मेंटेनेंस सिविल ऑफिस के तीन स्टोर रूम का ताला तोड़ 30 हजार के उपकरण उड़ाये

Published by : ATUL PATHAK Updated At : 13 Jun 2026 5:20 PM

विज्ञापन

पुलिस गश्त बढ़ाने और चोर गिरोह पर नकेल कसने की उठी मांग

विज्ञापन

गुवा.

मेघाहातुबुरु स्थित सेल के मेंटेनेंस सिविल ऑफिस में अज्ञात चोरों ने एक बार फिर बड़ी वारदात को अंजाम देकर सुरक्षा दावों की पोल खोल दी है. शुक्रवार देर रात चोरों ने ऑफिस परिसर में बने तीन स्टोर रूम का ताला चटकाया और लगभग 30 हजार रुपये मूल्य के कीमती उपकरणों पर हाथ साफ कर फरार हो गए. इस घटना के बाद से स्थानीय ठेकेदारों, सेल कर्मचारियों और आम जनता में भारी दहशत और आक्रोश का माहौल है.

लाखों का ठेका, हजारों की चोरी: वेल्डिंग व कटर मशीन ले उड़े चोर

घटना को लेकर पीड़ित सेल ठेकेदारों, बोरेन और शिबू सरकार ने बताया कि वे अपनी साइट के काम के लिए शुक्रवार (12 जून) को ही नयी वेल्डिंग मशीन और अन्य जरूरी उपकरण खरीदकर लाए थे. इन सामानों को सुरक्षित रखने के लिए मेंटेनेंस सिविल ऑफिस के स्टोर रूम में रखा गया था, लेकिन रात के अंधेरे में शातिर चोरों ने धावा बोल दिया.

चोरी गये सामान की सूची:

एक ब्रांड न्यू वेल्डिंग मशीन, कटर-ग्राइंडिंग मशीन, भारी मात्रा में कॉपर केबल (तांबे का तार), दो एक्सटेंशन बोर्ड, चार पुराने पंखे तथा अन्य उपयोगी निर्माण सामग्री.

7 बार हो चुकी है चोरी, फिर भी नहीं लगे सीसीटीवी कैमरे

स्थानीय लोगों और कर्मचारियों का कहना है कि मेंटेनेंस सिविल ऑफिस चोरों के लिए ””””सॉफ्ट टारगेट”””” बन चुका है. यह यहां पहली घटना नहीं है, बल्कि इससे पहले भी इस परिसर में 6 से 7 बार चोरी की वारदातें हो चुकी हैं. इतनी बार घटनाएं होने के बावजूद सेल प्रबंधन या संबंधित विभाग द्वारा सुरक्षा के कोई पुख्ता इंतजाम नहीं किए गए. परिसर में न तो पर्याप्त सुरक्षाकर्मियों की तैनाती की गई है और न ही अब तक सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं, जिससे चोरों के हौसले बुलंद हैं.

एक दिन पहले ठेकेदार कॉलोनी में मोबाइल चोरी, दुकानदार की सतर्कता से पकड़ाया

मेघाहातुबुरु में कानून-व्यवस्था की बदहाली का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि इस बड़ी वारदात से ठीक एक दिन पहले ठेकेदार कॉलोनी में ठेकेदार डीके सिंह के घर से एक नाबालिग द्वारा मोबाइल चोरी किए जाने का मामला सामने आया था. हालांकि, इस मामले में एक स्थानीय दुकानदार की मुस्तैदी और सतर्कता काम आयी, जिसने समय रहते मोबाइल को चोर के पास से बरामद कर उसके असली मालिक तक सुरक्षित पहुंचा दिया.

नियमित पुलिस गश्त और बेसहारा बच्चों के पुनर्वास की मांग

लगातार बढ़ती चोरियों से परेशान स्थानीय नागरिकों, व्यवसायियों और ठेकेदारों ने स्थानीय पुलिस प्रशासन और सेल प्रबंधन से इस दिशा में सख्त कदम उठाने की मांग की है. क्षेत्र में सक्रिय संगठित चोर गिरोहों को चिह्नित कर उनके खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए. सभी संवेदनशील और प्रशासनिक परिसरों में अविलंब सीसीटीवी कैमरे इंस्टॉल किए जाएं और रात के समय पुलिस की नियमित गश्त बढ़ाई जाए. शहर में घूम रहे बेसहारा और भटके हुए बच्चों के पुनर्वास के लिए प्रशासन और सामाजिक संगठन आगे आएं, ताकि उन्हें अपराध की राह पर जाने से रोका जा सके.

विज्ञापन
ATUL PATHAK

लेखक के बारे में

By ATUL PATHAK

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola