दामोदर नदी में छलांग लगाने वाली सुमन देवी का शव बरामद, दो दिन बाद मिली सफलता
शव मिलने के बाद भंडारीदह पहुंच मामले की जानकारी लेते बेरमो बीडीओ व थानेदार
फुसरो स्थित हिंदुस्तान पुल से दामोदर नदी में छलांग लगाने वाली 32 वर्षीय सुमन देवी का शव दो दिनों की गहन खोजबीन के बाद बरामद कर लिया गया है. गोताखोरों की टीम ने भंडारीदह के पास नदी तट से शव को निकाला.
फुसरो स्थित हिंदुस्तान पुल से शुक्रवार को दामोदर नदी में छलांग लगाने वाली पिछरी निवासी सुमन देवी (32) का शव शनिवार दोपहर बरामद कर लिया गया. खेतको से पहुंची गोताखोरों की टीम ने लगातार दो दिनों तक नदी में खोजबीन के बाद भंडारीदह स्थित शिव शक्ति मंदिर के समीप नदी तट से शव को बरामद किया.
हिंदुस्तान पुल से नदी में लगायी थी छलांग
जानकारी के अनुसार, सुमन देवी शुक्रवार को हिंदुस्तान पुल पर पहुंची थीं. इसके बाद उन्होंने दामोदर नदी में छलांग लगा दी. घटना के बाद पुल पर उनकी एक चप्पल मिली थी. इसके आधार पर पुलिस-प्रशासन को नदी में महिला के डूबने की आशंका हुई. इसके बाद खेतको से गोताखोरों की टीम बुलाकर नदी में तलाश शुरू करायी गयी.
कई किलोमीटर तक नदी में चला तलाशी अभियान
गोताखोरों ने हिंदुस्तान पुल से खोजबीन शुरू की. इसके बाद ढोरी खास, कल्याणी और भंडारीदह की ओर दामोदर नदी के विभिन्न हिस्सों में लगातार तलाशी अभियान चलाया गया. शनिवार को शिव शक्ति मंदिर के समीप नदी तट पर खोजबीन के दौरान गोताखोरों की नजर पानी में पड़े शव पर पड़ी. इसके बाद शव को बाहर निकाला गया.
पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेजा शव
शव मिलने की सूचना पर बेरमो बीडीओ मुकेश कुमार, थाना प्रभारी रोहित कुमार सिंह समेत पुलिस बल मौके पर पहुंचा. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग भी मौके पर जुट गये.
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
बताया गया कि सुमन देवी फुसरो के चर्चित सुरभी अलंकार ज्वेलर्स के संचालक मनोरंजन प्रसाद की पत्नी थीं. वह अपने पीछे एक पुत्री छोड़ गयी हैं. घटना के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










