ePaper

Bokaro News : तुरियो व तारमी के गांवों में हाथियों का उत्पात, दहशत में लोग

Updated at : 15 Feb 2026 12:20 AM (IST)
विज्ञापन
Bokaro News : तुरियो व तारमी के गांवों में हाथियों का उत्पात, दहशत में लोग

Bokaro News : चंद्रपुरा प्रखंड अंतर्गत तुरियो पंचायत के ऊपर तुरियो और तारमी पंचायत में हाथियों ने उत्पात मचाया.

विज्ञापन

चंद्रपुरा प्रखंड अंतर्गत तुरियो पंचायत के ऊपर तुरियो और तारमी पंचायत के फुलवारी गांव में शुक्रवार की रात को हाथियों का झुंड पहुंच गया. खेतों में लगी साग-सब्जी, प्याज व अरहर की फसलों को भारी नुकसान पहुंचाया. हथियों ने कई लोगों के खेत की चहारदीवारी तोड़ दी. ऊपर तुरियो निवासी रति महतो के खेत की लगभग 10 फीट चहारदीवारी को तोड़ दिया. प्रदीप कुमार के भी खेत में लगी प्याज व लहसुन की फसल को बर्बाद कर दिया. इसके बाद हाथी करमचंद महतो के खेत में भी लगे प्याज, लहसुन व सब्जियों को नुकसान पहुंचाया. तारमी पंचायत के फुलवारी गांव निवासी रंजीत सिंह के धौड़ाबाड़ी में लगी प्याज, अरहर सहित अन्य फसल को नष्ट कर दिया. घटना की जानकारी शनिवार सुबह ग्रामीणों को हुई. वनरक्षी मुकेश कुमार सहित वन कर्मी भी पहुंचे और नुकसान का जायजा लिया. दोपहर में तारमी, तुरियो, उपरबंधा, चिरुडीह आदि गांवों में माइकिंग करा कर ग्रामीणों से सावधानी बरतने का आग्रह किया गया. कहा कि हाथियों को छेड़े नहीं, इससे हाथी और उग्र हो रहे हैं. हाथी देखे जाने पर सूचना तत्काल वन विभाग को दे. हाथी भगाओ टीम को बुलाया गया है. वनकर्मियों ने बताया कि हाथी संभवत रात्रि में पिछरी के इलाके से यहां आये थे. इसे खदेड़ने का प्रयास किया जा रहा है. इधर, हाथियों को लेकर तारमी, तुरियो, अलारगो, चपरी, गुंजरडीह आदि पंचायत में भय का माहौल बना हुआ है.

हाथियों के हमलों को रोकने के लिए हो रहा प्रयास : योगेंद्र

बीते दिनों बड़कीपुन्नू करमाली टोला और गांगपुर (महुआटांड़) में हाथियों के हमले में मारे गये लोगों के परिजनों, घायलों और प्रभावित परिवारों से सूबे के पेयजल एवं स्वच्छता तथा उत्पाद एवं मद्य निषेध मंत्री योगेंद्र प्रसाद शनिवार को मिले. उनसे स्थिति की जानकारी ली तथा नुकसान पर शोक जताया. प्रभावित परिवारों को सरकारी मुआवजा राशि का चेक भी दिया. प्रभावित पीड़ित परिवारों को निजी मद से राशन सामग्री सहित फल आदि भी दिया. आधा दर्जन टॉर्च भी बांटे. मंत्री ने कहा कि क्षेत्र में हाथियों के बढ़ते हमलों को रोकने के लिए सरकार और वन विभाग द्वारा प्रयास किये जा रहे हैं. भविष्य में जानमाल की हानि न हो, यह सरकार की प्राथमिकता है. राज्य सरकार पीड़ित और प्रभावित परिवारों के साथ खड़ी है और हरसंभव सहायता की जायेगी. 25 जनवरी को दरहाबेड़ा में हाथी के हमले में घायल सत्यम सोरेन के परिवार की रूनवा कुमारी, छह फरवरी को गांगपुर की घटना में घायल राहुल कुमार के परिवार की बलवा देवी व सुषमा कुमारी आदि को कुल ढाई लाख रुपये के चेक दिये गये. क्षतिग्रस्त मकान के लिए दरहाबेड़ा की रूनवा देवी, सगुण करमाली व बड़कीपुन्नू करमाली टोला की करमी देवी व बीरबल करमाली को, गांगपुर में तालेश्वरी देवी, खूबिया देवी व पूनम देवी को एक लाख 90 हजार रुपये के चेक दिये गये. मंत्री ने कहा कि दस दिनों में मृतकों के परिवारों को पूरा मुआवजा दे दिया जायेगा. माैके पर डीएफओ नीतीश कुमार, प्रशिक्षु डीएफओ संदीप शिंदे, झामुमो प्रखंड अध्यक्ष लुदु मांझी, झामुमो नेता मदन महतो, पंसस निमाय सिंह, कैलाश महतो, तुलसी महतो सहित कई ग्रामीण उपस्थित थे.

विज्ञापन
JANAK SINGH CHOUDHARY

लेखक के बारे में

By JANAK SINGH CHOUDHARY

JANAK SINGH CHOUDHARY is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola