₹266 की यूरिया ₹600 व ₹1350 की डीएपी ₹2800 में, खाद के मनमाने दामों के विरोध में सड़कों पर उतरे अन्नदाता
किसानों को दोगुनी कीमत पर यूरिया और डीएपी बेचने के विरोध में चाईबासा में प्रदर्शन. जानें क्यों सड़क पर उतरे अन्नदाता.
चाईबासा : किसानों को निर्धारित सरकारी दर से दोगुने से भी अधिक दामों पर यूरिया और डीएपी बेचे जाने के विरोध में मंगलवार को सैकड़ों किसान सड़कों पर उतर आए. झारखंड बचाओ जनसंघर्ष मोर्चा के केंद्रीय अध्यक्ष माधव चन्द्र कुंकल के नेतृत्व में किसानों ने मझगांव प्रखंड के घोड़ाबांधा गांव से चाईबासा उपायुक्त कार्यालय तक तीन दिवसीय पदयात्रा शुरू की. पदयात्रा का पहला पड़ाव कुमारडुंगी रहा, जहां सभी ने रात्रि विश्राम किया. मोर्चा अध्यक्ष माधव चन्द्र कुंकल ने आक्रोश जताते हुए कहा कि देश का पेट भरने वाले किसानों को सरकार द्वारा निर्धारित 266.50 रुपये की यूरिया बोरी 600 रुपये में और 1350 रुपये का डीएपी 2800 रुपये में खरीदने को विवश होना पड़ रहा है. उन्होंने आरोप लगाया कि इस खुली लूट पर राज्य सरकार और जिला प्रशासन पूरी तरह मौन है.
उर्वरक नियंत्रण आदेश का उल्लंघन, कृषि विभाग विफल
रेयांश समडमोर्चा नेता रेयांश समड ने कहा कि उर्वरक नियंत्रण आदेश 1985 के तहत कोई भी डीलर निर्धारित मूल्य से अधिक पर खाद नहीं बेच सकता है, लेकिन जिला कृषि पदाधिकारी इस कानून का अनुपालन कराने में पूरी तरह विफल रहे हैं. किसानों ने बताया कि खाद विक्रेता दिन में स्टॉक न होने का बहाना बनाते हैं और रात के अंधेरे में मनमाने दामों पर खाद की कालाबाजारी करते हैं. बीज, जुताई और मजदूरी के बाद महंगी खाद मिलने से छोटे और सीमांत किसानों की लागत बहुत बढ़ गयी है, जिससे वे कर्ज में डूबने को विवश हैं.
थोक में महंगा मिलने का विक्रेताओं का तर्क
दूसरी ओर खुदरा विक्रेताओं का कहना है कि उन्हें थोक बाजार से ही निर्धारित दर से अधिक कीमत पर खाद मिल रही है, ऐसे में वे सरकारी रेट पर खाद बेचने में असमर्थ हैं. पदयात्रा में मनीष तिरिया, विजय हेंब्रम, रंजीत बिरुवा, गोविंद बिरुवा, गोनो माझी, लखन टुडू, मनोरंजन सहित बड़ी संख्या में महिला एवं पुरुष किसान तख्तियां लेकर शामिल हुए.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए