोह में मार्च पास्ट में टाटा कॉलेज एनसीसी को प्रथम, सहायक महिला पुलिस बल को द्वितीय स्थान और केंद्रीय रिजर्व बल को तृतीय स्थान का पुरस्कार मिला.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










