Bokaro News : आचार संहिता के उल्लंघन पर कार्रवाई की चेतावनी
Published by : JANAK SINGH CHOUDHARY Updated At : 07 Feb 2026 11:23 PM
Bokaro News : अधिकारियों ने फुसरो नप अध्यक्ष व वार्ड पार्षद पद के प्रत्याशियों के साथ बैठक की.
बेरमो प्रखंड कार्यालय के सभागार में अधिकारियों ने शनिवार को फुसरो नप अध्यक्ष व वार्ड पार्षद पद के प्रत्याशियों के साथ बैठक की. सामान्य प्रेक्षक सादात अनवर ने कहा कि चुनाव आयोग के नियमों व निर्देशों का पालन करना अनिवार्य है. निर्वाचन प्रक्रिया निष्पक्ष, पारदर्शी व शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने में सहयोग करें. यदि कोई प्रत्याशी या उनके समर्थक आदर्श चुनाव आचार संहिता का उल्लंघन करते हैं, तो उन पर कार्रवाई की जायेगी. प्रत्याशी मतदाताओं को डराने, धमकाने, प्रलोभन देने का काम नहीं करेंगे. किसी दुकान, मकान व जमीन में पोस्टर या बैनर लगाने से पहले उसके मालिक से लिखित अनुमति लेना अनिवार्य है. 21 फरवरी की शाम पांच बजे तक ही चुनाव प्रचार कर सकते हैं.
व्यय प्रेक्षक विजय कुमार ने कहा कि प्रत्याशियों के व्यय पर राज्य निर्वाचन आयोग की नजर है. सभी प्रत्याशियों को एक रजिस्टर मेंटेन करना होगा, जिसमें चाय व नाश्ते से लेकर बैनर-पोस्टर तक का हिसाब दर्ज होगा. चुनाव खर्च के लिए अलग नया बैंक खाता है. उससे ही हिसाब देना होगा. व्यय पंजी में प्रत्याशियों को हिसाब 10, 14 व 19 फरवरी को बेरमो प्रखंड सह अंचल कार्यालय में दिखाना है. मौके पर निर्वाचन पदाधिकारी मुकेश मछुआ, आरओ मुकेश कुमार, संजीत कुमार सिंह उपस्थित थे.एसपी ने किया बूथों का निरीक्षण
बोकारो एसपी हरविंदर सिंह ने शनिवार को फुसरो के विभिन्न वार्डों में स्थित बूथों का निरीक्षण किया. कहा कि 23 फरवरी को मतदान के दिन सभी बूथों पर सुरक्षा को लेकर पुलिस बलों की तैनाती रहेगी, ताकि कोई बाधा उत्पन्न ना हो. सभी अलर्ट मोड में काम करें. लापरवाही बरतने पर कार्रवाई की जायेगी. शांतिपूर्ण ढंग से चुनाव संपन्न कराने में पुलिस की भी अहम भूमिका है. एसपी ने मवि न्यू भागलपुर विद्यालय, राम बिलास उच्च विद्यालय बेरमो, प्राथमिक विद्यालय अमलो, उच्च विद्यालय ढोरी, डीएवी ढोरी, उच्च विद्यालय कारीपानी, संत मरिया विद्यालय सुभाषनगर आदि विद्यालय में बनाये गये बूथों का निरीक्षण किया. मौके पर बेरमो सर्किल इंस्पेक्टर नवल किशोर सिंह, बेरमो थाना प्रभारी रोहित कुमार सिंह, चंद्रपुरा थाना प्रभारी अजय सिंह आदि मौजूद थे.प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










