औचक निरीक्षण में खुली लापरवाही की पोल, चार कर्मियों पर कार्रवाई की तैयारी.. जानें पूरा मामला...
निरीक्षण करते डीडीसी
उप विकास आयुक्त उत्कर्ष कुमार ने टोंटो प्रखंड की योजनाओं का औचक निरीक्षण किया. स्वास्थ्य केंद्र, स्कूल की चारदीवारी, आवास योजनाओं और संग्रहालय का जायजा लिया गया. चार कर्मी बिना अनुमति अनुपस्थित पाए जाने पर कार्रवाई के निर्देश दिए गए.
चाईबासा: उप विकास आयुक्त उत्कर्ष कुमार ने टोंटो प्रखंड की बड़ा झींकपानी और सेरंगसिया पंचायत में संचालित विभिन्न विकास योजनाओं का औचक निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने योजनाओं की गुणवत्ता, प्रगति और कार्यस्थल की स्थिति का जायजा लिया. निर्माणाधीन योजनाओं को प्राक्कलन के अनुरूप और निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने का निर्देश संबंधित अधिकारियों व अभियंताओं को दिया.
स्वास्थ्य केंद्र से स्कूल की चारदीवारी तक का लिया जायजा
निरीक्षण के दौरान 15वें वित्त आयोग से निर्माणाधीन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र टोंटो और डीएमएफटी मद से कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय में बन रही चारदीवारी का निरीक्षण किया गया. विद्यालय में पेयजल, छत और सीढ़ी की मरम्मत की मांग पर डीडीसी ने स्थल का निरीक्षण कर प्राक्कलन तैयार करने का निर्देश दिया. साथ ही विद्यालय परिसर में खेल मैदान विकसित करने को भी कहा.
चार कर्मी बिना अनुमति मिले गायब, कार्रवाई का निर्देश
डीडीसी ने अबुआ आवास, प्रधानमंत्री आवास योजना और बिरसा हरित ग्राम योजना की भी समीक्षा की. उन्होंने लाभुकों को आवास निर्माण में तेजी लाने का निर्देश दिया. मनरेगा योजनाओं की समीक्षा के दौरान चार कर्मी बिना अवकाश स्वीकृति के अनुपस्थित मिले. डीडीसी ने उनके विरुद्ध कार्रवाई के लिए प्रतिवेदन तैयार करने का निर्देश दिया. लंबित योजनाओं में मस्टर रोल जारी करने और एनएमएमएस के माध्यम से श्रमिकों की उपस्थिति दर्ज कराने के लिए रोजगार सेवकों व महिला मेट को प्रशिक्षण देने को कहा.
शहीद स्मारक के सामने बन रहे संग्रहालय का भी निरीक्षण
डीडीसी ने पंचायत भवनों के सुदृढ़ीकरण, पदमपुर में पेवर ब्लॉक निर्माण और सेरंगसिया शहीद स्मारक के सामने जिला अनाबद्ध निधि से निर्माणाधीन संग्रहालय का भी जायजा लिया. उन्होंने सभी संबंधित अभियंताओं को निर्माण कार्य में तेजी लाते हुए योजनाओं को समय पर पूरा करने का निर्देश दिया. निरीक्षण के दौरान गुणवत्ता से किसी तरह का समझौता नहीं करने पर भी जोर दिया गया.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए