चंदनकियारी के रांगामटिया जंगल में युवक का शव मिलने से सनसनी, मौत की परिस्थितियों की जांच में जुटी पुलिस
रांगामटिया जंगल में युवक का शव मिलने से सनसनी (AI Image)
पश्चिम बंगाल के रहने वाले 23 वर्षीय अपूर्व का शव बोकारो के रांगामटिया जंगल में पेड़ से लटका मिला. पुलिस की जांच में दोस्त की होने वाली शादी से जुड़े कुछ पहलू सामने आए हैं. जानिए पूरी कहानी.
बोकारो. पश्चिम बंगाल के असुरबांध निवासी 23 वर्षीय अपूर्व उर्फ राकेश रजवार का शव बुधवार की रात चंदनकियारी के रांगामटिया गांव स्थित जंगल में पेड़ से लटका मिला. ग्रामीणों से सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया. इसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया.
मृतक के भाई के अनुसार, अपूर्व बुधवार शाम करीब चार बजे अपने पड़ोसी तापस रजवार के साथ फुटबॉल खेलने की बात कहकर घर से निकला था. देर रात तापस के एक रिश्तेदार ने फोन कर परिजनों को अपूर्व का शव रांगामटिया के जंगल में मिलने की जानकारी दी. सूचना मिलने के बाद परिजन मौके पर पहुंचे.
रांगामटिया में होने वाला था दोस्त का विवाह
बताया गया कि तापस रजवार का विवाह रांगामटिया में होने वाला है. इसी बिंदु को भी पुलिस जांच में शामिल कर रही है. पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि क्या अपूर्व अपने दोस्त के विवाह से संबंधित किसी काम से रांगामटिया गया था. वह जंगल तक कैसे पहुंचा और किन परिस्थितियों में उसकी मौत हुई, इन सभी पहलुओं की जांच की जा रही है.
पिता की शिकायत पर मामला दर्ज
मृतक के पिता की शिकायत पर चंदनकियारी थाना में मामला दर्ज किया गया है. पुलिस घटना से जुड़े लोगों से पूछताछ करने के साथ अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जायेगी. घटना के बाद अपूर्व के परिजनों और ग्रामीणों में शोक का माहौल है.
ये भी पढ़ें: न UPI, न नया नंबर फिर भी मजदूर के बैंक खाते से 22 बार में उड़े ₹2.35 लाख, जानें बोकारो का यह हैरान करने वाला मामला
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए