बच्चे की सुरक्षा में सड़क पर उतरा हाथियों का झुंड, वाहनों की लगी लंबी कतार
बच्चे के समर्थन में उतरा हाथी.
चंपुआ में 25 हाथियों का झुंड सड़क पर आ गया, जिससे एनएच-20 पर घंटों जाम लगा रहा। वन विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।
जैंतगढ़ : पिछले कुछ दिनों से करीब 25 हाथियों का झुंड कालिका प्रसाद रिजर्व फॉरेस्ट में डेरा डाले हुए हैं. शुक्रवार की सुबह हाथियों का यह झुंड दलिता के पास एनएच-20 पार करने लगा. इसी दौरान झुंड में शामिल हाथी का एक बच्चा सड़क पर ही अटक गया और आगे नहीं बढ़ सका. बच्चे की सुरक्षा के लिए पूरा झुंड सड़क पर ही रुक गया. हाथियों के काफी देर तक एनएच पर खड़े रहने के कारण हाइवे के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गयी. ट्रक, बस और कारें रुक गयीं. इस दौरान वाहन चालक और राहगीर हाथियों के हटने का इंतजार करते रहे. हाथियों के उग्र होने की आशंका के कारण किसी ने हॉर्न बजाने या उनके करीब जाने की हिम्मत नहीं की.
घंटों प्रभावित रहा यातायात
चंपुआ रेंज में हाथियों का उत्पात थमने का नाम नहीं ले रहा है. शुक्रवार की सुबह करीब पांच बजे रिमुली-चंपुआ एनएच-20 पर हाथियों के झुंड ने जमकर उत्पात मचाया. हाथियों के सड़क पर आ जाने से नेशनल हाइवे पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गयी और यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया. ट्रक, बस और कारें जहां-तहां रुक गयीं. काफी देर तक लोग हाथियों के सड़क से हटने का इंतजार करते रहे.
वन विभाग की टीम ने संभाला मोर्चा, भेजा जंगल
हाथियों के सड़क पर होने की सूचना मिलते ही चंपुआ वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची. वनकर्मियों ने लोगों को हाथियों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने और शांत रहने की चेतावनी दी. टीम ने यातायात को नियंत्रित करने के साथ हाथियों को सुरक्षित तरीके से जंगल की ओर भेजने का प्रयास शुरू किया. काफी मशक्कत के बाद हाथियों का झुंड धीरे-धीरे सड़क पार कर जंगल में चला गया. इसके बाद एनएच-20 पर यातायात सामान्य हो सका.
रात और सुबह सफर में विशेष सावधानी बरतने की अपील
वन विभाग ने लोगों से अपील की है कि रिमुली-चंपुआ एनएच-20 पर रात और सुबह के समय विशेष सावधानी बरतें. हाथियों के विचरण वाले इलाकों में वाहन चालक सतर्क रहें और हाथियों को देखकर न तो हॉर्न बजाएं और न ही उनके करीब जाने का प्रयास करें. वन विभाग ने लोगों से हाथियों की मौजूदगी की सूचना तत्काल विभाग को देने की भी अपील की है.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए