निशाना साधते-साधते बिगड़ी नेशनल गोल्ड मेडलिस्ट राज अदिति की तबीयत, एंजेला सिंह ने संभाला मोर्चा
राज अदिति को संभालतीं बोकारो जिला तीरंदाजी संघ की सचिव एंजेला सिंह
बोकारो में राष्ट्रीय तीरंदाजी प्रतियोगिता के दौरान नेशनल गोल्ड मेडलिस्ट राज अदिति की तबीयत बिगड़ी, एंजेला सिंह ने संभाला मोर्चा। जानें पूरी खबर।
कुमार मंगलम स्टेडियम, सेक्टर-4 में चल रही राष्ट्रीय तीरंदाजी प्रतियोगिता के दौरान शनिवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब जमशेदपुर की नेशनल गोल्ड मेडलिस्ट तीरंदाज राज अदिति की अचानक तबीयत बिगड़ गई. उमस और गर्मी के बीच निशाना साधते-साधते उनकी हालत खराब हो गई. जानकारी मिलते ही आयोजन समिति और तीरंदाजी संघ के पदाधिकारी तत्काल सक्रिय हो गए.
आपके शहर में
बोकारो जनरल अस्पताल में कराया गया भर्ती
राज अदिति की स्थिति को देखते हुए बोकारो जिला तीरंदाजी संघ की सचिव एंजेला सिंह ने तत्काल मोर्चा संभाला. उन्होंने राज अदिति को संभाला और एंबुलेंस से अस्पताल भेजने की व्यवस्था की. बिना किसी देरी के राज अदिति को बोकारो जनरल अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उनकी जांच और उपचार शुरू किया.
राज अदिति की तबीयत बिगड़ने की जानकारी मिलते ही बोकारो जिला तीरंदाजी संघ के अध्यक्ष डॉ. लंबोदर महतो भी तत्काल अस्पताल पहुंचे. उन्होंने राज अदिति के स्वास्थ्य की जानकारी ली और बेहतर चिकित्सा सुविधा को लेकर चिकित्सकों से बातचीत की. संघ की ओर से उनके उपचार और स्वास्थ्य पर लगातार नजर रखी जा रही है.
राज अदिति की तबीयत बिगड़ने की सूचना से प्रतियोगिता स्थल पर साथी खिलाड़ियों और सहयोगियों में चिंता का माहौल बन गया. भारतीय तीरंदाजी टीम के कोच प्रकाश राम ने उमस और गर्मी को देखते हुए खिलाड़ियों को पर्याप्त पानी पीने और स्वास्थ्य के प्रति सतर्क रहने की सलाह दी.
प्रतियोगिता स्थल पर खिलाड़ियों का उत्साह भी लगातार बढ़ाया जा रहा है. मंच संचालन कर रहे पिंटू ए राशिद खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाते नजर आए. आयोजन से जुड़े पदाधिकारी मुकाबलों के साथ खिलाड़ियों की सुविधा और स्वास्थ्य पर भी नजर रख रहे हैं.
जूनियर वर्ग में 300 तीरंदाज दिखा रहे दम
इधर, राष्ट्रीय तीरंदाजी प्रतियोगिता में जूनियर वर्ग के मुकाबले भी रोमांचक बने हुए हैं. रिकर्व और कंपाउंड वर्ग में करीब 300 बालक-बालिकाएं लक्ष्य पर निशाना साधकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं. उमस और गर्मी के बावजूद युवा तीरंदाज पूरे जोश, धैर्य और एकाग्रता के साथ अगले दौर में जगह बनाने के लिए मुकाबला कर रहे हैं.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए