बोकारो में पुलिस-जनता का नया प्रयोग: जानिए किरायेदारों की जानकारी न देने पर क्यों बढ़ सकती है मुश्किल
इंस्पेक्टर संजय कुमार का स्वागत करते पुलिस अधिकारियों की टीम व स्थानीय लोग | Prabhat Khabar Network
बोकारो में कम्युनिटी पुलिसिंग को प्रभावी बनाने के लिए पुलिस अधिकारियों की बैठक हुई. थाना प्रभारी ने जनता से संवाद और विश्वास बढ़ाने के निर्देश दिए.
बोकारो. माराफारी थाना परिसर में मंगलवार को कम्यूनिटी पुलिसिंग को प्रभावी बनाने को लेकर पुलिस अधिकारियों और जवानों की बैठक हुई. अध्यक्षता थाना प्रभारी इंस्पेक्टर संजय कुमार ने की. उन्होंने पुलिसकर्मियों को जनता के साथ लगातार संवाद स्थापित करने और उनके बीच पुलिस के प्रति विश्वास मजबूत करने की दिशा में काम करने का निर्देश दिया.
थाना प्रभारी ने कहा कि पुलिस जनता को यह भरोसा दिलाये कि उनकी सुरक्षा और शांति के लिए पुलिस लगातार काम कर रही है. किसी भी तरह की परेशानी होने पर लोग बिना झिझक पुलिस से संपर्क करें और पुलिस को मित्र के रूप में देखें. उन्होंने पुलिस अधिकारियों को जनता की कानूनी समस्याओं को गंभीरता से सुनने और जरूरत के अनुसार कानूनी जानकारी उपलब्ध कराने को कहा.
समाज की समस्याओं और कुरीतियों से भी करायें अवगत
इंस्पेक्टर संजय कुमार ने कहा कि पुलिस और जनता के बीच बेहतर तालमेल अपराध नियंत्रण में भी मददगार हो सकता है. पुलिसकर्मी समय-समय पर लोगों के साथ संवाद कर समाज में फैल रही कुरीतियों और उनसे होने वाले नुकसान के प्रति जागरूक करें. क्षेत्र के गणमान्य लोगों के साथ भी नियमित बैठक और चर्चा करने का निर्देश दिया गया.
उन्होंने कहा कि किसी क्षेत्र में अपराध की स्थिति और स्थानीय समस्याओं की जानकारी जनता के माध्यम से भी बेहतर तरीके से मिल सकती है. इसलिए पुलिसकर्मी आम लोगों के साथ संपर्क बनाये रखें और उनकी बातों को गंभीरता से सुनें.
संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की सूचना देने की अपील
थाना प्रभारी ने लोगों से अपील की कि यदि वे अपना मकान किराये पर देते हैं, तो किरायेदार से संबंधित आवश्यक जानकारी थाना को उपलब्ध करायें. इससे भविष्य में किसी तरह की कानूनी परेशानी की स्थिति में आवश्यक सत्यापन और कार्रवाई में मदद मिल सकती है.
उन्होंने कहा कि दिन हो या रात, क्षेत्र में घूमते हुए कोई संदिग्ध व्यक्ति या संदिग्ध गतिविधि नजर आये तो इसकी सूचना तत्काल थाना को दें. पुलिस और जनता के बीच सहयोग से क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया जा सकता है.
बैठक में एसआइ मुकेश कुमार, एएसआइ अरविंद कुमार समेत थाना के अन्य पुलिस अधिकारी और जवान मौजूद थे.
ये भी पढ़ें: हाईवे निर्माण से उपजी समस्याओं पर 25 को सांसद करेंगे स्थल निरीक्षण
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए